प्यार समझकर जिस पर करती थी भरोसा, वो निकला AI का खेल! बॉयफ्रेंड का राज खुला तो हुआ ब्रेकअप
सोचा था हर ‘गुड मॉर्निंग’ मैसेज के पीछे बॉयफ्रेंड का प्यार है, लेकिन सच सामने आया तो पैरों तले जमीन खिसक गई। डेट प्लान करने से लेकर झगड़े सुलझाने तक, रिश्ते की कई जिम्मेदारियां कोई इंसान नहीं बल्कि AI निभा रहा था। जब महिला को इस राज का पता चला, तो उसने ऐसा फैसला लिया जिसने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी
बॉयफ्रेंड के प्यार में ऐसा क्या निकला कि लड़की के उड़ गए होश?
सोचिए, जिस बॉयफ्रेंड के मैसेज आपको दिनभर खास महसूस कराते हों, जिसके ‘गुड मॉर्निंग’ टेक्स्ट का आपको इंतजार रहता हो और जो हर छोटी-बड़ी बहस को समझदारी से सुलझा लेता हो, अगर एक दिन पता चले कि इन सबके पीछे आपका बॉयफ्रेंड नहीं बल्कि एक AI एजेंट था, तो कैसा लगेगा? कुछ ऐसा ही हैरान करने वाला दावा सोशल मीडिया पर सामने आया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, एक महिला ने अपने सैन फ्रांसिस्को स्थित बॉयफ्रेंड से रिश्ता इसलिए खत्म कर दिया क्योंकि उसे कथित तौर पर पता चला कि उसका पार्टनर उनकी रिलेशनशिप के कई हिस्सों को AI के हवाले कर चुका था।
‘गुड मॉर्निंग’ से लेकर डेट प्लान तक, सब AI के जिम्मे?
इस पूरी कहानी को X यूजर डेलिया लाज़ारेस्कु ने शेयर किया। उनके मुताबिक, उनकी सबसे अच्छी दोस्त ने हाल ही में अपने बॉयफ्रेंड से ब्रेकअप किया। जब उन्होंने इसकी वजह पूछी तो कथित तौर पर महिला ने बताया कि उसे पता चला कि उसका बॉयफ्रेंड एक AI एजेंट की मदद से उनकी पूरी रिलेशनशिप ‘मैनेज’ कर रहा था।
दावे के अनुसार, महिला जिन चीजों को अपने पार्टनर की तरफ से प्यार और परवाह समझती थी, उनमें से कई के पीछे AI का हाथ था। इनमें रोजाना के मैसेज, नियमित चेक-इन, ‘गुड मॉर्निंग’ मैसेज, झगड़ों को सुलझाने की कोशिश, डिनर डेट की प्लानिंग और बातचीत के दूसरे हिस्से शामिल बताए गए। यानी जिस रिश्ते में वह इंसानी जुड़ाव महसूस कर रही थी, उसके कई हिस्से कथित तौर पर ऑटोमेशन के जरिए चल रहे थे।
‘मैं इंसान से नहीं, क्रॉन जॉब से जुड़ी थी!’
इस कहानी को शेयर करते हुए लाज़ारेस्कु ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि उनकी दोस्त को बाद में पता चला कि उसके रिश्ते की कई ‘थॉटफुल’ चीजें अपने आप हो रही थीं। उन्होंने इसे इस अंदाज में बताया कि महिला को लगा था कि वह अपने बॉयफ्रेंड से भावनात्मक रूप से जुड़ी है, लेकिन असल में वह एक तरह से ‘क्रॉन जॉब’ से जुड़ी हुई थी। यह बात सोशल मीडिया यूजर्स को इतनी अजीब लगी कि पोस्ट देखते ही देखते चर्चा का विषय बन गई।
किसी ने कहा- ‘रिश्ता आउटसोर्स कर दिया’, तो किसी ने किया बचाव
पोस्ट वायरल होने के बाद X पर लोगों की राय बंट गई। कुछ यूजर्स ने बॉयफ्रेंड का मजाक उड़ाते हुए कहा कि उसने रिलेशनशिप को भी ऑटोमेट कर दिया। एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि उसने तो पूरी रिलेशनशिप ही ‘आउटसोर्स’ कर दी और आखिर में उसे ब्रेकअप का नोटिफिकेशन मिल गया। कुछ लोगों ने इसे AI के बढ़ते इस्तेमाल का अजीब उदाहरण बताया। वहीं, कुछ यूजर्स ने सवाल उठाया कि अगर किसी मैसेज के पीछे भावना इंसान की हो, तो उसे लिखने में AI की मदद लेने में आखिर समस्या क्या है?
‘अगर फूल बटलर लाए तो रोमांटिक, AI भेजे तो गलत?’
बहस में एक दिलचस्प तर्क भी सामने आया। एक यूजर ने सवाल किया कि अगर कोई अमीर व्यक्ति अपनी ओर से फूल देने के लिए बटलर भेजता है तो उसे रोमांटिक माना जाता है, लेकिन अगर वही काम कोई AI एजेंट करे तो उसे अजीब या ‘डिस्टोपियन’ क्यों कहा जाए? कुछ लोगों ने यह भी दावा किया कि वे खुद ऐसे लोगों को जानते हैं जो रिश्तों में AI एजेंट का इस्तेमाल करते हैं। इनमें कॉल और डेट शेड्यूल करना, मैसेज तैयार करना और यहां तक कि फ्लर्टिंग तक शामिल बताई गई।
AI से रिश्ते आसान हो रहे हैं या नकली?
इस पूरे मामले ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है क्या रिश्ते में AI की मदद लेना सिर्फ सुविधा है या फिर इससे भावनात्मक ईमानदारी पर सवाल उठने लगते हैं? आज लोग ईमेल से लेकर मीटिंग और कैलेंडर तक कई काम AI को सौंप रहे हैं। लेकिन जब बात प्यार, भावनाओं और रिश्तों की हो, तो सवाल थोड़ा अलग हो जाता है। अगर कोई व्यक्ति अपने पार्टनर को भेजे जाने वाले हर प्यार भरे मैसेज, हर डेट प्लान और हर मुश्किल बातचीत के लिए AI पर निर्भर रहने लगे, तो क्या उस रिश्ते में इंसानी कोशिश और भावनात्मक जुड़ाव उतना ही वास्तविक रह जाता है?
फिलहाल, इस वायरल कहानी का आधार सोशल मीडिया पर किया गया दावा है। लेकिन इसने यह बहस जरूर छेड़ दी है कि आने वाले समय में जब AI हमारी रोजमर्रा की जिंदगी के साथ-साथ रिश्तों में भी गहराई से शामिल होगा, तब ‘सच्चा प्यार’ और ‘ऑटोमेटेड केयर’ के बीच फर्क कैसे किया जाएगा।