Viral Video: सोशल मीडिया पर इस समय जीवनसाथी के चुनने को लेकर पोस्ट काफी वायरल हो रहा है। शादी की बात चलने के दौरान एक युवक और युवती के बीच विवाद हो गया। दोनों ने शादी के बाद की जिंदगी को लेकर अपनी पसंद बताई। युवक सालाना 30 लाख रुपये कमाता है। उसने अपनी होने वाली पत्नी को लेकर कुछ बातें रखीं, जो युवती को पसंद नहीं आईं। इसके बाद दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों परिवारों के बीच भी विवाद शुरू हो गया। अब इस मामले पर सोशल मीडिया यूजर्स की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
युवक ने रिश्ता बढ़ाने से किया इनकार
30 लाख रुपये सालाना कमाने वाले एक युवक ने शादी का रिश्ता आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया, क्योंकि वह नौकरी करने वाली जीवनसाथी चाहता था। ये मामला तब चर्चा में आया, जब X यूजर शीतल रिझवानी ने अपनी दोस्त का एक्सपीरिएंस शेयर किया। उनके मुताबिक, 'युवक को जब पता चला कि युवती शादी के बाद नौकरी नहीं करना चाहती है, तो उसने इस रिश्ते को आगे न बढ़ाने का फैसला कर लिया।'
शादी के बाद नहीं करनी थी नौकरी
बातचीत का जिक्र करते हुए रिझवानी ने बताया कि, "युवक नौकरी करने वाली जीवनसाथी चाहता था और उसने अपनी यह इच्छा साफ कर दी थी। इस बात पर युवती नाराज हो गई और उसने युवक को महिला विरोधी सोच वाला बताया। युवती का आरोप था कि युवक अपनी होने वाली पत्नी की पसंद पर रोक लगाना चाहता है। उसने अपने परिवार से भी कहा कि युवक की सोच छोटी है, उसमें बुनियादी शिष्टाचार की कमी है और उसे महिलाओं से बात करने का सही तरीका नहीं आता।"
बताया जा रहा कि, बातचीत के बाद भी दोनों के बीच विवाद खत्म नहीं हुआ। युवती ने इस मामले की जानकारी अपने परिवार को दी, जिससे युवक के घरवाले नाराज हो गए। रिझवानी के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच कारोबारी संबंध भी हैं, जिसके चलते यह मामला और उलझ गया। युवती के रिएक्शन पर सवाल उठाते हुए रिझवानी ने कहा कि, हर व्यक्ति को अपने होने वाले जीवनसाथी से कुछ उम्मीदें रखने और अपनी पसंद बताने का अधिकार है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर युवती को अपनी पसंद के अनुसार जीवनसाथी चुनने का हक है, तो युवक को भी अपनी पसंद रखने का हक मिलना चाहिए। आखिर पसंद और नापसंद का फैसला करना हर किसी का निजी अधिकार है।
लोगों ने दिया ऐसा रिएक्शन
इस पोस्ट पर कई लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी। इनमें से ज्यादातर यूजर्स ने युवक के नौकरी करने वाली जीवनसाथी चुनने के फैसले का समर्थन किया। एक यूजर ने लिखा कि, 'हर व्यक्ति को अपनी पसंद का जीवनसाथी चुनने का अधिकार है और इसमें कुछ भी गलत नहीं है।' वहीं, एक अन्य यूजर ने कहा कि, 'शादी में पति-पत्नी से उम्मीदें पारंपरिक महिला और पुरुष की भूमिकाओं के आधार पर तय नहीं होनी चाहिए।' यूजर के मुताबिक, 'युवती खुद अपनी पसंद के फैसले लेने की आजादी चाहती है, लेकिन वह पति से केवल कमाने वाले व्यक्ति की भूमिका निभाने की उम्मीद कर रही है।'