फ्लाइट हाइजैक होने का अलर्ट आया, बचाने के लिए दौड़ पड़े इजराइली फाइटर जेट्स फिर पायलटों की ये कारस्तानी पता चली

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में इमरजेंसी सिग्नल मिलने के बाद विमान का रास्ता बदलना पड़ा। कुछ समय के लिए हाईजैकिंग की आशंका से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और इजरायली फाइटर जेट्स भी सक्रिय हुए। बाद में विमान को सऊदी अरब में सुरक्षित उतारा गया। आखिर पूरा घटनाक्रम क्या था, जानिए

अपडेटेड Sep 30, 2026 पर 1:27 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
फ्लाईदुबई फ्लाइट में इमरजेंसी सिग्नल से बढ़ी चिंता, बाद में सामने आई अलग वजह

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में बुधवार को कुछ देर के लिए ऐसा माहौल बन गया कि सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट हो गईं। विमान के रास्ते में बदलाव और इमरजेंसी सिग्नल सामने आने के बाद हाईजैकिंग की आशंका पैदा हो गई। विमान में 150 से ज्यादा यात्रियों के सवार होने की खबर थी, ऐसे में मामला और भी संवेदनशील हो गया।

फ्लाइट को उसके तय रास्ते से हटाकर सऊदी अरब की ओर मोड़ दिया गया। बाद में विमान ने तबूक एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। राहत की बात यह रही कि इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने स्पष्ट किया कि विमान हाईजैक नहीं हुआ था।

7700 के बाद 7500 कोड ने बढ़ाई चिंता


फ्लाइट ट्रैकिंग जानकारी के मुताबिक, विमान ने उड़ान के दौरान पहले 7700 इमरजेंसी कोड प्रसारित किया। यह कोड विमान में किसी गंभीर आपात स्थिति की ओर इशारा करता है। इसके बाद 7500 कोड दिखाई दिया, जिसे आमतौर पर विमान के हाईजैक या किसी गैरकानूनी हस्तक्षेप के संकेत के रूप में समझा जाता है। यही दूसरा सिग्नल सामने आते ही स्थिति को लेकर चिंता बढ़ गई। इजरायली सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हुईं और रिपोर्टों के अनुसार, इजरायली लड़ाकू विमानों को भी विमान की ओर रवाना किया गया।

प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री ने ली स्थिति की जानकारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने हालात की जानकारी लेने के लिए आपात बैठक की। कुछ समय तक सुरक्षा अधिकारियों और विमान की स्थिति पर नजर रखी गई। इसी दौरान विमान की दिशा सऊदी अरब की तरफ हो गई और उसकी ऊंचाई भी कम की गई। इससे यह साफ हो गया कि फ्लाइट को किसी सुरक्षित एयरपोर्ट पर उतारने की तैयारी की जा रही है।

हाईजैक नहीं, पायलटों के बीच विवाद बना वजह

शुरुआत में जिस घटना को संभावित हाईजैकिंग से जोड़कर देखा जा रहा था, बाद में उसकी तस्वीर अलग सामने आई। Ynet की रिपोर्ट के अनुसार, उड़ान के दौरान मैन्युअल लैंडिंग और यू-टर्न से जुड़ी प्रक्रिया के बीच कुछ समय के लिए इमरजेंसी सिग्नल प्रसारित हुआ था।

बाद में फ्लाईदुबई की ओर से साफ किया गया कि विमान में पायलटों के बीच हुई लड़ाई के कारण इमरजेंसी सिग्नल भेजा गया था। यानी जिस अलर्ट ने कुछ देर के लिए यात्रियों और सुरक्षा एजेंसियों को चिंता में डाल दिया था, उसके पीछे विमान के कॉकपिट में हुआ विवाद बताया गया।

सऊदी अरब में सुरक्षित उतरे यात्री

तनाव के बीच विमान को सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट की ओर मोड़ा गया। कुछ देर बाद फ्लाइट वहां सुरक्षित उतर गई। इसके साथ ही हाईजैकिंग की आशंका भी खत्म हो गई और यात्रियों को राहत मिली।

Video: ओमान में यूक्रेनी कपल समुद्री कछुए पर बैठा, वीडियो वायरल होते ही शुरू हुई कानूनी कार्रवाई

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।