Content Creator Tips: कंटेंट क्रिएटर के तौर पर करियर बनाने को अक्सर फॉलोअर्स की गिनती का खेल माना जाता है, लेकिन एक क्रिएटर ने दिखा दिया है कि सही नेगोशिएशन स्किल्स यानी मोलभाव करने की कला बड़ा अंतर पैदा कर सकती है। कंटेंट क्रिएटर पल्लवी ठाकुर ने हाल ही में शेयर किया कि कैसे महज 13,000 फॉलोअर्स होने के बावजूद उन्होंने ब्रांड कोलैबोरेशन के जरिए ₹34,000 कमाए।
एक वीडियो में उन्होंने विस्तार से बताया कि कैसे उन्होंने एक ब्रांड एजेंसी के साथ नेगोशिएट किया, दो डील हासिल कीं और कैंपेन को पूरा किया। एक पोस्ट में उन्होंने कहा, 'मैंने महज 13k फॉलोअर्स पर एक ही ब्रांड डील से ₹34,000 कमाए। आइए मैं आपको बताती हूं कि मैंने यह कैसे किया'। इस पोस्ट में उन्होंने उस डील के बारे में डिटेल में बात की है।
कैसे की डील पर नेगोशिएशन?
पल्लवी के मुताबिक, शुरुआत में एक एजेंसी ने उनसे एक नॉन-कोलैब रील और एक महीने के ऐड राइट्स के लिए उनका चार्ज पूछा। उन्होंने इन डिलिवरेबल्स के लिए ₹22,000 का कोटेशन दिया, लेकिन एजेंसी ने कहा कि उनका बजट ₹7,000 से ₹10,000 के बीच है।
एजेंसी के कम बजट वाले ऑफर को तुरंत स्वीकार करने के बजाय, पल्लवी ने काम की बारीकियों के बारे में पूछा और हर काम के लिए अलग-अलग चार्ज शेयर किए। उन्होंने बताया, 'तमाम नेगोशिएशन के बाद हमने ₹17,000 में डील लॉक कर दी'।
वैसे मौका यहीं खत्म नहीं हुआ। अगले ही दिन एजेंसी ने उनसे फिर संपर्क किया और बताया कि ब्रांड ने एक अन्य प्रोडक्ट के लिए भी उसी बजट में उनकी प्रोफाइल को चुना है। वह दूसरे कोलैबोरेशन के लिए भी तैयार हो गईं, जिससे कुल डील वैल्यू बढ़कर ₹34,000 हो गई।
प्रोडक्ट्स मिलने के बाद पल्लवी ने स्क्रिप्टिंग, शूटिंग, एडिटिंग और पोस्टिंग का काम पूरा किया। सभी डिलिवरेबल्स पूरे होने के बाद उन्होंने एजेंसी को अपना इनवॉइस शेयर किया। उन्होंने बताया कि इस काम का भुगतान 30 दिनों के बाद किया जाएगा।
सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रिया
पल्लवी ठाकुर के इस वीडियो ने ब्रांड कोलैबोरेशन, क्रिएटर्स की कमाई और नेगोशिएशन के महत्व पर एक नई बहस छेड़ दी है। उनके इस एक्सपीरियंस से ये साफ है कि केवल फॉलोअर्स की संख्या ही यह तय नहीं करती कि कोई क्रिएटर ब्रांड डील से कितना कमा सकता है।
वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए एक यूजर ने लिखा, 'आपके मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद।' वहीं एक अन्य व्यक्ति ने पूछा, 'आप कमर्शियल्स यानी चार्ज कैसे तय करती हैं?' जबकि तीसरे यूजर ने इसे बेहद इंफोर्मेटिव बताया।