जर्मनी के गेल्सेंकिर्चेन शहर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां 31 साल की एक महिला को बच्चों के खेलने की जगह पर बनी बेंच पर अकेले बैठकर के लिए 25 यूरो (करीब 2,350 रुपये) का जुर्माना भरना पड़ा। महिला किसी पर्सनल परेशानी की वजहे से वहां अकेले बैठ कर रो रही थी। वहीं इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है। उनके मुताबिक अधिकारियों को महिला के साथ इस मामले में थोड़ा नरमी और समझदारी से पेश आना चाहिए था। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला
हाना ने जर्मन अखबार BILD को बताया कि, उस समय वह काफी परेशान थी और अपने आंसू नहीं रोक पा रही थी। इसी दौरान वह एक बेंच पर बैठकर अपनी आंटी से फोन पर बात करने लगी। लेकिन कुछ देर बाद वहां पहुंचे नगर निगम के तीन अधिकारियों ने उसे जुर्माना थमा दिया। उनका कहना है कि अधिकारियों ने उनकी परेशानी समझने या मदद की पेशकश करने के बजाय कहा कि बिना बच्चे के उन्हें प्लेग्राउंड में बैठने की अनुमति नहीं है। हाना ने बताया कि, नगर निगम के अधिकारियों ने सबसे पहले उनसे पूछा कि क्या पार्क में खेल रहे बच्चों में से कोई उनका बच्चा है। जब उन्होंने इससे इनकार किया, तो अधिकारियों ने कहा कि बिना किसी बच्चे की देखभाल किए बड़े लोगों को प्लेग्राउंड में बैठने की अनुमति नहीं है। इसके बाद हाना पर 25 यूरो (करीब 2,350 रुपये) का जुर्माना लगा दिया गया।
कुछ देर अकेले बैठना चाहती थी
जर्मन चैनल WDR को दिए इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि वह पढ़ाई के दबाव और आर्थिक परेशानियों के कारण पहले से ही काफी मुश्किल दौर से गुजर रही थीं। हाना ने कहा, "मैं बस कुछ समय अकेले बिताना चाहती थी और नहीं चाहती थी कि कोई मुझे देखे।"
बताया जा रहा है कि अधिकारियों ने गेल्सेंकिर्चेन के सार्वजनिक व्यवस्था से जुड़े नियमों की धारा 12 के तहत यह कार्रवाई की। इस नियम के अनुसार, प्लेग्राउंड का इस्तेमाल 14 साल या उससे कम उम्र के बच्चे ही कर सकते हैं। नियमों के मुताबिक, बड़े लोगों को प्लेग्राउंड में तभी जाने की अनुमति है, जब वे किसी बच्चे के साथ हों और उसकी देखभाल कर रहे हों। लेकिन, वहां लगे सूचना बोर्ड पर यह स्पष्ट नहीं लिखा है कि बिना बच्चों के आने वाले बड़े लोग वहां रखी बेंच पर भी नहीं बैठ सकते।
कानून और इंसानियत एक-दूसरे से अलग नहीं होने चाहिए
हाना ने कहा कि वह प्लेग्राउंड से जुड़े नियमों को समझती हैं, लेकिन उनके मुताबिक अधिकारियों को जुर्माना लगाने के बजाय सिर्फ वहां से चले जाने के लिए कहना चाहिए था। उन्होंने स्थानीय अखबार WAZ से कहा, "मुझे बस इतना बता देना काफी था कि मुझे यहां बैठने की अनुमति नहीं है।" हाना ने यह भी कहा कि नियमों को लागू करते समय इंसानियत और दया का ध्यान रखना जरूरी है। उनके शब्दों में, "कानून और इंसानियत एक-दूसरे से अलग नहीं होने चाहिए।" हालांकि, जुर्माने को गलत मानने के बावजूद उन्होंने किसी अतिरिक्त शुल्क या कानूनी परेशानी से बचने के लिए 25 यूरो की रकम भर दी।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, "इस पूरे मामले में इंसानियत कहां है? अगर आप किसी को रोते हुए देखते हैं, तो क्या सबसे पहले उससे यह नहीं पूछना चाहिए कि क्या वह ठीक है या उसे किसी मदद की जरूरत है?"
इलाके के कई लोगों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा के लिए प्लेग्राउंड के नियम जरूरी हैं, लेकिन इन्हें लागू करते समय हर स्थिति को समझना और लोगों के साथ उचित व्यवहार करना भी जरूरी है। लोगों की नाराजगी के बावजूद शहर प्रशासन ने अपने अधिकारियों की कार्रवाई को सही ठहराया है। गेल्सेंकिर्चेन के प्रवक्ता मार्टिन शुलमैन ने कहा कि स्थानीय नियमों का उल्लंघन करने पर 25 यूरो का जुर्माना लगाना उचित था और यह कोई बड़ी सजा नहीं है। प्रशासन ने इस शिकायत की भी जांच की कि अधिकारियों ने हाना से गलत तरीके से बात की थी, लेकिन जांच में उन्हें अधिकारियों की ओर से कोई गलती नहीं मिली।
इस फैसले के बाद भी स्थानीय लोगों की नाराजगी कम नहीं हुई है। कई निवासियों का मानना है कि प्लेग्राउंड के नियमों का पालन कराते हुए भी इस मामले को दूसरे तरीके से संभाला जा सकता था।
(डिस्क्लेमर: यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर यूज़र द्वारा शेयर किए गए कंटेंट पर आधारित है। मनीकंट्रोल इन दावों की न तो स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है और न ही इनका समर्थन करता है।)