Amazon ने लगाया ऐसा चार्ज कि भड़क गए खरीदार, इंटरनेट पर पूछा- ‘ये नया स्कैम है क्या?’

Amazon India की ‘Open Box Inspection’ फीस को लेकर सोशल मीडिया पर ग्राहकों में नाराजगी देखने को मिल रही है। कुछ यूजर्स ने इस अतिरिक्त चार्ज पर सवाल उठाते हुए अपने अनुभव साझा किए हैं। एक पोस्ट वायरल होने के बाद यह बहस तेज हो गई है और कंपनी की इस पॉलिसी पर चर्चा शुरू हो गई।

अपडेटेड Jul 21, 2026 पर 4:25 PM
Amazon की इस सुविधा को लेकर कई यूजर्स ने अपनी नाराजगी जाहिर की।

Amazon India की ‘Open Box Inspection’ फीस को लेकर सोशल मीडिया पर नई बहस छिड़ गई है। कुछ ग्राहकों ने इस अतिरिक्त चार्ज पर सवाल उठाते हुए पूछा है कि सामान की जांच जैसी प्रक्रिया के लिए उन्हें अलग से भुगतान क्यों करना चाहिए। मामला तब चर्चा में आया जब एक X यूजर ने अपनी पुरानी पोस्ट दोबारा साझा करते हुए Amazon India की इस सुविधा पर आपत्ति जताई।

यूजर ने दावा किया कि एक महंगे ऑर्डर पर उनसे Open Box Inspection के नाम पर अतिरिक्त शुल्क लिया गया। पोस्ट वायरल होने के बाद कई अन्य ग्राहकों ने भी अपने अनुभव साझा किए और इस पॉलिसी को लेकर नाराजगी जाहिर की। वहीं, Amazon ने ग्राहकों की शिकायतों पर जवाब देते हुए मदद का भरोसा दिया है।

ग्राहक का सवाल


पुरानी पोस्ट में यूजर ने लिखा था कि इस सुविधा को मना करने का विकल्प नहीं दिया जा रहा और जांच के बाद रिटर्न या रिप्लेसमेंट को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने पूछा था, “अगर सामान जांच के बाद खराब निकलता है तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होगी?” कुछ समय बाद उन्होंने दोबारा पोस्ट करते हुए दावा किया कि यह चार्ज अब बढ़कर ₹149 हो गया है। उन्होंने लिखा कि ग्राहक पैसे देकर किसी और से अपना सामान खुलवाता है और फिर रिटर्न या रिप्लेसमेंट के अधिकार को लेकर परेशानी झेलता है।

Amazon ने दिया जवाब

पोस्ट वायरल होने के बाद Amazon India ने X पर जवाब देते हुए ग्राहक की समस्या पर खेद जताया। कंपनी ने कहा कि Open Box Inspection से जुड़े रिटर्न और रिप्लेसमेंट मामले में ग्राहक सपोर्ट टीम से संपर्क कर सकते हैं।

सोशल मीडिया पर ग्राहकों ने उठाए कई सवाल

Amazon की इस सुविधा को लेकर कई यूजर्स ने अपनी नाराजगी जाहिर की। कुछ लोगों का कहना था कि प्रोडक्ट की सही डिलीवरी और ग्राहक को सुरक्षित खरीदारी का अनुभव देना ई-कॉमर्स कंपनियों की जिम्मेदारी है, इसके लिए अलग से चार्ज नहीं लिया जाना चाहिए।

एक यूजर ने टिप्पणी की कि यह कंपनियों की “बेसिक जिम्मेदारी” है और इसके लिए ग्राहक से अतिरिक्त पैसे लेना सही नहीं है। वहीं कुछ लोगों ने ग्राहकों को सलाह दी कि वे बड़े ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर निर्भर रहने के बजाय कंपनियों की आधिकारिक वेबसाइट से खरीदारी करें।

Flipkart से तुलना, यूजर्स ने बताया अपना अनुभव

बहस के बीच कुछ यूजर्स ने Flipkart की Open Box Delivery का उदाहरण भी दिया। एक यूजर ने बताया कि Flipkart पर उन्हें यह सुविधा बिना अतिरिक्त शुल्क के मिली, जहां डिलीवरी एजेंट ने उन्हें सामान अच्छी तरह जांचने का समय दिया और संतुष्ट होने के बाद ही OTP लिया।

ग्राहक का दावा- बॉक्स खुला, लेकिन सामान फिर भी गलत निकला

एक अन्य यूजर ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि Open Box Inspection के बावजूद उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि डिलीवरी के समय प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब उन्होंने कुछ घंटे बाद पैकेज खोला तो अंदर अलग प्रोडक्ट मिला और रिटर्न शुरू करवाना काफी मुश्किल रहा।

Open Box Inspection पर बढ़ती बहस

Open Box Inspection का उद्देश्य ग्राहकों को गलत या खराब प्रोडक्ट मिलने से बचाना है, लेकिन अब बहस इस बात पर है कि इसकी लागत ग्राहक से ली जानी चाहिए या नहीं। सोशल मीडिया पर उठ रहे सवाल बताते हैं कि ग्राहक सुविधा और अतिरिक्त शुल्क के बीच संतुलन बनाना ई-कॉमर्स कंपनियों के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।

सिर्फ टेक्नोलॉजी नहीं, स्टीव जॉब्स की सफलता का एक राज थीं ये 5 किताबें, जिन्होंने बदल दी उनकी सोच!

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।