तरबूज में से निकला 'जहर'? यूट्यूबर के वीडियो ने मचाया हड़कंप, मुंबई में 4 मौतों के बाद अब झाग वाले तरबूज ने बढ़ाई टेंशन

Foamy Watermelon Viral Video: फ्रिज में जगह न होने के कारण यूट्यूबर ने तरबूज को रात भर किचन काउंटर पर बाहर ही रहने दिया था। अगली सुबह जब तरबूज काटा गया, तो उसके अंदर से लगातार सफेद झाग निकलने लगा। गौरव ने दावा किया कि ऐसा लग रहा है जैसे इसमें कोई केमिकल या साबुन का इंजेक्शन लगाया गया हो।

अपडेटेड May 08, 2026 पर 5:12 PM
Story continues below Advertisement
इस वीडियो के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर भारी उबाल देखने को मिल रहा है

Watermelon Foam: गर्मियों के सीजन में लोगों के लिए तरबूज सबसे पसंदीदा फल होता है, और इसे स्वास्थ्य के लिए काफी लाभदायक माना जाता है। लेकिन क्या मार्केट में मिलने वाला तरबूज खाना सेफ है? हाल ही में मुंबई में तरबूज खाने से एक हंसता-खेलता परिवार तबाह हो गया। तरबूज ने पति-पत्नी और दो बच्चों को मौत की नींद सुला दी। यही वजह है कि अब लोग तरबूज खाने से सहमे हुए हैं।

इसी बीच सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने लोगों के मन में बैठे डर को और बढ़ा दिया है। मशहूर यूट्यूबर गौरव तनेजा (Flying Beast) ने एक वीडियो शेयर किया है जिसमें तरबूज से साबुन की तरह झाग (Foam) निकलता दिख रहा है। इस वीडियो ने फल और सब्जियों को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है, खासकर तब जब हाल ही में मुंबई में तरबूज खाने से एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत की खबर सामने आई थी।

'तरबूज में से निकला जहर'


यूट्यूबर गौरव तनेजा ने अपनी पत्नी रितु के साथ एक वीडियो शेयर किया, जिसका कैप्शन था- 'तरबूज में निकला जहर!'। दरअसल रितु ने सड़क किनारे एक रेहड़ी वाले से तरबूज खरीदा था। फ्रिज में जगह न होने के कारण उसे रात भर किचन काउंटर पर बाहर ही रहने दिया। अगली सुबह जब तरबूज काटा गया, तो उसके अंदर से लगातार सफेद झाग निकलने लगा। गौरव ने दावा किया कि ऐसा लग रहा है जैसे इसमें कोई केमिकल या साबुन का इंजेक्शन लगाया गया हो।

सोशल मीडिया पर छिड़ी जंग

इस वीडियो के वायरल होते ही नेटिजन्स दो गुटों में बंट गए हैं। कई लोगों का कहना है कि सड़क किनारे फल बेचने वालों की कोई मॉनिटरिंग नहीं होती। न कोई एक्सपायरी डेट है और न ही क्वालिटी चेक। लोग 'हेल्दी' समझकर इन्हें खा रहे हैं, जो जानलेवा हो सकता है। वहीं, कुछ जानकारों का कहना है कि यह कोई जहर नहीं, बल्कि फर्मेंटेशन है। अत्यधिक गर्मी के कारण तरबूज के अंदर मौजूद शुगर और बैक्टीरिया रिएक्ट करते हैं, जिससे गैस बनती है और झाग बाहर आता है। इसका मतलब है कि तरबूज सड़ चुका है।

मुंबई में 4 लोगों की हो गई थी खौफनाक मौत

यूट्यूबर का यह वीडियो ऐसे समय में आया है जब कुछ दिन पहले दक्षिण मुंबई के डोकाडिया परिवार के साथ दिल दहला देने वाला हादसा हुआ था। तरबूज खाने के बाद परिवार के 4 सदस्यों की तबीयत बिगड़ी और उनकी मौत हो गई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, फॉरेंसिक जांच में तरबूज के अंदर और मृतकों के अंगों में जिंक फॉस्फाइड (Rat Poison) पाया गया। पुलिस को तरबूज पर इंजेक्शन का कोई निशान नहीं मिला, जिससे यह गुत्थी और उलझ गई है कि जहर फल के अंदर कैसे पहुंचा।

तरबूज खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान

अजीब गंध या झाग: अगर तरबूज से खट्टी महक आ रही हो या काटने पर झाग निकले, तो उसे तुरंत फेंक दें।

दरारें: अगर तरबूज की स्किन पर दरारें हैं, तो उसके अंदर बैक्टीरिया होने का खतरा ज्यादा रहता है।

स्टोरेज: गर्मियों में फलों को काटकर लंबे समय तक बाहर न छोड़ें, इससे फर्मेंटेशन की प्रक्रिया तेज हो जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।