Video: ओमान में यूक्रेनी कपल समुद्री कछुए पर बैठा, वीडियो वायरल होते ही शुरू हुई कानूनी कार्रवाई

ओमान घूमने पहुंचे एक यूक्रेनी कपल की समुद्री कछुए के साथ बनाई गई रील विवादों में घिर गई। रास अल हद के तट पर कथित तौर पर दोनों कछुए के ऊपर बैठे नजर आए। वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर नाराजगी बढ़ी और मामला अधिकारियों तक पहुंच गया। अब कानूनी कार्रवाई शुरू होने की बात सामने आई है

अपडेटेड Sep 30, 2026 पर 11:27 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी कपल को लेकर काफी नाराजगी देखने को मिली।

ओमान की खूबसूरत समुद्री वादियों में छुट्टियां मनाने पहुंचे एक यूक्रेनी कपल के लिए सोशल मीडिया रील बनाने का शौक मुसीबत बन गया। रास अल हद के समुद्र तट पर कथित तौर पर दोनों ने एक समुद्री कछुए के बेहद करीब जाकर वीडियो बनाया और उसके ऊपर बैठते नजर आए। इतना ही नहीं, वायरल फुटेज में कछुए के बच्चों के साथ भी कथित तौर पर छेड़छाड़ दिखाई दी। वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। यूजर्स ने सवाल उठाया कि कुछ सेकेंड की रील के लिए वन्यजीवों को परेशान करना आखिर कितना सही है।

मामला इतना बढ़ा कि ओमान के Environment Authority ने भी वीडियो का संज्ञान लिया और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू करने की जानकारी दी। यह घटना उन पर्यटकों के लिए भी बड़ा सबक है, जो घूमने के दौरान वन्यजीवों के करीब जाकर तस्वीरें या वीडियो बनाने की कोशिश करते हैं।

कछुए पर बैठने के साथ हैचलिंग्स से भी हुई छेड़छाड़


वायरल हुए वीडियो में कपल समुद्र तट पर मौजूद कछुए के खोल पर बैठा नजर आया। वीडियो में छोटे-छोटे कछुए यानी हैचलिंग्स को भी कथित तौर पर संभालते और छूते हुए दिखाया गया। वीडियो बाद में डिलीट कर दिया गया, लेकिन तब तक इसका स्क्रीन रिकॉर्डिंग और क्लिप सोशल मीडिया पर फैल चुका था। यह घटना ओमान के साउथ अल शरकियाह क्षेत्र के रास अल हद की बताई जा रही है, जो समुद्री कछुओं के लिए महत्वपूर्ण nesting sites में शामिल है।

वीडियो सामने आते ही हरकत में आए अधिकारी

मामले ने तूल पकड़ा तो ओमान की Environment Authority ने वायरल फुटेज का संज्ञान लिया। Gulf News की रिपोर्ट के अनुसार, प्राधिकरण ने पर्यटकों के व्यवहार को वन्यजीवों की सुरक्षा से जुड़े नियमों का उल्लंघन बताया है। अधिकारियों के मुताबिक, संबंधित व्यक्ति के खिलाफ जरूरी कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्राधिकरण ने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसे किसी व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, जिससे वन्यजीवों या उनके प्राकृतिक आवास को नुकसान पहुंचने का खतरा हो।

कछुओं को छूना भी पड़ सकता है भारी

घटना के बाद अधिकारियों ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को turtle nesting sites पर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासकर nesting season के दौरान कछुओं के बेहद करीब जाने, उन्हें छूने या किसी भी तरह परेशान करने से बचने को कहा गया है। पर्यटकों से अपील की गई है कि वे समुद्री जीवों को सुरक्षित दूरी से देखें और मौके पर मौजूद अधिकारियों व गाइड्स के निर्देशों का पालन करें।

सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूटा

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी कपल को लेकर काफी नाराजगी देखने को मिली। कई यूजर्स ने इसे वन्यजीवों के प्रति गैर-जिम्मेदाराना रवैया बताया और कार्रवाई की मांग की। कुछ लोगों ने सख्त जुर्माने और कानूनी कार्रवाई की बात कही, जबकि अन्य यूजर्स ने सवाल उठाया कि कुछ सेकेंड की सोशल मीडिया रील के लिए किसी जंगली जीव को परेशान करना आखिर कैसे उचित हो सकता है।

एक वीडियो ने याद दिलाई जिम्मेदारी की बात

रास अल हद जैसे इलाकों में समुद्री कछुए अंडे देने और अपने जीवन चक्र को पूरा करने के लिए आते हैं। ऐसे में पर्यटकों की छोटी-सी लापरवाही भी इन जीवों को परेशान कर सकती है। इसी वजह से ओमान की Environment Authority ने लोगों से वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों की सूचना देने और उनकी सुरक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी मानने की अपील की है।

BPL कार्ड लेकर राशन दुकान जा रही मां को फोन पर मिली बेटी के गोल्ड जीतने की खबर, गोल्ड जीतने वाली निशानेबाज नीरू ढांडा की कहानी

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।