कल्पना कीजिए, आपका चेहरा किसी विज्ञापन, वेब सीरीज या वीडियो गेम में नजर आए और आपको इसके लिए पैसे मिलें वह भी बिना कैमरे के सामने आए। AI के बढ़ते इस्तेमाल के साथ चीन में यह कल्पना अब एक नए तरह के डिजिटल कारोबार का रूप ले रही है। कुछ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म लोगों को अपने चेहरे की डिजिटल पहचान यानी likeness को कंटेंट क्रिएटर्स को लाइसेंस करने की सुविधा दे रहे हैं। इसके बदले लोग फीस तय कर सकते हैं और यह भी बता सकते हैं कि उनका चेहरा किस तरह के कंटेंट में इस्तेमाल किया जा सकता है।
AI की मदद से बनाए जा रहे शॉर्ट ड्रामा, विज्ञापन, गेम और दूसरे डिजिटल प्रोजेक्ट्स के लिए अब असली लोगों के चेहरे भी खरीदे जा रहे हैं। यानी आने वाले डिजिटल दौर में चेहरा सिर्फ पहचान नहीं, बल्कि कमाई का एक नया जरिया बनता दिखाई दे रहा है।
14 लाख रुपये तक हो सकती है एक चेहरे की कीमत
इन प्लेटफॉर्म्स पर चेहरे के इस्तेमाल की फीस 50 युआन से लेकर 99,999 युआन, यानी करीब 14 लाख रुपये तक है। इसका मतलब है कि किसी व्यक्ति का चेहरा अब सिर्फ पहचान नहीं, बल्कि एक तरह की डिजिटल संपत्ति बनता जा रहा है। लोग खुद तय कर सकते हैं कि उनका चेहरा कितने समय तक इस्तेमाल होगा, किस तरह के कंटेंट में दिखाई देगा और किन परिस्थितियों में इसका इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।
तीन दिन में कमाए 35 हजार रुपये
इस नए बाजार की दिलचस्प मिसाल एक बैंक कर्मचारी की है। रिपोर्ट के मुताबिक, एक विज्ञापन कंपनी ने तीन दिनों में उसका पोर्ट्रेट सात बार इस्तेमाल करने के अधिकार खरीदे। इससे उसने करीब 2,500 युआन यानी 35 हजार रुपये कमाए। इस मॉडल की खासियत यही है कि व्यक्ति को हर प्रोजेक्ट में खुद कैमरे के सामने मौजूद रहने की जरूरत नहीं पड़ती।
'मेरा चेहरा, मेरी शर्तें'
शेनझेन की कंपनी Yuanxiang Xinsheng ने मई में ऐसा प्लेटफॉर्म शुरू किया। पहचान सत्यापन के बाद लोग अपना “डिजिटल एक्टर प्रोफाइल” बना सकते हैं और अपने चेहरे के इस्तेमाल की शर्तें तय कर सकते हैं। 34 वर्षीय Chen अपने चेहरे के एक इस्तेमाल के लिए 99 युआन लेते हैं। उन्होंने रोमांस और पारिवारिक कहानियों में अपने चेहरे के इस्तेमाल की अनुमति दी है, लेकिन हॉरर और अश्लील कंटेंट के लिए इनकार किया है।
गुआंगदोंग की Kele ने भी इसी वजह से प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल शुरू किया। उन्हें डर था कि AI उनकी तस्वीर का इस्तेमाल बिना अनुमति कर सकता है। उनका कहना है कि अगर कोई उनका चेहरा इस्तेमाल करना चाहता है, तो उसे इसके लिए भुगतान करना चाहिए।
कमाई के साथ बढ़ रही चिंताएं
चीन में Xinzhua जैसे दूसरे प्लेटफॉर्म भी इस बाजार को आगे बढ़ा रहे हैं। यहां विज्ञापन, मॉडलिंग, फिल्म, एनीमेशन और गेम्स के लिए चेहरे लाइसेंस किए जा रहे हैं। हालांकि, इस कारोबार ने कई सवाल भी खड़े किए हैं। खासकर बच्चों के facial data को लेकर विशेषज्ञ चिंतित हैं। कुछ कानूनी विशेषज्ञों ने प्लेटफॉर्म के अनुबंधों पर भी सवाल उठाए हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, कुछ मामलों में अनुमति समय से पहले वापस लेने पर यूजर पर 50,000 युआन तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
AI के दौर में चेहरे का मालिक कौन?
चेहरे की लाइसेंसिंग लोगों को कमाई का नया रास्ता दे रही है, लेकिन इसके साथ एक बड़ा सवाल भी सामने है जब आपका चेहरा डिजिटल दुनिया में पहुंच जाए, तो उस पर आपका नियंत्रण कितना रह जाता है? चीन का यह नया बाजार दिखाता है कि AI के दौर में इंसान की डिजिटल पहचान भी एक ऐसी संपत्ति बन सकती है, जिसकी कीमत तय की जा सकती है।