ऑस्ट्रेलिया की मशहूर HYROX एथलीट Joanna Wietrzyk ने बीजिंग में महिलाओं की प्रोफेशनल कैटेगरी जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 1 घंटे 1 मिनट 23 सेकंड में रेस पूरी की और पहला स्थान हासिल किया। लेकिन उनकी जीत की चर्चा उनकी परफॉर्मेंस से ज्यादा एक ऐसी घटना को लेकर होने लगी, जिसने खेल जगत और सोशल मीडिया दोनों में बहस छेड़ दी। रेस के दौरान Joanna को अचानक पेट से जुड़ी परेशानी हुई और वह अपने शरीर पर नियंत्रण नहीं रख पाईं। इसके बावजूद उन्होंने रेस नहीं छोड़ी और मुश्किल एक्सरसाइज पूरी करते हुए फिनिश लाइन तक पहुंचीं। बाद में सामने आए वीडियो और तस्वीरों में उनके कपड़ों और पैरों पर गंदगी दिखाई दी।
HYROX सिर्फ दौड़ने की प्रतियोगिता नहीं है। इसमें रनिंग के साथ स्लेज पुश, रोइंग, बर्पीज, लंजेस और वॉल बॉल जैसी कठिन एक्सरसाइज करनी होती हैं। कई जगह प्रतियोगियों को एक ही रास्ते और उपकरणों का इस्तेमाल करना पड़ता है। यही वजह है कि Joanna के रेस जारी रखने पर सवाल उठने लगे। आलोचकों का कहना था कि जैसे ही घटना सामने आई, आयोजकों को उन्हें रोक देना चाहिए था। उनका तर्क था कि इससे दूसरे खिलाड़ियों की स्वच्छता और स्वास्थ्य प्रभावित हो सकता था।
सोशल मीडिया पर बंटी लोगों की राय
घटना की तस्वीरें और वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई। कुछ लोगों ने इसे साफ-सफाई के लिहाज से बेहद गंभीर मामला बताया। उनका कहना था कि प्रतियोगिता में दूसरे एथलीट भी उसी जगह और उपकरणों का इस्तेमाल कर रहे थे। हालांकि, कई लोगों ने Joanna का बचाव भी किया। उनका कहना था कि यह कोई जानबूझकर किया गया काम नहीं था, बल्कि बेहद कठिन शारीरिक मेहनत के दौरान हुई एक मेडिकल समस्या थी। ऐसे में एथलीट को शर्मिंदा करने के बजाय उसकी स्थिति को समझना चाहिए।
आयोजकों ने बताया कैसे की गई सफाई
विवाद बढ़ने के बाद HYROX China ने बताया कि प्रभावित इलाकों को तुरंत बंद और अलग कर दिया गया था। दूषित उपकरणों को हटा दिया गया और कचरे को स्थानीय नियमों के मुताबिक निपटाया गया। इसके अलावा पूरे इलाके में डिसइंफेक्शन किया गया। आयोजकों ने यह भी कहा कि इवेंट खत्म होने के बाद संबंधित फर्श को बदल दिया जाएगा। हालांकि, आलोचकों का सवाल बना रहा कि अगर समस्या रेस के दौरान ही सामने आ गई थी तो उसी समय प्रतियोगिता को रोकने या एथलीट को हटाने की कार्रवाई क्यों नहीं हुई।
HYROX ने माना, नियमों में सामने आई कमी
मामले पर HYROX World ने भी बयान जारी किया। संगठन ने कहा कि मेडिकल इमरजेंसी और बायोकंटामिनेंट से जुड़ी प्रक्रियाएं पहले से मौजूद हैं, लेकिन बीजिंग की घटना में एलीट प्रतियोगिता और आम प्रतिभागियों वाली रेस के नियमों को लागू करने को लेकर कुछ अस्पष्टता सामने आई। संगठन ने माना कि खेल के बढ़ने के साथ नई और जटिल परिस्थितियां सामने आ रही हैं और नियमों को लगातार बेहतर करने की जरूरत है।
Joanna ने अस्पताल से दिया जवाब
विवाद के बीच Joanna ने अस्पताल के बिस्तर से सोशल मीडिया पर लिखा, “Go hard or go home… a win is a win.” उनके इस बयान पर भी मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आईं। समर्थकों ने उनके जज्बे की तारीफ की, जबकि आलोचकों ने कहा कि किसी भी जीत से पहले एथलीट और बाकी खिलाड़ियों की सुरक्षा व स्वच्छता को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।