बेंगलुरु के एक रेस्टोरेंट को गाना बदलना पड़ा महंगा, डिनर पर पहुंची दो ऑफिस टीम के बीच जमकर हुआ झगड़ा

बेंगलुरु में दो ऑफिस टीम के बीच डिनर के दौरान हालात तब अचानक बदल गए, जब दोनों ग्रुप के सहकर्मियों के बीच तीखी बहस हो गई। इस घटना से एक कर्मचारी काफी शॉक्ड हुआ और सोशल मीडिया पर पूरा वाक्या शेयर किया है।

अपडेटेड Nov 21, 2026 पर 2:13 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
वेन्यू से बाहर निकलने के बाद भी बहस जारी रही। उस व्यक्ति ने बताया कि वह इस बात से काफी परेशान था कि जिन लोगों को वह हमेशा मिलनसार सहकर्मी के रूप में जानता था, वे इतनी छोटी सी बात पर इतने हाइपर कैसे हो गए।

बेंगलुरु में एक टीम डिनर के दौरान माहौल तब खराब हो गया, जब दो ऑफिस टीमों के कर्मचारियों के बीच एक गाना बदलने को लेकर तीखी बहस हो गई। खाने-पीने, म्यूजिक और डांस के साथ हैप्पी शाम जल्द ही बहसबाजी में बदल गई। स्थिति को संभालने के लिए सिक्योरिटी गार्ड्स को बीच-बचाव करना पड़ा।

एक कर्मचारी, जो अपने एक साथी की टूटी हुई चप्पल के लिए ग्लू खरीदने कुछ देर के लिए बाहर गया था, जब वापस लौटा तो उसने देखा कि वहां का माहौल पूरी तरह बदल चुका था। इस घटना से वह हैरान रह गया, खासकर इसलिए क्योंकि वह रोज इन्हीं साथियों को एक साथ काम करते और हंसी-मजाक करते देखता है।

एक गाने को लेकर हुई बहस


रेडिट (Reddit) के 'r/BangaloreSocial' पर अपना अनुभव साझा करते हुए उस यूजर ने लिखा- "हमारे ऑफिस का टीम डिनर एक गाने को लेकर सहकर्मियों के बीच पूरी तरह से लड़ाई-झगड़े में बदल गया।" उसने बताया कि कंपनी आमतौर पर हर तीन महीने में एक टीम डिनर या आउटिंग का आयोजन करती है। इस बार दो टीमों के लगभग 30 कर्मचारी तय समय से पहले ही बाहर चले गए, क्योंकि उन्हें साल के अंत के बिल जमा करने थे।

जब ग्रुप के ज्यादातर लोग डांस कर रहे थे, तब वह व्यक्ति अपनी मेज पर बैठकर खाना खा रहा था। इसी दौरान एक साथी की चप्पल टूट गई, इसलिए वह दो अन्य लोगों के साथ फेविक्विक (Fevikwik) खरीदने चला गया। वे मुश्किल से पांच मिनट के लिए ही बाहर गए थे।

जब वे वापस लौटे तो म्यूजिक बंद हो चुका था और कोई भी डांस नहीं कर रहा था। लोग परेशान दिख रहे थे। उसे जल्द ही पता चला कि किसी के गाना बदलने पर कुछ सहकर्मियों के बीच बहस हो गई थी। यह विवाद तब और बढ़ गया जब दोनों टीमों के अन्य कर्मचारी भी इसमें शामिल हो गए। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि सिक्योरिटी गार्ड्स को दखल देना पड़ा।

Our office team dinner turned into a full-blown war between colleagues over a song by u/tjokpopin in BangaloreSocial

वेन्यू से बाहर निकलने के बाद भी बहस जारी रही। उस व्यक्ति ने बताया कि वह इस बात से काफी परेशान था कि जिन लोगों को वह हमेशा मिलनसार सहकर्मी के रूप में जानता था, वे इतनी छोटी सी बात पर इतने हाइपर कैसे हो गए। कुछ कर्मचारी तो अपना खाना खत्म किए बिना ही वहां से चले गए।

रेडिट यूजर्स ने ऑफिस की लड़ाई पर अपनी राय दी

इस पोस्ट पर कई प्रतिक्रियाएं आईं। एक यूजर ने इस अनुभव की तुलना स्कूल की किसी अहम घटना से चूक जाने से करते हुए कहा- "यह बिल्कुल वैसा ही है जैसे आप स्कूल न जाएं और उस दिन कोई बहुत अजीब घटना घट जाए, जिसके बारे में आपको ठीक से पता भी न चले क्योंकि कोई भी इसके बारे में साफ-साफ बात नहीं करता।"

एक अन्य यूजर को लगा कि शायद ऑफिस की पहले से चल रही कोई समस्या इसकी वजह रही होगी। उन्होंने लिखा- "ऑफिस की कोई पुरानी टेंशन आखिरकार बाहर आ ही गई।" एक यूजर ने पूछा- "क्या इसमें शराब का भी हाथ था? अक्सर जब लोगों के मन में बहुत सी दबी हुई भावनाएं होती हैं जो किसी भी पल बाहर निकल सकती हैं, तो शराब ही ट्रिगर का काम करती है।"

एक व्यक्ति ने कहा कि वह तो बस अपना खाना खाता रहता। उसने लिखा- "मुझे समझ नहीं आता कि लोग खाना क्यों छोड़ देते हैं। सच कहूं तो मैं तो खाने की एक और प्लेट ले लेता और इन बेवकूफों की हरकतें देखकर मजे लेता lmao।" एक और यूजर ने ऑफिस डिनर का अपना ऐसा ही एक अनुभव साझा किया, जहां शराब के नशे में एक सहकर्मी की लाइव सिंगर्स के साथ बहस हो गई, क्योंकि वह अपनी मातृभाषा में कोई गाना गाना चाहता था।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।