बिहार में आसमानी अफत से लोगों के बीच हड़कंप मच गया है। मूसलाधार बारिश, आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली गिरने से 65 लोगों की मौत हो गई है। नालंदा में सबसे ज्यादा 22 लोगों की जान गई है। पेड़ गिरने, दीवार ढहने,उसके नीचे दबने से 38 की मौत हुई। मौसम बिगड़ने पर लोगों से बाहर नहीं निकलने की अपील की गई है। राज्य के सीएम नीतीश कुमार ने मुआवजे का भी ऐलान कर दिया है। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। नालंदा के ही इसलामपुर थाना क्षेत्र के बालमत बिगहा गांव में पुल ढह गया है।
बारिश की बात करें सबसे अधिक पटना में 42.6 मिलीमीटर बारिश हुई। अरवल में एनएच 139 पर विशाल पेड़ गिरने से घंटों लोग जाम में फंसे रहे। गया-मानपुर रेलवे ट्रैक पर शहीद ईश्वर चौधरी हॉल्ट के ट्रैक्शन का तार टूटकर गिर गया। वहीं किऊल-झाझा रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिर गया। खराब मौसम के कारण किसानों को काफी नुकसान का सामना करना पड़ा है। गेहूं की फसल बर्बाद हो गई। आम के टिकोले आंधी में झड़ गए। लीची को भी काफी नुकसान पहुंचा है।
सीएम नीतीश ने किया मुआवजे का ऐलान
नालंदा के रहुई प्रखंड के देकपुरा गांव में एक मुर्गी फॉर्म की दीवार गिर गई। जिसके मलबे में दबकर मां-बेटे की मौत हो गई। कोसी-सीमांचल और पूर्व बिहार में आकाशीय बिजली गिरने से 9 लोगों की मौत हो गई है। आंधी-पानी से प्रदेश में हुई मौत पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुआवजे का ऐलान किया है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। सीएम ने मृतक के आश्रितों को तत्काल 4-4 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान किया है।
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, आज (11 अप्रैल 2025) भी कई जिलों में एक या दो स्थानों पर तेज हवा के साथ बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज, सुपौल, मधुबनी, सहरसा, मधेपुरा, सीतामढ़ी, शिवहर, पश्चिम और पूर्वी चंपारण में बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। पटना के मौसम की बात करें तो आज सुबह धूप निकली है। ठंडी हवा ने तापमान में गिरावट आई है। हालांकि यहां भी मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर, बांका, जमुई, खगड़िया, बेगूसराय, नालंदा, नवादा, औरंगाबाद, कैमूर, बक्सर, रोहतास और भोजपुर में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।