GTA 6: अमेरिकी स्टार्टअप ने 36 साल के गेमर को 100,000 डॉलर से ज्यादा की सैलरी पर दी जॉब, GTA 6 खेलने के साथ करना होगा ये काम
GTA 6: कैलिफोर्निया के 36 वर्षीय स्ट्रीमर को 'कलशी' (Kalshi) में एक अच्छी-खासी सैलरी वाली नौकरी मिली है। उनका काम GTA 6 खेलना, इसकी वर्चुअल इकॉनमी को समझना और अपने अनुभवों को दर्शकों के साथ साझा करना है।
कंपनी के जॉब डिस्क्रिप्शन में लिखा था- "हमें ऐसे व्यक्ति की तलाश है, जिसके माता-पिता ने कभी कहा हो कि वीडियो गेम खेलने से घर का खर्च नहीं चल सकता। वे गलत थे और आप उन्हें बता सकते हैं कि हमने ऐसा कहा है।
GTA 6: वीडियो गेम खेलकर आजीविका कमाना अब सिर्फ एक सपना नहीं रह गया है, कम से कम कैलिफोर्निया के एक स्ट्रीमर के लिए तो नहीं। 36 वर्षीय क्लिफ सैवेज को अमेरिका के प्रेडिक्शन मार्केट स्टार्टअप 'कलशी' (Kalshi) में एक अच्छी सैलरी वाली नौकरी मिल गई है। कंपनी ने उन्हें 'ग्रैंड थेफ्ट ऑटो VI' (GTA 6) के लिए एक समर्पित रिसर्चर के तौर पर काम पर रखा है।
नौकरी के इस अनोखे अवसर ने ऑनलाइन काफी ध्यान खींचा। कलशी को इस पद के लिए 33,000 से अधिक आवेदन मिले। आखिरकार कंपनी ने सैवेज को चुना। 'X' (ट्विटर) पर इस नियुक्ति की घोषणा करते हुए कलशी के CEO तारेक मंसूर ने बताया कि कई आवेदनों में से सैवेज का आवेदन "सबसे अलग" था।
नए रिसर्चर के सफर के बारे में बताते हुए मंसूर ने कहा कि सैवेज ने अपने करियर की शुरुआत 'साउंडक्लाउड' (SoundCloud) पर एक आर्टिस्ट के तौर पर की थी। बाद में उन्हें लाइव-स्ट्रीमिंग के बारे में पता चला और वे 'ट्विच' (Twitch) पर आ गए। ऑनलाइन अपनी पहचान बनाने में काफी समय बिताने के बावजूद सैवेज की हर स्ट्रीम पर औसतन केवल 30 दर्शक ही आते थे।
इस पद के लिए कॉन्ट्रैक्ट की अवधि के दौरान 100,000 से 120,000 डॉलर की बेस सैलरी तय की गई है, साथ ही 15,000 डॉलर का गेमिंग और स्ट्रीमिंग बोनस भी मिलेगा। चुने गए उम्मीदवार को 19 नवंबर को GTA 6 के रिलीज होने पर आधी रात से ही गेम खेलना शुरू करना था और हर दिन 10 घंटे से ज्यादा समय गेम को एक्सप्लोर करने में बिताना था।
कौन हैं 36 वर्षीय GTA 6 रिसर्चर क्लिफ सैवेज?
सैवेज की नियुक्ति इसलिए भी दिलचस्प है क्योंकि वे उन जाने-माने गेमिंग हस्तियों में से नहीं हैं, जिनके ऑनलाइन बहुत सारे फॉलोअर्स हैं। इस मौके को पाने से पहले कैलिफोर्निया के रहने वाले सैवेज अपना समय ट्विच पर वीडियो गेम की लाइव-स्ट्रीमिंग करने और कभी-कभार छोटे-मोटे काम (गिग इकॉनमी) करने में बिताते थे।
ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के अनुसार जब सैवेज को उनके चुने जाने की खबर मिली, तब वे केवल 28 दर्शकों के लिए लाइव-स्ट्रीमिंग कर रहे थे। दिलचस्प बात यह है कि कलशी टीम के एक सदस्य, जो उनकी स्ट्रीम देखते थे, उन्होंने ही लाइव के दौरान उन्हें यह बड़ी खुशखबरी दी।
इस अप्रत्याशित घोषणा से सैवेज बेहद खुश हुए और अपनी खुशी को रोक नहीं पाए। उन्होंने कहा- "भाई! ऐसा हो ही नहीं सकता! फिर जमीन पर गिर पड़ा। खबर सुनकर वह काफी भावुक हो गया और बोला- "मेरे पूरे शरीर में सिहरन दौड़ गई है।" बाद में उस जबरदस्त अनुभव के बारे में बताते हुए सैवेज ने कहा- "मेरा पूरा शरीर सुन्न हो गया था।"
हाल ही में नियुक्त किए गए रिसर्चर भी इस मौके का पूरा फायदा उठाने के लिए पूरी तरह तैयार दिख रहे हैं। इस घोषणा के बाद उन्होंने X (ट्विटर) पर एक बड़ा बयान देते हुए लिखा- "मैं GTA 6 के लिए वैसी ही रिसर्च करूंगा जैसी जेफ बेजोस ने अमेजन के लिए की थी।"
GTA 6 रिसर्चर के तौर पर क्लिफ सैवेज क्या करेंगे?
भले ही कई लोगों को वीडियो गेम खेलकर पैसे कमाना एक 'ड्रीम जॉब' लग सकता है, लेकिन सैवेज की जिम्मेदारियां सिर्फ मिशन पूरे करने या गेम की काल्पनिक दुनिया को एक्सप्लोर करने तक सीमित नहीं हैं। उनका मुख्य काम 'लियोनिडा' (Leonida) की वर्चुअल इकॉनमी की जांच करना होगा।
यह एक काल्पनिक अमेरिकी राज्य है, जहां GTA 6 की कहानी सेट है। वे गेम के अंदर होने वाली अलग-अलग आर्थिक गतिविधियों पर नजर रखेंगे, जैसे कि प्रॉपर्टी की कीमतें, बिजनेस, छोटे-मोटे काम (side hustles) और वे अलग-अलग तरीके जिनसे खिलाड़ी गेम के अंदर वर्चुअल पैसे कमा सकते हैं।
इस रोल में उन्हें गेम की मुख्य कहानी (स्टोरीलाइन) को पूरा करना होगा, इसके फीचर्स को समझना होगा और गेम के आर्थिक इकोसिस्टम के बारे में लगातार अपडेट और अपनी ऑब्जर्वेशन दर्शकों के साथ शेयर करनी होंगी। संक्षेप में कहें तो सैवेज का काम यह देखना होगा कि गेम की वर्चुअल दुनिया में पैसे का लेन-देन कैसे होता है। साथ ही वे ऐसे दिलचस्प आर्थिक ट्रेंड्स की पहचान करेंगे, जिनसे गेमप्ले को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिल सके।
कालशी (Kalshi) ने कम फॉलोअर्स वाले स्ट्रीमर को क्यों चुना?
इस नियुक्ति की सबसे दिलचस्प बात यह है कि कई बड़े गेमिंग स्ट्रीमर्स (जिनके फॉलोअर्स की संख्या बहुत ज्यादा है) के आवेदन मिलने के बावजूद कालशी ने सैवेज को चुना। खबरों के अनुसार कंपनी ने आवेदकों की मौजूदा लोकप्रियता के बजाय गेम को लेकर एक निष्पक्ष (unbiased) समझ रखने वाले व्यक्ति को प्राथमिकता दी। कालशी की ग्रोथ टीम के सदस्य सलमान सोहानी ने ब्लूमबर्ग न्यूज से बात करते हुए इस फैसले के पीछे की वजह बताई।
सोहानी ने कहा- "हम अपनी टीम में एक ऐसा व्यक्ति चाहते थे, जो गेमप्ले को लेकर एक निष्पक्ष नजरिया और समझ रख सके।" इससे पहले लिंक्डइन (LinkedIn) पर इस अनोखी वैकेंसी की घोषणा करते हुए कालशी ने इसे एक मजेदार अंदाज में पेश किया था। उन्होंने इसे उन लोगों के लिए एक मौके के रूप में बताया, जिनके गेमिंग के शौक को कभी भी करियर का एक अच्छा विकल्प नहीं माना गया।
कंपनी के जॉब डिस्क्रिप्शन में लिखा था- "हमें ऐसे व्यक्ति की तलाश है, जिसके माता-पिता ने कभी कहा हो कि वीडियो गेम खेलने से घर का खर्च नहीं चल सकता। वे गलत थे और आप उन्हें बता सकते हैं कि हमने ऐसा कहा है।" इस नियुक्ति ने यह उजागर किया है कि गेमिंग उद्योग में किस तरह के अनोखे करियर अवसर सामने आ रहे हैं, जहां गेमप्ले विश्लेषण, स्ट्रीमिंग और वर्चुअल इकॉनमी को समझने जैसे कौशल का पेशेवर इस्तेमाल बढ़ता जा रहा है।