अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को घूमने पहुंचे भारतीय YouTuber Anshu Bisht, जिन्हें ‘GamerFleet’ के नाम से जाना जाता है, के साथ ऐसा वाकया हुआ जिसकी उन्होंने शायद कल्पना भी नहीं की होगी। वह Burger King के एक आउटलेट में खाना लेने गए थे, लेकिन कुछ ही देर बाद उन्हें पता चला कि उनका स्मार्टफोन चोरी हो चुका है।
आनंद की जगह अचानक टेंशन में आए YouTuber ने जब CCTV फुटेज देखी तो मामला और भी हैरान करने वाला लगा। फुटेज में एक शख्स उनका फोन उठाकर रेस्टोरेंट से बाहर जाता दिखाई दिया।
CCTV में दिखा चोर, फोन लेकर स्कूटर से भागा
Anshu Bisht के मुताबिक, वह कुछ देर के लिए अपनी टेबल से खाना लेने गए थे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने मौका देखकर उनका फोन उठा लिया और वहां से निकल गया। CCTV फुटेज में कथित तौर पर वह शख्स फोन को अपने अंडरवियर में छिपाता नजर आया और इसके बाद स्कूटर से वहां से चला गया। YouTuber ने दूसरे डिवाइस की मदद से अपने फोन की लोकेशन ट्रैक कर ली थी। लेकिन लोकेशन पता चलने के बावजूद उन्होंने खुद चोर का पीछा करने या उससे भिड़ने का फैसला नहीं किया।
‘डर लग रहा था, इसलिए खुद नहीं गया’
Anshu ने बताया कि उन्हें डर था कि अगर वह खुद फोन लेने पहुंचते हैं तो मामला खतरनाक हो सकता है। इसलिए उन्होंने अमेरिका के इमरजेंसी नंबर 911 पर कॉल कर पुलिस को पूरी जानकारी दी। उन्होंने पुलिस को फोन की लाइव लोकेशन के बारे में बताया। इसके बाद जो हुआ, उसने उन्हें भी हैरान कर दिया।
कुछ ही सेकंड में पहुंची पुलिस, 3-4 गाड़ियों ने घेरा
YouTuber के अनुसार, पुलिस ने लोकेशन पर पहुंचकर कुछ ही समय में संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। मौके पर करीब 3-4 पुलिस गाड़ियां पहुंची थीं। उन्होंने बताया कि वह खुद वहां जाने की सोच रहे थे और मन में यह भी था कि पुलिस से पहले पहुंचकर उन्हें बता देंगे कि उनका फोन इसी जगह की लोकेशन दिखा रहा है। लेकिन जब तक वह कुछ कर पाते, पुलिस आरोपी को हिरासत में ले चुकी थी। उन्होंने कहा कि उस समय उन्हें यकीन ही नहीं हो रहा था कि पुलिस इतनी तेजी से पहुंचकर कार्रवाई कर चुकी है।
पुलिस की कार्रवाई से हुए बेहद प्रभावित
फोन वापस मिलने के बाद Anshu ने पुलिस के प्रति जमकर सम्मान जताया। उन्होंने खास तौर पर Colma Police Department की तारीफ की और कहा कि इस पूरे अनुभव के बाद उनके मन में वहां की पुलिस के लिए सम्मान और बढ़ गया है। हालांकि, उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि फोन वापस मिलने के बाद उसे इस्तेमाल करना थोड़ा अजीब लग रहा है, क्योंकि चोर ने उसे अपने अंडरवियर में छिपाकर रखा था।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई कहानी
Anshu के वीडियो के सामने आने के बाद यह घटना सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आ गई। कई यूजर्स ने पुलिस की तेज कार्रवाई की तारीफ की और राहत जताई कि फोन सुरक्षित वापस मिल गया। एक यूजर ने पुलिस की कार्रवाई को ‘सुपरफास्ट’ बताया, जबकि दूसरे ने कहा कि पूरी घटना किसी रोलरकोस्टर राइड जैसी थी, लेकिन अंत अच्छा रहा। कुछ लोगों ने इस घटना पर मजाक भी किया। एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि भारतीय पुलिस शायद इसे AI की कहानी बता देती। वहीं किसी ने मजाक किया कि फोन को अब ‘वॉशिंग मशीन’ की जरूरत पड़ सकती है।
हालांकि, यह पूरी कहानी Anshu Bisht द्वारा साझा किए गए सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है और इसके दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
(डिस्क्लेमर: यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर यूज़र द्वारा शेयर किए गए कंटेंट पर आधारित है। मनीकंट्रोल इन दावों की न तो स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है और न ही इनका समर्थन करता है।)