आज के समय में कई युवा कंटेंट क्रिएशन को अपने करियर के रूप में चुन रहे हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर लोग अपनी पहचान बनाने के साथ अच्छी कमाई भी कर रहे हैं। कई लोग तो इसके लिए अपनी पक्की नौकरी तक छोड़ रहे हैं। हाल ही में अमेरिका की एक महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में महिला ने बताया कि कैसे उसने नर्स की नौकरी छोड़कर कंटेंट क्रिएशन को अपना फुल-टाइम करियर बना लिया। महिला ने इससे अबतक करीब 82 लाख रुपये की कमाई भी कर ली है। सोशल मीडिया पर ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
कंटेंट को बनाया फुल-टाइम करियर
कंटेंट क्रिएटर सारा एन ने इंस्टाग्राम पर अपनी सफलता की कहानी शेयर की है। शुरुआत में वह अपनी रोजमर्रा की जिंदगी के वीडियो शेयर करती थी। धीरे-धीरे उसे ब्रांड्स के साथ काम मिलने लगा और डेढ़ साल बाद उसने नर्स की नौकरी छोड़कर कंटेंट क्रिएशन को अपना फुल-टाइम करियर बना लिया। उन्होंने बताया कि, 'महज सात महीनों में ब्रांड के साथ काम करके उन्होंने करीब 82 लाख रुपये की कमाई की। इस कमाई ने उन्हें अपनी नर्सिंग की नौकरी छोड़कर सोशल मीडिया पर पूरा समय देने का हौसला दिया। सारा के मुताबिक, कंटेंट क्रिएशन से मिली आर्थिक सफलता ने उनके करियर को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाई।'
परिवार के साथ टाइम बिताना चाहती थी
वीडियो में सारा एन ने बताया कि, वह कंटेंट क्रिएशन और अपने परिवार के साथ समय बिताने के लिए नर्सिंग की नौकरी छोड़ रही हैं। उन्होंने कहा,'मैंने हाल ही में नर्स की नौकरी छोड़ दी है, ताकि कंटेंट बनाने पर ज्यादा ध्यान दे सकूं और अपने परिवार के साथ अधिक समय बिता सकूं। अब मैं आपको कमाई के वे आंकड़े दिखाने वाली हूं, जिन्होंने मुझे यह फैसला लेने का भरोसा दिया।'सोशल मीडिया पर कंटेंट बनाने की शुरुआत के दिनों को याद करते हुए बताया कि उस समय उन्हें भी संदेह था कि क्या लोग उनकी रोजमर्रा की जिंदगी देखना पसंद करेंगे।
सिंगल मदर की कोन देखेगा कहानी
उन्होंने कहा कि, करीब डेढ़ साल पहले वह इस सोच के साथ वीडियो बनाती थीं कि आखिर कौन एक ऐसी सिंगल मदर की जिंदगी में दिलचस्पी लेगा, जो नर्स होने के साथ घर और बच्चों की जिम्मेदारी भी संभालती है। लेकिन आज वह अपनी सफलता से बेहद खुश हैं। सारा ने कहा कि, उन्हें उम्मीद है कि उनकी कहानी से दूसरे लोगों को भी प्रेरणा मिलेगी और वे समझेंगे कि हर किसी के पास साझा करने के लिए अपनी एक खास कहानी होती है। अपनी कमाई के बारे में जानकारी देते हुए सारा एन ने बताया कि उनके शेयर किए गए आंकड़ों में केवल ब्रांड के साथ काम करके हुई कमाई शामिल है। इसमें डिजिटल प्रोडक्ट बेचने, सोशल मीडिया पर वीडियो के व्यूज और एफिलिएट लिंक से मिलने वाली आय को नहीं जोड़ा गया है।
करीब 1.75 करोड़ रुपये की कमाई की
ब्रांड के साथ काम शुरू करने को लेकर सारा एन ने बताया कि, उनकी पहली डील इसी साल मई में हुई थी। उन्होंने कहा कि उनकी कमाई सिर्फ ब्रांड पार्टनरशिप से हुई है। मई से लेकर अब तक उन्हें लगातार ब्रांड के ऑफर मिलते रहे हैं। हालांकि, कुछ महीनों में उन्हें ज्यादा काम मिला, जबकि कुछ महीनों में डील की संख्या कम रही। मई से नवंबर के बीच सारा ने कुल 1,87,785 डॉलर (करीब 1.75 करोड़ रुपये) की ब्रांड डील साइन कीं। वहीं ब्रांड डील से मिली पूरी रकम सारा एन के पास नहीं आई। उन्होंने बताया कि, कमाई का एक हिस्सा उनकी एजेंसी के कमीशन के रूप में चला गया। इसके अलावा, उन्हें अपनी आय पर लगने वाले टैक्स के लिए भी कुछ पैसे अलग रखने पड़े।
सारा एन ने बताया कि, उनकी एजेंसी ब्रांड्स के सामने उनके काम को पेश करती है और उनके साथ डील तय करने के लिए बातचीत भी करती है। इसके बदले एजेंसी को हर ब्रांड पार्टनरशिप से होने वाली कमाई का कुछ हिस्सा मिलता है। उन्होंने बताया कि वह अपनी कुल कमाई का करीब 25 से 35 प्रतिशत हिस्सा टैक्स भरने के लिए अलग रखती हैं। एजेंसी का कमीशन और टैक्स की रकम निकालने के बाद, सात महीनों में हुई ब्रांड डील से उनके पास करीब 88,071 डॉलर (लगभग 82.02 लाख रुपये) बचे।
सारा एन ने बताया कि उन्होंने सिर्फ सात महीनों में सोशल मीडिया से अपनी एक साल की नर्सिंग सैलरी से ज्यादा कमाई कर ली। उनकी इस सफलता की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने उन्हें बधाई दी और नौकरी छोड़कर फुल-टाइम कंटेंट क्रिएटर बनने के फैसले की तारीफ की। एक यूजर ने लिखा,'तुम पर गर्व है कि तुमने इतना बड़ा कदम उठाने का फैसला किया।'' एक अन्य यूजर ने उनकी तारीफ करते हुए लिखा कि यह बेहद शानदार उपलब्धि है। वहीं, एक यूजर ने कहा कि इस कमाई से वह अपना कर्ज चुकाने, घर खरीदने के लिए पैसे बचाने और बच्चों की पढ़ाई के खर्च में मदद कर सकती हैं।