Get App

एक फेल ऑनलाइन पेमेंट ने खोला शख्स के चक्कर का राज, फार्मेसी के खुलासे पर कोर्ट जाने की तैयारी कर रहा पति

पति अपने प्रेमिका के लिए गर्भनिरोधक गोलियां खरीदने फार्मेसी गया था, जहां उसका पेमेंट फेल हो गया। इसका बकाया वसूलने के लिए फार्मेसी ने फोन किया, जो उसकी पत्नी को लग गया और पूरा राज खुल गया। यह खबर साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट में छपी है।

MoneyControl Newsअपडेटेड Aug 23, 2025 पर 9:29 PM
एक फेल ऑनलाइन पेमेंट ने खोला शख्स के चक्कर का राज, फार्मेसी के खुलासे पर कोर्ट जाने की तैयारी कर रहा पति
चीन के एक शख्स के एक्सट्रामराइटल अफेयर का राज एक फेल भुगतान ने खोल डाला।

सबसे पहले ये साफ कर दें कि ये मामला भारत का नहीं, चीन का है। यहां के एक पुरुष के चक्कर का राज एक अधूरे ऑनलाइन पेमेंट ने उसकी पत्नी के सामने खोल दिया। दरअसल, पति अपने प्रेमिका के लिए गर्भनिरोधक गोलियां खरीदने फार्मेसी गया था, जहां उसका पेमेंट फेल हो गया। इसका बकाया वसूलने के लिए फार्मेसी ने फोन किया, जो उसकी पत्नी को लग गया और पूरा राज खुल गया। एनडीटीवी ने इस खबर को द साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के हवाले से प्रकाशित किया है।

चीन के गुआंगदोंग प्रांत के यांगजियांग में एक आदमी दवा की दुकान में गर्भनिरोधक गोलियां खरीदने गया। इसके लिए उसे लगभग 200 रुपये अदा करने थे। उसने मोबाइल पेमेंट कोड के जरिए भुगतान करने की कोशिश की और एक ‘सिस्टम एरर’ की वजह से ये पेमेंट पूरा नहीं हुआ। फार्मेसी के स्टाफ ने पेमेंट के लिए उस शख्स के मेंबरशिप कार्ड से जुड़े मोबाइल नंबर पर फोन लगा दिया। ये कॉल गलती से उसकी पत्नी के नंबर पर चली गई, जिसने इस खरीद के बारे में जानकारी हासिल की। फार्मेसी स्टाफ ने बताया कि ये गर्भनिरोधक गोलियों के बिल के भुगतान के लिए है।

इस पूरी घटना पर उस शख्स ने कहा कि इस घटना से दो परिवार बर्बाद हो गए और इसका आरोप फार्मेसी पर मढ़ दिया। शख्स ने दवा की रसीद और यांगजियांग सार्वजनिक सुरक्षा ब्यूरो की गाओक्सिन शाखा के अंतर्गत पिंगगांग पुलिस स्टेशन द्वारा 12 अगस्त को जारी की गई पुलिस रिपोर्ट पेश की। हेनान जेजिन लॉ फर्म के निदेशक फू जियान ने एलिफेंट न्यूज को बताया कि वह व्यक्ति कानूनी कार्रवाई करने की कोशिश कर सकता है, लेकिन यह मुश्किल होगा।

फू ने कहा, ‘एक तरफ परिवार टूटने का मुख्य कारण उसकी बेवफाई है और उसे अपनी हरकतों की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। दूसरी तरफ, अगर फार्मेसी ने उसकी निजता भंग की है तो उसके लिए उन्हें कानून जिम्मेदार ठहराया जा सकता है।’

फू ने कहा कि शख्स को पुख्ता सबूत देने होंगे कि फार्मेसी के खुलासे और उसकी शादी टूटने के बीच सीधा संबंध है। उन्होंने कहा कि फोन कॉल कानूनी है और शादी तोड़ने के मकसद से किया गया नहीं लगता है। इस वजह से व्यक्ति के अधिकारों का हनन होने की बात साबित करना मुश्किल होगा।

इससे पहले चीनी महिला ने अपने पति के किराए के घर में छुपा कर कैमरा लगाने की घटना का पता चला था, जहां वह अपनी प्रेमिका के साथ रहता था। महिला ने उनके विवाहेतर संबंधों का खुलासा करने के लिए वो वीडियो ऑनलाइन लीक कर दिए। कोर्ट ने महिला को वीडियो डिलीट करने का निर्देश तो दिया, लेकिन प्रमिका की हरजाना या माफी की मांग को खारिज कर दिया।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें