Bengaluru: कई बार कर्मचारियों को अच्छी सुविधाएं देने के बाद भी उन्हें नौकरी में रोक पाना मुश्किल हो जाता है। बेंगलुरु के एक कैफे मालिक के साथ भी ऐसा ही हुआ। उनका कहना है कि उन्होंने कर्मचारियों के काम के घंटे कम रखे, जरूरत पड़ने पर पैसे दिए और हर तरह से उनकी मदद की। इसके बावजूद कई कर्मचारी नौकरी छोड़कर चले गए।
कोरमंगला में माटेकाका टी कैफे (Matekaka Tea Cafe) चलाने वाले ब्रिगेश ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर अपना अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि वह नहीं चाहते थे कि उनके कैफे में कर्मचारियों के साथ बुरा व्यवहार हो। लेकिन उनकी इन कोशिशों के बाद भी कर्मचारी लंबे समय तक उनके साथ नहीं टिके।
कर्मचारियों के लिए किए ये खास इंतजाम
ब्रिगेश ने बताया कि कैफे शुरू करते समय उन्होंने तय किया था कि कर्मचारियों के साथ अच्छा व्यवहार करेंगे। इसके लिए उन्होंने कुछ बदलाव भी किए।
फिर भी कर्मचारी नौकरी क्यों छोड़ रहे थे?
ब्रिगेश का कहना है कि इतनी सुविधाएं देने के बाद भी कई कर्मचारी नौकरी छोड़कर चले गए। कुछ लोग तो नौकरी शुरू करने के एक महीने बाद ही एडवांस पैसे मांगने लगे थे और वह उनकी मदद भी कर देते थे। लेकिन बाद में उन्हें लगा कि कर्मचारी उनके अच्छे व्यवहार को समझ नहीं रहे हैं। उनके मुताबिक, स्टाफ के साथ अच्छा व्यवहार करना जरूरी है, लेकिन काम के कुछ नियम होना भी जरूरी है।
IT की नौकरी छोड़कर कैसे शुरू किया चाय का बिजनेस?
ब्रिगेश ने IT कंपनी में करीब 8 साल काम किया, लेकिन उन्हें यह नौकरी पसंद नहीं थी। वह अपना कुछ काम शुरू करना चाहते थे। कोविड के दौरान उन्हें चाय का बिजनेस शुरू करने का ख्याल आया। दरअसल, बेंगलुरु के कोरमंगला इलाके में उन्हें अच्छी चाय की दुकान नहीं मिल रही थी।
इसके बाद उन्होंने घर पर ही अलग-अलग तरह की चाय बनानी शुरू की। फिर चाय के पर्चे छपवाकर आसपास की सोसायटियों में बांटे। शुरुआत में उन्हें 4-5 कप चाय के ऑर्डर मिलने लगे। धीरे-धीरे काम बढ़ा और उन्होंने अपना कैफे शुरू कर दिया।
वीडियो पर लोगों ने दी अलग-अलग राय
वीडियो पर कई लोग अपनी राय दे रहे हैं। कुछ लोग कैफे मालिक की बात से सहमत हैं, तो कुछ का कहना है कि कर्मचारियों की जरूरतों और परेशानियों को समझना भी जरूरी है।