एक बाल्टी पानी वाली ये ट्रिक आपके AC की कूलिंग को बढ़ा देगी, पैसे भी बचाइएगी
गर्मी में AC चलाने के बावजूद अगर कमरा जल्दी ठंडा नहीं हो रहा है, तो जरूरी नहीं कि मशीन खराब हो। कई बार तेज गर्मी और बाहरी तापमान भी इसकी कूलिंग को प्रभावित करते हैं। ऐसे में कुछ आसान उपाय AC की कार्यक्षमता बढ़ाने और बेहतर ठंडक पाने में मददगार साबित हो सकते हैं
AC का आउटडोर यूनिट घर के अंदर की गर्मी को बाहर निकालने का काम करता है।
गर्मियों का मौसम आते ही घरों में AC की जरूरत कई गुना बढ़ जाती है। तेज धूप और बढ़ते तापमान से राहत पाने के लिए लोग घंटों एयर कंडीशनर चलाते हैं। लेकिन कई बार ऐसा होता है कि AC लगातार चलने के बावजूद कमरा उम्मीद के मुताबिक ठंडा नहीं हो पाता। ऐसे में अधिकांश लोगों को लगता है कि मशीन में कोई तकनीकी खराबी आ गई है या फिर उसे सर्विसिंग की जरूरत है। हालांकि हर बार वजह यही नहीं होती। कई बार बाहरी मौसम की स्थिति और कुछ छोटी-छोटी बातें भी AC की कार्यक्षमता को प्रभावित कर सकती हैं।
खासकर भीषण गर्मी के दिनों में एयर कंडीशनर को सामान्य से ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जिसका असर उसकी कूलिंग पर दिखाई देता है। अच्छी बात यह है कि कुछ आसान और घरेलू उपायों की मदद से AC की परफॉर्मेंस को बेहतर बनाने और ठंडक का अनुभव बढ़ाने में सहायता मिल सकती है।
आखिर गर्मी में क्यों कमजोर पड़ जाता है AC?
AC का आउटडोर यूनिट घर के अंदर की गर्मी को बाहर निकालने का काम करता है। लेकिन जब बाहर का तापमान 44 डिग्री या उससे ज्यादा हो जाता है, तो यूनिट के लिए गर्मी बाहर निकालना मुश्किल हो जाता है। नतीजा यह होता है कि AC को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, कमरा धीरे-धीरे ठंडा होता है और बिजली की खपत बढ़ जाती है।
एक बाल्टी पानी कैसे बदल सकती है खेल?
आउटडोर यूनिट की कॉइल्स पर पानी डालने से पानी तेजी से वाष्पित होता है। इस प्रक्रिया में कॉइल्स की गर्मी कम हो जाती है, जिससे यूनिट को गर्मी बाहर निकालने में आसानी होती है। ठीक वैसे ही जैसे पसीना शरीर को ठंडा करने में मदद करता है। इससे AC बेहतर तरीके से काम कर पाता है और कूलिंग भी तेज महसूस होती है।
किन शहरों में ज्यादा असरदार है यह तरीका?
यह ट्रिक खासतौर पर उन इलाकों में ज्यादा कारगर मानी जाती है, जहां गर्मी के साथ नमी कम होती है। दिल्ली, जयपुर, अहमदाबाद और नागपुर जैसे शहरों में इसका बेहतर असर देखने को मिल सकता है। वहीं मुंबई और चेन्नई जैसे अधिक नमी वाले क्षेत्रों में इसका फायदा अपेक्षाकृत कम हो सकता है।
पानी डालते समय इन बातों का रखें ध्यान
आउटडोर यूनिट बारिश झेलने के लिए डिजाइन की जाती है, लेकिन फिर भी सावधानी जरूरी है। पानी डालने से पहले AC की बिजली पूरी तरह बंद कर दें। हल्के पानी की धार या बाल्टी का इस्तेमाल करें। प्रेशर वॉशर या तेज धार वाले पानी का प्रयोग न करें, क्योंकि इससे यूनिट की पतली फिन्स को नुकसान पहुंच सकता है।
कॉइल्स पर डालें पानी, वायरिंग से रखें दूरी
पानी केवल यूनिट की बाहरी कॉइल्स और फिन्स पर डालें। इलेक्ट्रिकल पैनल, वायरिंग और कंट्रोल बोर्ड वाले हिस्सों को पानी से बचाना जरूरी है। सफाई या पानी डालने के बाद कुछ समय तक यूनिट को सूखने दें, फिर ही उसे चालू करें।
बिजली का बिल भी हो सकता है कम
जब AC को कम मेहनत करनी पड़ती है, तो उसका कंप्रेसर जल्दी अपना काम पूरा कर लेता है। इससे बिजली की खपत कम हो सकती है। नियमित अंतराल पर आउटडोर यूनिट की सफाई करने से धूल-मिट्टी भी हटती रहती है, जिससे मशीन की कार्यक्षमता बेहतर बनी रहती है।
छोटी सी ट्रिक, बड़ा फायदा
गर्मियों में AC की बेहतर कूलिंग और थोड़ी बिजली बचत के लिए यह आसान उपाय मददगार साबित हो सकता है। हालांकि यह कोई स्थायी समाधान नहीं है, लेकिन भीषण गर्मी के दिनों में आउटडोर यूनिट को थोड़ी राहत देकर AC की परफॉर्मेंस बेहतर की जा सकती है।