पहली नौकरी की पहली सैलरी हर किसी के लिए खास होती है। मेहनत के बाद जब खाते में पहली कमाई आती है, तो खुशी में उसका जिक्र दोस्तों, रिश्तेदारों और करीबियों से करना स्वाभाविक है। लेकिन क्या अपनी पूरी सैलरी का हिसाब हर किसी के साथ शेयर करना सही है? सोशल मीडिया पर सिमरन मौर्या ने इसी सवाल को उठाते हुए लोगों को अपनी कमाई से जुड़ी जानकारी साझा करने में सावधानी बरतने की सलाह दी है। उनका कहना है कि सैलरी पर बातचीत करना गलत नहीं है, बल्कि ये कई बार करियर के लिए फायदेमंद भी हो सकती है।
समस्या तब शुरू होती है, जब हम बिना सोचे-समझे अपनी एग्जैक्ट सैलरी हर व्यक्ति को बता देते हैं। इससे सामने वाले की उम्मीदें, अनचाही तुलना और तरह-तरह के सवाल बढ़ सकते हैं। खासकर नौकरी की शुरुआत में ये बात ध्यान रखना जरूरी है।
सैलरी बताना गलत नहीं, लेकिन हर किसी को आंकड़ा क्यों बताएं?
इंस्टाग्राम पर सिमरन मौर्या ने एक वीडियो शेयर कर लोगों को अपनी सैलरी को लेकर थोड़ा सतर्क रहने की सलाह दी। उनका कहना है कि समस्या सैलरी पर बात करने में नहीं है, बल्कि बिना सोचे-समझे हर किसी को अपनी एग्जैक्ट सैलरी बता देने में हो सकती है। खासकर पहली नौकरी मिलने पर लोग उत्साह में दोस्तों, कजिन्स और रिश्तेदारों तक को अपनी कमाई का आंकड़ा बता देते हैं। धीरे-धीरे यही जानकारी कई लोगों के बीच चर्चा का विषय बन सकती है।
आपकी कमाई, दूसरों की उम्मीदें
सिमरन के मुताबिक, जैसे ही किसी को आपकी सैलरी का पता चलता है, वह आपकी आर्थिक क्षमता को लेकर अपनी धारणाएं बनाना शुरू कर सकता है। उदाहरण के लिए, अगर आपकी कमाई अच्छी है तो लोग मान सकते हैं कि आप आसानी से महंगी चीजें खरीद सकते हैं। वहीं, अगर आपकी कमाई के हिसाब से बचत कम है तो सवाल उठ सकते हैं कि आखिर पैसा कहां जा रहा है। ऐसी बातें कभी-कभी व्यक्ति को खुद से अपनी आर्थिक स्थिति की तुलना करने के लिए भी मजबूर कर सकती हैं क्या मुझे कम सैलरी मिल रही है? क्या मैं सही दिशा में आगे बढ़ रहा हूं? क्या मेरी बचत पर्याप्त है?
ऑफिस में तो और ज्यादा सावधानी जरूरी
सैलरी शेयर करने को लेकर उन्होंने खास तौर पर ऑफिस में सावधान रहने की बात कही। किसी भरोसेमंद सहकर्मी से हुई निजी बातचीत की जानकारी आगे किसी दूसरे तरह से ली जा सकती है। इसीलिए उनका सुझाव है कि सहकर्मियों के साथ वेतन से जुड़ी जानकारी साझा करते समय रिश्ते और परिस्थिति दोनों को ध्यान में रखना चाहिए।
लेकिन सैलरी पर बात करना जरूरी भी है
दिलचस्प बात ये है कि सिमरन पूरी तरह सैलरी डिस्कशन के खिलाफ नहीं हैं। उनका मानना है कि सही लोगों के साथ कमाई पर बातचीत बेहद उपयोगी हो सकती है। मार्केट में किसी पद की सामान्य सैलरी जानने, बेहतर पैकेज के लिए बातचीत करने या नौकरी बदलने के दौरान भरोसेमंद लोगों से वेतन पर चर्चा की जा सकती है। इससे कर्मचारी यह समझने में मदद ले सकते हैं कि उनकी कमाई बाजार के हिसाब से कैसी है।
बात बस इतनी है जानकारी किसे देनी है?
सिमरन की सलाह का मूल संदेश यही है कि सैलरी कोई ऐसा आंकड़ा नहीं जिसे हर जगह सार्वजनिक करना जरूरी हो। सही लोगों के साथ वेतन पर चर्चा करियर के लिए फायदेमंद हो सकती है, लेकिन हर व्यक्ति को अपनी पूरी कमाई बताना जरूरी नहीं। उनकी पोस्ट पर कई यूजर्स ने भी इस विचार का समर्थन किया। कुछ लोगों ने कहा कि सैलरी निजी मामला है, जबकि अन्य ने माना कि जरूरत से ज्यादा जानकारी साझा करने से बेवजह का दबाव और तुलना पैदा हो सकती है।