Bengaluru horror: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सूटकेस में एक महिला की लाश मिली है। इस खौफनाक वारदात को महिला के पति ने ही अंजाम दिया है। गुरुवार (27 मार्च) को 32 वर्षीय महिला का शव एक सूटकेस में मिला। हत्या के बाद पति ने खुद अपनी पत्नी के माता-पिता को फोन कर इस भयावह अपराध की जानकारी दी। दोनों मूल रूप से महाराष्ट्र के रहने वाले थे। वे हाल ही में काम के लिए बेंगलुरु आए थे। रिपोर्ट के मुताबिक, पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या कर उसके शरीर के कई टुकड़े कर एक सूटकेस में भर दिया।
पुलिस ने बताया कि महिला की पहचान गौरी खेडेकर के रूप में हुई है, जो महाराष्ट्र की रहने वाली थी। पुलिस ने बताया कि महिला का पति राकेश राजेंद्र खेडेकर अपराध के बाद पुणे भाग गया। अधिकारियों ने बताया कि हत्या के सिलसिले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि गुरुवार शाम करीब साढ़े पांच बजे मकान मालिक ने पुलिस कंट्रोल रूम को इस संबंध में सूचना दी।
पुलिस उपायुक्त सारा फातिमा ने बताया कि महिला और उसका पति पिछले महीने बेंगलुरु आए थे। वे हुलीमायु पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत डोड्डाकम्मानहल्ली गांव में एक फ्लैट में रह रहे थे। उन्होंने बताया कि महिला का शव सूटकेस में मिला है। उन्होंने बताया कि महिला के शरीर पर चाकू के निशान मिले हैं।
उन्होंने न्यूज एजेंसी पीटीआई से कहा, "आरोपी को पुणे में हिरासत में लिया गया है और उसे बेंगलुरु लाया जा रहा है। उससे पूछताछ के बाद हत्या का मकसद पता चलेगा।" पुलिस ने आगे बताया कि हालांकि शव सुरक्षित था। लेकिन गर्दन और पेट पर गंभीर घाव थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बेंगलुरु दक्षिण-पूर्व डिवीजन की पुलिस उपायुक्त सारा फातिमा ने कहा, "राकेश और गौरी की शादी को दो साल हो चुके थे और दोनों महाराष्ट्र के रहने वाले थे। वे पिछले महीने काम के लिए बेंगलुरु चले गए थे। राकेश आईटी प्रोजेक्ट मैनेजर के तौर पर काम करता था। जबकि गौरी हाउस वाइफ थी। वह नौकरी की तलाश कर रही थी। पति अपराध के बाद भाग गया था, लेकिन हमने उसे गिरफ्तार कर लिया है।"
आरोपी को हिरासत में लेने के बाद हुलीमावु पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब हत्या के पीछे के मकसद की जांच कर रही है। हुलीमावु पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड हासिल करने के बाद पुणे पुलिस को अपराध के बारे में सूचित किया था। पुलिस की एक टीम शुक्रवार को उसे स्थानीय अदालत में पेश करने के लिए वापस बेंगलुरु लाएगी।