बेंगलुरु में अपना घर खरीदना कई लोगों का बड़ा सपना होता है, लेकिन जब इसी सपने की कीमत करोड़ों में हो और साथ में भारी होम लोन भी लेना पड़े, तो कहानी थोड़ी अलग हो जाती है। ऐसा ही मामला इन दिनों चर्चा में है, जहां 35 साल के एक शख्स ने ₹3.6 करोड़ का फ्लैट खरीदा है। खास बात यह है कि वह अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य हैं। इस घर के लिए उन्होंने ₹36 लाख डाउन पेमेंट किया और करीब ₹3.24 करोड़ का होम लोन लिया है। उनकी मासिक टेक-होम सैलरी करीब ₹4.3 लाख बताई गई है।
अब इतनी बड़ी देनदारी और लंबे समय की EMI को लेकर वह खुद भी चिंता में हैं। उनकी कहानी सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग सवाल कर रहे हैं कि इतनी बड़ी रकम का घर खरीदना समझदारी है या फिर यह आर्थिक जोखिम बन सकता है।
₹4.3 लाख महीने की कमाई, फिर भी सता रही चिंता
Reddit के r/indianrealestate पर शख्स ने अपनी आर्थिक स्थिति साझा करते हुए बताया कि उसकी मासिक टेक-होम सैलरी करीब ₹4.3 लाख है। नए घर के लिए उसने ₹36 लाख डाउन पेमेंट दिया है और बाकी रकम के लिए SBI से करीब ₹3.24 करोड़ का होम लोन लिया है। लोन की ब्याज दर 7.4 फीसदी बताई गई है और अवधि 30 साल रखी गई है। इतने बड़े कर्ज के बाद अब उसे चिंता सता रही है कि आने वाले वर्षों में इसे चुकाना कितना मुश्किल होगा।
EMI सुनकर क्यों बढ़ी टेंशन?
मौजूदा ब्याज दर और 30 साल की अवधि के हिसाब से ₹3.24 करोड़ के लोन की अनुमानित EMI करीब ₹2.24 लाख प्रति माह बैठ सकती है। यानी यह उसकी ₹4.3 लाख की मासिक टेक-होम सैलरी के आधे से भी ज्यादा हिस्सा ले जाएगी। हालांकि, असली EMI और भुगतान का तरीका अलग हो सकता है क्योंकि फ्लैट अभी निर्माणाधीन है और लोन की रकम चरणों में जारी की जा सकती है।
कहानी का दूसरा पहलू थोड़ा राहत देने वाला है। इस शख्स के पास पहले से बेंगलुरु में एक कर्जमुक्त 2BHK मौजूद है। उसके मुताबिक, इस घर की मौजूदा कीमत करीब ₹80 लाख है। यानी वह पूरी तरह बिना संपत्ति के नहीं है। जरूरत पड़ने पर वह इस घर को किराए पर देकर आमदनी बढ़ा सकता है या बेचकर नए लोन का बोझ कम करने पर विचार कर सकता है।
Reddit पर छिड़ी बहस घर रखें या डील छोड़ दें?
शख्स की पोस्ट के बाद Reddit पर लोगों की राय बंट गई। कुछ यूजर्स ने इतनी बड़ी वित्तीय जिम्मेदारी लेने पर चिंता जताई और सलाह दी कि अगर संभव हो तो खरीदारी पर दोबारा विचार किया जाए। वहीं, कुछ लोगों ने कहा कि मौजूदा 2BHK एक मजबूत वित्तीय सुरक्षा है। कुछ यूजर्स ने निर्माण पूरा होने तक ज्यादा से ज्यादा बचत करने और बाद में उस रकम से लोन का मूलधन कम करने की सलाह दी।
सिर्फ ₹13 लाख कैश रिजर्व ने बढ़ाई चिंता
सबसे ज्यादा ध्यान इस बात ने खींचा कि शख्स के पास फिलहाल करीब ₹13 लाख का कैश रिजर्व बताया गया है। करोड़ों के लोन और एक ही कमाने वाले सदस्य वाले परिवार के लिए यह रकम कई यूजर्स को कम लगी। इसके अलावा घर अभी निर्माणाधीन है और करीब चार साल में मिलने की उम्मीद है। इस दौरान ब्याज दरों और आय में बदलाव भी उसकी वित्तीय योजना को प्रभावित कर सकते हैं।
(डिस्क्लेमर: यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर यूज़र द्वारा शेयर किए गए कंटेंट पर आधारित है। मनीकंट्रोल इन दावों की न तो स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है और न ही इनका समर्थन करता है।)