अगर आपने Amazon पर 'पंचायत' वेब सीरीज देखी है, तो आपको फुलेरा गांव के 'भूतहा पेड़' की कहानी तो जरूर ही याद होगी, वही पेड़ जो रात को गांव वालों को दौड़ाया करता था। उसका खौफ ऐसा था कि खुद रिंकी की मम्मी ने बताया कि दो बार प्रधान जी उसके सामने से इतना तेज गाड़ी दौड़ाए कि एक बार पैर में चोट लगी और एक बार उनकी महंगी साड़ी फट गई। हालांकि, बाद में सचिव जी ने उस पेड़ की सच्चाई से पर्दा उठा दिया था। अब आप सोच रहे होंगे कि हम आज भूतिया या भूतहा पेड़ की बात क्यों कर रहे हैं? वो इसलिए क्योंकि आज हम आपको देश की राजधानी दिल्ली में एक ऐसे ही पेड़ की कहानी बताने जा रहे हैं, जिसे लोग भूतहा या भूतिया पेड़ मानते हैं।
दुनिया भर के भूतिया और डरावनी जगहों को जानने का शौक रखने वाले लोगों के लिए दिल्ली की ये जगह अब चर्चा में है। एक ट्रैवल व्लॉगर, नकुल छाबड़ा ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने द्वारका सेक्टर 9 के उस पेड़ का रहस्य बताया है, जिसे लोग भूतिया मानते हैं।
क्या है इस पेड़ की खासियत?
नकुल ने बताया कि ये कोई आम पेड़ नहीं, बल्कि एक पुरानी गोलाकार बावली है, जो समय के साथ जमीन के नीचे दब गई है। इस बावली का ढांचा दिल्ली की बाकी बावलियों से बिल्कुल अलग है। लोग कहते हैं कि रात के समय इस जगह पर अजीब सी एनर्जी महसूस होती है, जिसकी वजह से वहां से गुजरते वक्त लोग अपनी रफ्तार बढ़ा देते हैं। नकुल ने सवाल उठाया, "क्या सच में यहां कोई भूत है या ये कहानी किसी बड़ी सच्चाई को छुपा रही है?"
इतिहास में भी है इस जगह का जिक्र
नकुल ने बताया कि इस बावली का जिक्र मावलवी जफर हसन की 'मॉन्यूमेंट्स ऑफ दिल्ली' सर्वे में मिलता है, लेकिन आज यह जगह लोगों की नजरों से छुपी हुई है। जो लोग इसे भूतिया मानते हैं, शायद वे इस जगह की पवित्रता को समझ नहीं पाए।
सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं
वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर लोग अपनी-अपनी राय देने लगे। एक यूजर ने कहा, "सच में यहां से गुजरते वक्त रफ्तार बढ़ जाती है।" किसी ने बताया कि वहां एक बड़ा पेड़ था, जो अब नहीं है, लेकिन उसकी मौजूदगी का एहसास अभी भी होता है। कुछ लोगों ने इसे सच माना तो कुछ ने इसे अफवाह बताया। एक ने लिखा, "मैं रोज यहां से गुजरता हूं, मुझे कुछ भी अजीब नहीं लगा।" वहीं एक शख्स ने डरते हुए कहा, "वहां भूत जरूर है।"
एक यूजर ने लिखा, "कुछ नहीं..लोगो ने फालतू बातें बोलीं हैं।" एक ने लिखा, "यह झूठ है, मैं रोज़ यहीं से आता हूं।" जबकि एक ने कहा, "मुझे अब तक ऐसा महसूस नहीं हुआ, हां, मैं इसे जरूर नोट करूंगा।"
क्या है इस जगह की असली कहानी?
दरअसल, ये भूतिया पेड़ कोई पेड़ नहीं, बल्कि एक पुरानी बावली है, जो इतिहास में छुपी हुई है। लोगों की कहानियां और डरावनी बातें इस जगह की रहस्यमयता को और बढ़ा देती हैं। नकुल ने भी अपने वीडियो में इसे एक वर्ल्ड हेरिटेज साइट बताया है, जिसे भूलाया जा रहा है।
नकुल ने अपने व्यूर्स से पूछा है कि अगर उन्होंने कभी इस जगह से गुजरते वक्त कुछ अजीब सा अनुभव किया हो तो जरूर बताएं। सोशल मीडिया पर ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस रहस्यमय जगह के बारे में जानने के लिए उत्सुक हैं।