हर साल 1 अप्रैल को पूरी दुनिया हंसी और मजाक से गूंज उठती है, क्योंकि इस दिन मनाया जाता है 'अप्रैल फूल डे'। ये दिन खास होता है, जब लोग अपने दोस्तों, परिवार और सहकर्मियों के साथ हल्के-फुल्के मजाक करते हैं, शरारतें करते हैं और फिर बड़ी खुशी से कहते हैं "अप्रैल फूल।" इस दिन लोग झूठी खबरें फैलाते हैं, अजीबोगरीब प्रैंक प्लान करते हैं और दूसरों को हंसी का पात्र बना देते हैं। सभी इस दिन का पूरा लुत्फ उठाते हैं और अपनी क्रिएटिविटी से एक-दूसरे को बेवकूफ बनाते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि ये मजेदार दिन क्यों मनाया जाता है? अप्रैल फूल डे की शुरुआत कहां और कैसे हुई?
इस दिन का इतिहास क्या है और क्यों हर साल 1 अप्रैल को पूरी दुनिया हंसी-मजाक में डूबी रहती है?आइए जानते हैं इस दिन के रोमांचक इतिहास और कुछ मजेदार प्रैंक आइडियाज, जिन्हें आप अपने दोस्तों और परिवार को भेज सकते हैं और उन्हें हंसी से लोटपोट कर सकते हैं।
अप्रैल फूल डे के पीछे कई दिलचस्प कहानियां जुड़ी हुई हैं। इसकी शुरुआत 1381 में हुई मानी जाती है। कहा जाता है कि इंग्लैंड के राजा रिचर्ड द्वितीय और बोहेमिया की रानी एनी की सगाई की घोषणा 32 मार्च की तारीख पर की गई थी। लोगों ने इस खबर पर विश्वास कर लिया और उत्सव की तैयारियों में जुट गए। लेकिन बाद में उन्हें एहसास हुआ कि कैलेंडर में 32 मार्च जैसी कोई तारीख नहीं होती। तब जाकर उन्हें समझ आया कि उन्हें बेवकूफ बनाया गया है। यही मजाक आगे चलकर अप्रैल फूल डे के रूप में मशहूर हो गया। ब्रिटेन से शुरू हुआ ये प्रचलन धीरे-धीरे पूरी दुनिया में फैल गया। स्कॉटलैंड में इसे दो दिनों तक मनाया जाता है, जहां मजाक करने वालों को गॉक्स (कोयल पक्षी) कहा जाता है।
कैसे मनाया जाता है अप्रैल फूल डे?
इस दिन लोग एक-दूसरे के साथ हल्के-फुल्के मजाक करते हैं। कुछ लोग झूठी खबरें फैलाते हैं, तो कुछ ऐसे प्रैंक करते हैं कि सामने वाला चौंक जाता है। ये दिन मनोरंजन और हंसी-मजाक से भरपूर होता है।
अप्रैल फूल डे सिर्फ मजाक करने या प्रैंक खेलने के लिए नहीं, बल्कि खुशियां फैलाने का भी एक जरिया है। इस दिन लोग एक-दूसरे के साथ हंसी-मजाक करके अपने रिश्तों को और मजबूत करते हैं। चुटकुले और हंसी साझा करने से हर किसी के चेहरे पर मुस्कान आ जाती है, जो कि मानसिक और भावनात्मक रूप से भी फायदेमंद होता है।
चीनी की जगह नमक डाल दें: किसी दोस्त की चाय में चीनी की जगह नमक डाल दें और फिर उसका रिएक्शन देखें।
उल्टी स्क्रीन प्रैंक: अपने दोस्त के फोन की स्क्रीन को सेटिंग्स में जाकर "इन्फर्टेड मोड" पर सेट कर दें। फिर देखें, वो फोन को उल्टा घुमाकर भी ठीक करने की कोशिश करता रहेगा।
फेक ब्रेकिंग न्यूज: अपने दोस्तों को कोई अजीबोगरीब ब्रेकिंग न्यूज सुनाएं—"आज से मोबाइल में बैलेंस नहीं डालना पड़ेगा, सरकार ने फ्री कर दिया।"
साबुन पर पारदर्शी नेल पॉलिश: किसी के साबुन पर ट्रांसपेरेंट नेल पॉलिश लगा दें, फिर देखें वो घंटों रगड़ता रहेगा, लेकिन झाग ही नहीं बनेगा।
कॉल करें: अपने किसी दोस्त के मोबाइल में उनका नाम बदलकर "बॉस", "पुलिस", या "गर्लफ्रेंड" कर दें और फिर उन्हें बार-बार कॉल करें।