असम के रहने वाले माणिक अली के लिए यह जश्न मनाने का दिन था, क्योंकि उन्हें जिस 'आजादी' का लंबे वक्त से इंतजार था, आखिरकार वो उन्हें मिल ही गई। उन्होंने इसका जश्न एक अनोखे तरीके से मनाया - दूध से स्नान करके। लोअर असम के नलबाड़ी जिले के रहने वाले माणिक अली ने अपनी पत्नी से कानूनी रूप से अलग यानी तलाक लेने के बाद दूध से स्नान किया। एक वायरल वीडियो में, अली अपने घर के बाहर प्लास्टिक की शीट पर चार बाल्टी दूध के साथ खड़े दिखाई दे रहे हैं। वह एक के बाद एक बाल्टी से नहाते हैं और अपने तलाक का जश्न मनाते हैं।
अली ने पूरे जश्न को कैमरे में कैद किया और उन्हें यह कहते हुए सुना जा सकता है, "आज से मैं आजाद हूं।" यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं भी आ रही हैं।
वीडियो में अली को कहते हुए सुना जा सकता है, "वह बार-बार अपने प्रेमी के साथ भाग जाती रही। मैं परिवार की शांति बनाए रखने के लिए चुप रहा।"
स्थानीय लोगों के अनुसार, उनकी पत्नी पहले भी कम से कम दो बार घर से भाग चुकी थी, जिसके बाद दम्पति ने आपसी सहमति से कानूनी रूप से अपनी शादी तोड़ने का निर्णय लिया।
वायरल वीडियो में उन्होंने कहा, "मेरे वकील ने मुझे कल बताया कि तलाक फाइनल हो गया है। इसलिए, आज मैं अपनी आजादी का जश्न मनाने के लिए दूध से नहा रहा हूं।"