Covid-19: दिल्ली में 23 तो गुजरात में 15 नए केस, बेंगलुरु में 9 महीने का बच्चा इनफेक्टेड; क्या फिर मंडरा रहा है बड़ा खतरा?

Coronavirus: मई में केरल में कोविड-19 के 273 मामले सामने आए। आंध्र प्रदेश में कोविड-19 के 4 नए मामले सामने आए हैं। हरियाणा में वर्तमान में कोविड-19 के 4 मामले सामने आए हैं, जिनमें से 2 गुरुग्राम और 2 फरीदाबाद से हैं। दिल्ली सरकार ने सभी अस्पतालों को बिस्तरों, ऑक्सीजन, दवाइयों और टीकों की उपलब्धता के लिए तैयार रहने को लेकर परामर्श जारी किया है

अपडेटेड May 24, 2025 पर 1:29 PM
Story continues below Advertisement
कर्नाटक में 35 एक्टिव केसेज में से 32 बेंगलुरु से हैं।

देश में कोविड-19 के मामले फिर से बढ़ने लगे हैं। दिल्ली, महाराष्ट्र, केरल, गुजरात, हरियाणा के कुछ हिस्सों में महीनों की शांति के बाद नए केस मिले हैं। वर्तमान में कोविड-19 का जेएन.1 वेरिएंट लोगों को शिकार बना रहा है। यह ओमिक्रॉन के जैसा ही है और कम गंभीर है। ओमिक्रॉन वेरिएंट पहली बार अगस्त 2023 में सामने आया था। लोगों को सतर्क रहने और सावधानियां बरतने की जरूरत है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है।

गुजरात में लंबे अंतराल के बाद इस वायरस के 15 नए मामले सामने आए हैं, जिनमें से 13 मामले अहमदाबाद से, एक राजकोट से और एक अहमदाबाद ग्रामीण से है। अधिकारियों ने लोगों से पैनिक न होने की अपील की है। सभी मरीजों का उनके घरों पर ही इलाज हो रहा है। तेलंगाना के हैदराबाद में कोविड-19 इनफेक्शन का एक मामला सामने आया था और मरीज अब पूरी तरह से ठीक हो गया है।

मुंबई और बेंगलुरु का हाल


मुंबई में मई में कोविड-19 के अब तक 95 मामले सामने आए हैं, जिनमें से 16 लोगों के अस्पताल में भर्ती होने की रिपोर्ट है। KEM से सेवन हिल्स अस्पताल में मरीजों को शिफ्ट किया जा रहा है। अधिकारियों ने सभी SARI और ILI केसेज के लिए टेस्टिंग अनिवार्य कर दी है। कर्नाटक में 35 एक्टिव केसेज में से 32 बेंगलुरु से हैं। इनमें वाणी विलास अस्पताल में भर्ती एक 9 महीने का बच्चा भी शामिल है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव ने 21 मई को कोविड केसेज की संख्या की पुष्टि की थी।

Monsoon: केरल पहुंचा मानसून, 16 साल में पहली बार सबसे जल्दी; गोवा के लिए रेड अलर्ट जारी

दिल्ली में 23 केस

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोविड-19 के 23 मामले सामने आए हैं। यह पिछले लगभग 3 वर्षों में कोरोना केसेज में पहली बड़ी बढ़ोतरी है। स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह का कहना है कि सभी मरीजों की स्थिति हल्के, फ्लू जैसे लक्षणों के साथ स्थिर है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है। बढ़ते केसेज को देखते हुए दिल्ली सरकार ने सभी अस्पतालों को बिस्तरों, ऑक्सीजन, दवाइयों और टीकों की उपलब्धता के लिए तैयार रहने को लेकर परामर्श जारी किया है। सरकार मरीजों के दिल्ली के निवासी होने या उनके शहर से बाहर की यात्रा करने को लेकर जानकारी जुटा रही है।

सिंह का कहना है कि दिल्ली सरकार किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। तैयारियों को लेकर अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट पर रखा गया है। क्विक रिस्पॉन्स और देखभाल सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी संसाधन जुटाए जा रहे हैं।

आंध्र प्रदेश, यूपी के गाजियाबाद में 4 नए मामले

मई में केरल में कोविड-19 के 273 मामले सामने आए। आंध्र प्रदेश में कोविड-19 के 4 नए मामले सामने आए हैं। 3 विशाखापत्तनम में और एक रायलसीमा क्षेत्र में है। गाजियाबाद में 4 लोगों में कोविड-19 इनफेक्शन की पुष्टि हुई है, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने जिले में निगरानी बढ़ा दी है। 3 लोग फिलहाल घर पर आइसोलेशन में है, जबकि एक मरीज को प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। सभी चार मामले जिले के हिंडन पार क्षेत्र से आए हैं। हरियाणा में वर्तमान में कोविड-19 के 4 मामले सामने आए हैं, जिनमें से 2 गुरुग्राम और 2 फरीदाबाद से हैं।

Delhi Fire: बवाना में फैक्ट्री में लगी भीषण आग, तेज धमाकों ने बढ़ाई मुश्किलें, दमकल की 17 गाड़ियां मौके पर तैनात

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।