Eid Ul Fitr 2025 in UP: देश भर में आज यानी 31 मार्च को ईद-उल-फितर का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। ईद के खास मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने ईद को भाईचारे, करुणा और सौहार्द का प्रतीक मानते हुए शांति एवं समृद्धि की कामना की। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी ईद उल फितर की सभी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इसे खुशी और मेल मिलाप का संदेश देने वाला पर्व बताया है। त्योहार को देखते हुए प्रदेश भर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
इस बीच, सहारनपुर से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। वायरल वीडियो में ईद की नमाज के बाद कुछ मुस्लिमों ने फिलिस्तीन का झंडा लहराया। वहीं, वक्फ बिल का विरोध में कुछ नमाजियों के हाथ पर काली पट्टी भी बंधी हुई देखी गई। अमर उजाला की रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ लोगों ने नमाज अदा करने के बाद फिलिस्तीन का झंडा लहराया। इस दौरान भारी सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल पर्याप्त संख्या में मौजूद रहे। नमाज के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने जिलाधिकारी मनीष बंसल और एसएसपी रोहित सिंह साजवान को पटका पहनाकर सम्मानित किया।
इसके अलावा अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में भी फिलिस्तीन का झंडा लहराने का मामला सामने आया है। दैनिक भास्कर की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अलविदा की नमाज के दौरान शुक्रवार को कुछ छात्र फिलिस्तीन का झंडा लिए नजर आए। मुस्लिम छात्रों ने फिलिस्तीन के लिए नमाज के दौरान दुआ भी मांगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को लोगों को ईद की बधाई देते हुए कामना की कि यह त्योहार समाज में आशा, सद्भाव और दयालुता की भावना को बढ़ाए। दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में रविवार शाम ईद-उल-फितर का चांद नजर आने के साथ ही रमजान का महीना संपन्न हो गया। आज देशभर में ईद मनाई जा रही है।
यूपी मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से इस संबंध में सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर पोस्ट भी किया गया। इस पोस्ट में ईद उल फितर की सभी प्रदेशवासियों को बधाई दी गई। पोस्ट में कहा गया कि मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ईद-उल-फितर का त्योहार खुशी और मेल-मिलाप का संदेश लेकर आता है।
पोस्ट में आगे कहा गया कि खुशियों का यह त्योहार सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ ही, आपसी भाईचारे की भावना को बढ़ाता है। यह पर्व अमन-चैन और सौहार्द का संदेश देता है। इस पर्व पर सभी को सद्भाव तथा सामाजिक सौहार्द को और सुदृढ़ करने का संकल्प लेना चाहिए।