सोशल मीडिया पर दिखने वाला चेहरा हमेशा सच हो, ये जरूरी नहीं। चीन में सामने आया एक हैरान करने वाला मामला इसी बात की चेतावनी देता है। शंघाई में एक 65 वर्षीय महिला ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से खुद को 29 साल की खूबसूरत डॉक्टर के रूप में पेश किया और एक कारोबारी को प्यार और बिजनेस का भरोसा देकर करीब 1.70 लाख युआन यानी लगभग 21 लाख रुपये की चपत लगा दी।
मामले ने तब नया मोड़ लिया, जब पुलिस ने महिला को पकड़ा और पता चला कि सोशल मीडिया पर जिस ‘युवा डॉक्टर’ से पीड़ित व्यक्ति बात कर रहा था, वो असल में एक अस्पताल में सफाई कर्मचारी थी।
सोशल मीडिया पर बनी ‘डॉक्टर’ की पहचान
शंघाई निवासी लियू हुई की मुलाकात 2021 में सोशल मीडिया पर यू शिउझेन नाम की महिला से हुई। यू ने खुद को 29 साल की डॉक्टर बताया और दावा किया कि वो शंघाई के एक बड़े अस्पताल में काम करती है। वह अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लगातार वीडियो और तस्वीरें पोस्ट करती थी। करीब पांच साल में उसके अकाउंट पर लगभग 7,000 वीडियो और 10,000 फॉलोअर्स हो गए। लगातार पोस्ट देखकर लियू को भी उसकी कहानी सच लगने लगी।
प्यार के साथ जुड़ा था बिजनेस का लालच
लियू प्रॉपर्टी से जुड़ा काम करता था। उसे लगा कि अस्पताल में प्रभाव रखने वाली ये महिला उसे बड़े इंजीनियरिंग प्रोजेक्ट दिलाने में मदद कर सकती है। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और लियू ने उसके साथ रिश्ते की उम्मीद भी पाल ली। लेकिन जब भी लियू मिलने की बात करता, यू कोई न कोई बहाना बना देती। कभी वह अपनी मां के घर पर होने की बात कहती तो कभी कहती कि उसकी मां इस रिश्ते के खिलाफ है। इसके बाद शादी के लिए 3 लाख युआन की रकम और शंघाई में प्रॉपर्टी की मांग रख दी गई।
पांच महीने में ट्रांसफर कर दिए 1.70 लाख युआन
मुलाकात कभी हुई नहीं, लेकिन लियू ने पांच महीने के दौरान यू को कुल 1.70 लाख युआन दे दिए। इसके बदले उसे न तो वो कथित इंजीनियरिंग प्रोजेक्ट मिला और न ही आमने-सामने मुलाकात हो पाई।आखिरकार शक बढ़ने पर लियू ने पुलिस से संपर्क किया।
AI ने बनाया पूरा ‘फर्जी चेहरा’
जांच में पुलिस को पता चला कि यू का जन्म 1961 में हुआ था। उसके पास डॉक्टर की कोई डिग्री या मेडिकल योग्यता नहीं थी और वो अस्पताल में सफाई कर्मचारी के तौर पर काम करती थी। पुलिस ने उसके वीडियो की जांच की तो कुछ फुटेज में छोटे अक्षरों में लिखा मिला कि कंटेंट AI से तैयार किया गया है। जांच में सामने आया कि AI की मदद से उसने अपना चेहरा और रूप बदला था। इतना ही नहीं, कभी-कभी उसने AI और वीडियो एडिटिंग के जरिए खुद को अपनी ‘मां’ के रूप में भी पेश किया, ताकि लियू को यकीन हो सके कि उसकी मां ही दोनों के रिश्ते में रुकावट डाल रही है।
ठगी के पैसे से कराया कॉस्मेटिक ट्रीटमेंट
पुलिस के मुताबिक, महिला ने ठगी से मिले पैसों का इस्तेमाल कॉस्मेटिक सर्जरी, स्किनकेयर और कपड़ों पर किया। जांच में यह भी सामने आया कि उसका पहले भी धोखाधड़ी का आपराधिक रिकॉर्ड था और 2009 में उसे चार साल की जेल की सजा मिल चुकी थी।