Credit Cards

Covid-19 cases in India: भारत में कोविड-19 के मामले 6,800 के पार! कर्नाटक और गुजरात कोरोना से सबसे अधिक प्रभावित, 24 घंटे में 3 मरीजों की मौत

Covid-19 cases in India: भारत में कोविड-19 के मामलों में तेजी से वृद्धि देखी जा रही है। 11 जून, 2025 तक स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार 6,815 एक्टिव मामले हैं। यह उछाल उभरते हुए वेरिएंट NB.1.8.1 और LF.7 से जुड़ा है। जबकि JN.1 प्रमुख स्ट्रेन बना हुआ है। पिछले 24 घंटों में दिल्ली, केरल और झारखंड में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई

अपडेटेड Jun 11, 2025 पर 10:08 AM
Story continues below Advertisement
Covid-19 in India: पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस से तीन लोगों की मौत हुई है

Covid-19 cases in India: देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस (कोविड-19) के 324 नए मामले सामने आए है, जिसके साथ ही भारत में एक्टिव मरीजों की संख्या 6,800 के पार पहुंच गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, केरल सबसे अधिक प्रभावित राज्य है। उसके बाद गुजरात, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक और दिल्ली का स्थान है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि कोविड के बढ़ते मामलों के मद्देनजर तैयारियों का जायजा लेने के लिए केंद्र 'मॉक ड्रिल' आयोजित कर रहा है। साथ ही सभी राज्यों को ऑक्सीजन, वेंटिलेटर और जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

कर्नाटक और गुजरात में एक दिन में 120 से अधिक संक्रमण के मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार, कोविड-19 संक्रमण से 24 घंटे के दौरान तीन लोगों की मौत भी हुई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से बुधवार को जारी लेटेस्ट आंकड़ों के अनुसार, भारत में कोविड-19 के एक्टिव मरीजों की संख्या 6,815 है।

पिछले 24 घंटों में दिल्ली, केरल और झारखंड में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि अधिकतर मरीजों में हल्के लक्षण थे। वे घर पर ही इलाज के बाद ठीक हो गए। इस साल जनवरी के बाद से देश में कोविड-19 से 68 लोगों की मौत होने की सूचना है। 22 मई तक देश में एक्टिव मरीजों की संख्या 257 थी।


कोरोना के मामलों में यह उछाल उभरते हुए वेरिएंट NB.1.8.1 और LF.7 से जुड़ा है। जबकि JN.1 प्रमुख स्ट्रेन बना हुआ है। अधिकारियों ने अभी तक व्यापक प्रतिबंधों की वापसी का संकेत नहीं दिया है। लेकिन नागरिकों से सतर्क रहने, स्वच्छता प्रोटोकॉल का पालन करने और भीड़-भाड़ वाली या बंद जगहों पर मास्क के उपयोग पर विचार करने का आग्रह किया गया है।

केरल ने 24 घंटे के दौरान 96 नए मामले दर्ज किए हैं। कोविड-19 मामलों में वृद्धि के बीच केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने कहा है कि विशेष देखभाल की जानी चाहिए क्योंकि यह बीमारी बुजुर्गों और अन्य बीमारियों से पीड़ित लोगों में अधिक गंभीर बनी हुई है। उन्होंने कहा कि केरल में ओमीक्रोन JN.1 वेरिएंट LF.7 और XFG सबसे आम हैं। ये वेरिएंट "इतने गंभीर नहीं हैं" लेकिन इनमें बीमारी फैलाने की उच्च क्षमता है।

मंत्री ने कहा, "सार्वजनिक स्थानों और यात्रा के दौरान मास्क पहनना चाहिए। कोविड-19 वेरिएंट की पहचान के लिए जीनोमिक अनुक्रमण किया जा रहा है। दक्षिण पूर्व एशियाई देशों में फैल रहे ओमीक्रोन JN.1 वेरिएंट LF.7 और एक्सएफजी केरल में सबसे आम हैं। हालांकि ये वेरिएंट उतने गंभीर नहीं हैं, लेकिन इनमें बीमारी फैलाने की उच्च क्षमता है।"

ये भी पढ़ें- Baba Siddique Murder: बाबा सिद्दीकी हत्याकांड का मास्टरमाइंड जीशान अख्तर कनाडा में गिरफ्तार, भारत लाने की तैयारी

केरल के स्वाथ्य मंत्रालय ने कहा, "राज्य में वर्तमान में 2,223 सक्रिय कोविड मामले हैं। 96 लोगों का इलाज चल रहा है। उनमें से अधिकांश को अन्य बीमारियां हैं। एर्नाकुलम जिले में 431 मामले, कोट्टायम में 426 मामले और तिरुवनंतपुरम में 365 मामले सामने आए हैं।"

Akhilesh Nath Tripathi

Akhilesh Nath Tripathi

First Published: Jun 11, 2025 10:07 AM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।