कमाई लाखों में, बचत जीरो! अमेरिका में ज्यादा कमाई के बाद भी क्यों नहीं बचता पैसा?

नेहा शाह के मुताबिक, भारत में उनकी कमाई से घर का किराया, खाना, घरेलू काम और इलाज का खर्च आसानी से निकल जाता था और पैसे भी बचते थे। वहीं, सिएटल में उनकी कमाई का बड़ा हिस्सा सिर्फ किराए और हेल्थ इंश्योरेंस पर खर्च हो जाता है।

अपडेटेड Nov 17, 2026 पर 1:10 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

विदेश में अच्छी नौकरी और ज्यादा सैलरी का सपना कई लोग देखते हैं, लेकिन वहां रहने का खर्च भी काफी ज्यादा होता है। भारत से अमेरिका गईं नेहा शाह को भी वहां की महंगाई ने हैरान कर दिया। उनका कहना है कि अमेरिका में अच्छी कमाई के बाद भी पैसे बचाना आसान नहीं है।

'आयुर्वेदिक इंटेलिजेंस' की फाउंडर नेहा शाह ने 'बिजनेस इनसाइडर' से बातचीत में भारत और अमेरिका में रहने के खर्च की तुलना की। उन्होंने बताया कि सिएटल में रोज की चीजों पर इतना खर्च होता है, जितना भारत में पूरे परिवार का गुजारा करने में लगता था।

किराने के सामान पर ही ज्यादा खर्च


नेहा शाह ने बताया कि अमेरिका में उनके परिवार का एक महीने का किराने का खर्च उतना है, जितना उनकी मां भारत में 8 लोगों का खाना बनाने पर खर्च करती थीं।

उन्होंने कहा कि भारत में उनकी कमाई से घर का किराया, खाना, घरेलू काम में मदद और इलाज का खर्च निकल जाता था। इसके बाद भी कुछ पैसे बच जाते थे। लेकिन सिएटल में कमाई का बड़ा हिस्सा सिर्फ घर के किराए और हेल्थ इंश्योरेंस पर खर्च हो जाता है।

हर महीने लाखों में आता है घर का खर्च

नेहा के मुताबिक, सिएटल में उनके परिवार का घर से जुड़ा खर्च हर महीने 5,000 से 7,000 डॉलर यानी करीब 4.5 से 6.3 लाख रुपये तक पहुंच जाता है। ऐसे में बाकी चीजों पर खर्च करने के लिए उन्हें काफी सोच-समझकर चलना पड़ता है।

अमेरिका में इलाज कराना भी महंगा

नेहा ने बताया कि भारत में वह किसी क्लिनिक में जाकर उसी दिन डॉक्टर को दिखा लेती थीं और कम फीस में दवा लेकर घर लौट आती थीं। लेकिन अमेरिका में डॉक्टर से मिलने के लिए कई बार हफ्तों तक इंतजार करना पड़ता है।

इसके अलावा वहां हेल्थ इंश्योरेंस के बाद भी कुछ पैसे खुद देने पड़ते हैं। नेहा को वहां इलाज से जुड़े कई नए नियम भी समझने पड़े। नेहा का कहना है कि उन्हें भारत में मिलने वाली कई सुविधाएं अमेरिका में याद आती हैं:

  • घर के काम में मदद करने के लिए लोग मिल जाना।
  • आसपास ताजी सब्जियां और फल खरीदने की सुविधा।
  • पड़ोसियों का एक-दूसरे के साथ जुड़ाव और मदद।
  • परिवार के लोगों से आसानी से मिलना-जुलना।

नेहा ने कहा कि घर की याद कभी पूरी तरह नहीं जाती। यही वजह है कि भारत आना-जाना अब उनके परिवार की जिंदगी का अहम हिस्सा बन गया है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।