आज के समय में अच्छी नौकरी पाना आसान नहीं है। कई लोग दर्जनों कंपनियों में अपना रिज्यूमे भेजते हैं, लेकिन फिर भी इंटरव्यू कॉल नहीं आता। अगर आपके साथ भी ऐसा हो रहा है, तो इसकी वजह आपकी योग्यता नहीं, बल्कि रिज्यूमे लिखने का तरीका हो सकता है। Google की पूर्व रिक्रूटर ने ऐसी आम गलती बताई है, जिसे ज्यादातर लोग समझ ही नहीं पाते और इसी कारण अच्छे मौके हाथ से निकल जाते हैं।
रिज्यूमे की सबसे बड़ी गलती
Google, TikTok, Uber और The New York Times जैसी बड़ी कंपनियों में भर्ती कर चुकी पूर्व रिक्रूटर फराह शार्गी के मुताबीक, सबसे बड़ी गलती ये है कि उम्मीदवार अपना रिज्यूमे ऐसे लिखते हैं, जैसे सामने वाला पहले से उनकी पूरी कहानी जानता हो। जबकि हकीकत ये है कि रिक्रूटर आपके बारे में कुछ भी नहीं जानता और वो केवल कुछ सेकंड में रिज्यूमे स्कैन करता है।
‘You Had To Be There’ वाली भाषा से बचें
शार्गी का कहना है कि कई लोग अपने प्रोजेक्ट्स और जिम्मेदारियों को इतने सामान्य या अंदरूनी अंदाज में लिखते हैं कि बाहरी व्यक्ति उसके महत्व को समझ ही नहीं पाता। इसलिए हर अनुभव से पहले एक छोटी-सी लाइन में कंपनी और अपनी भूमिका का संदर्भ जरूर दें, ताकि रिक्रूटर आसानी से समझ सके कि आपने वास्तव में क्या किया।
सिर्फ नंबर लिखना काफी नहीं
रिज्यूमे में आंकड़े जोड़ना अच्छी बात है, लेकिन उनके पीछे की कहानी भी बतानी जरूरी है। उदाहरण के लिए अगर आपने लिखा, “Q2 में $630,000 हासिल किए”, तो ये साफ होना चाहिए कि ये बिक्री थी, लागत में बचत थी या किसी अन्य उपलब्धि का आंकड़ा। बिना संदर्भ के नंबर प्रभाव नहीं छोड़ते।
जार्गन और कंपनी के शॉर्टकट शब्द हटाएं
कई उम्मीदवार अपने रिज्यूमे में कंपनी के अंदर इस्तेमाल होने वाले कोडनेम, शॉर्ट फॉर्म या तकनीकी शब्द लिख देते हैं, जिन्हें बाहरी रिक्रूटर समझ नहीं पाता। बेहतर होगा कि हर उपलब्धि को आसान और साफ भाषा में लिखा जाए।
'Hardworking' नहीं, सबूत दिखाइए
शार्गी का मानना है कि “Excellent Communication”, “Hard-working” या “Team Player” जैसे दावे तब तक असरदार नहीं होते, जब तक उनके साथ कोई ठोस उदाहरण न हो। रिक्रूटर शब्दों से ज्यादा आपके वास्तविक परिणाम और उपलब्धियों को महत्व देते हैं।
रिज्यूमे का मकसद सिर्फ अनुभव बताना नहीं, बल्कि उसे ऐसे पेश करना है कि कोई अनजान रिक्रूटर भी कुछ सेकंड में आपकी भूमिका, उपलब्धियां और प्रभाव आसानी से समझ सके। स्पष्ट भाषा, सही संदर्भ और प्रमाण के साथ लिखा गया रिज्यूमे इंटरव्यू कॉल मिलने की संभावना बढ़ा सकता है।