उदयपुर। आज के समय में जहां हर कोई पैसा कमाने और अपनी जिंदगी को बेहतर बनाने में लगा है, वहीं राजस्थान के उदयपुर से एक अलग ही खबर सामने आई है। यहां एक परिवार ने करोड़ों का कारोबार और सुख-सुविधाओं वाली जिंदगी छोड़कर जैन धर्म अपनाने का फैसला किया है। परिवार के चार सदस्य एक साथ दीक्षा लेकर साधना की राह पर चलेंगे।
उदयपुर के जसवंतगढ़ गांव के रहने वाले दिलीप भाई भोगर, उनकी पत्नी ज्योति बेन और दो बेटियां 8 फरवरी 2027 को सूरत में जैन दीक्षा लेंगी।
एक दुकान से शुरू किया था कारोबार
दिलीप भाई ने सूरत में एक दुकान से कपड़ों का काम शुरू किया था। धीरे-धीरे उनका कारोबार बढ़ता गया और तीन दुकानें खोलने के साथ उन्होंने कई मशीनें भी लगाईं। आज उनके कारोबार का सालाना टर्नओवर करीब 15 करोड़ रुपये है।
वह अपने कारोबार को और आगे बढ़ाना चाहते थे, लेकिन आचार्यश्री के संपर्क में आने के बाद उनका मन बदलने लगा। उनके मन में धर्म और साधना के रास्ते पर चलने की इच्छा हुई। इसके बाद उन्होंने पत्नी और बेटियों से बात की। सभी की सहमति से परिवार ने दीक्षा लेने का फैसला किया।
बड़ी बेटी पहले ही बन चुकी हैं साध्वी
भोगर परिवार में दीक्षा लेने का फैसला पहली बार नहीं हुआ है। दिलीप भाई की सबसे बड़ी बेटी शैली साल 2023 में ही दीक्षा ले चुकी हैं। अब वह साध्वी दर्शिता के नाम से जानी जाती हैं। अब परिवार की दूसरी दोनों बेटियां भी माता-पिता के साथ दीक्षा लेंगी।
• छवि (22 साल): उन्होंने बीबीए ग्राफिक डिजाइन की पढ़ाई की है। इसके बाद क्रोशिया कला से अपना काम शुरू किया, लेकिन चार महीने बाद ही इसे छोड़ दिया।
• चार्वी (14 साल): वह आठवीं कक्षा पास हैं। उन्हें फुटबॉल खेलने का शौक है और वह सूरत में जिला स्तर पर खेल चुकी हैं।
दीक्षा से पहले परिवार ने की तैयारी
जैन दीक्षा लेने से पहले परिवार ने इसकी तैयारी भी की है। रिश्तेदार कुंदन चंडालिया के मुताबिक, सभी ने पैदल चलने, खाने-पीने के नियमों और जैन संतों की दिनचर्या से जुड़ा प्रशिक्षण लिया है।
दीक्षा से पहले परिवार अपने पैतृक गांव जसवंतगढ़ पहुंचा, जहां उनके सम्मान में भव्य वरघोड़ा निकाला गया। इस दौरान गांव के लोगों ने उनका स्वागत किया। परिवार के इस फैसले को देखकर कई लोग भावुक भी हो गए। अब पूरा परिवार एक साथ जैन दीक्षा लेगा और अपनी नई जिंदगी की शुरुआत करेगा।