Gurugram Couple Monthly Expenses: 1.2 लाख रुपये का खर्च, जानें किराए से लेकर खाने तक कहां-कहां जाता है पैसा

गुरुग्राम में रहने वाले एक शादीशुदा कपल ने अगस्त महीने का अपना पूरा खर्च सोशल मीडिया पर बताया। दोनों ने खुलासा किया कि दो लोगों पर एक महीने में करीब 1.2 लाख रुपये खर्च हुए। पोस्ट सामने आने के बाद लोग यह जानने में दिलचस्पी लेने लगे कि आखिर गुरुग्राम में एक कपल की जिंदगी कितनी महंगी है

अपडेटेड Sep 24, 2026 पर 12:52 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
महीने के खर्च में अगली बड़ी रकम राशन और घर की जरूरतों पर जाती है।

गुरुग्राम में रहने वाले एक शादीशुदा कपल ने अगस्त महीने के अपने खर्च का हिसाब सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद यह पोस्ट चर्चा में आ गई। इस कपल ने बताया कि दो लोगों पर एक महीने में करीब 1.2 लाख रुपये खर्च हुए। उनकी शेयर की गई जानकारी में घर का किराया, राशन, घरेलू मदद, ट्रांसपोर्ट, बाहर खाना और ऑनलाइन ऑर्डर जैसी रोजमर्रा की जरूरतें शामिल हैं। हालांकि, लोगों की दिलचस्पी सिर्फ 1.2 लाख रुपये के आंकड़े में नहीं रही। सोशल मीडिया यूजर्स यह जानने को उत्सुक दिखे कि गुरुग्राम जैसे महंगे शहर में आखिर एक कपल का सामान्य जीवन जीने का मासिक बजट कितना हो सकता है।

खास तौर पर 3 BHK का किराया और घरेलू मदद के खर्च ने लोगों का ध्यान खींचा। कुछ यूजर्स ने बजट को अच्छी तरह मैनेज किया हुआ बताया, जबकि कुछ ने खर्च के अलग-अलग हिस्सों पर सवाल भी उठाए।

सबसे बड़ा खर्च घर का किराया


कपल के बजट में सबसे बड़ा हिस्सा घर का है। मोह‍ित और ज्योत्सना ने बताया कि वो गुरुग्राम में 3 BHK फ्लैट के लिए किराए और मेंटेनेंस पर करीब 36 हजार रुपये खर्च करते हैं। इसके अलावा घर के कामों में मदद करने वाली मेड को हर महीने 6 हजार रुपये दिए जाते हैं।

राशन पर 25 हजार, यानी रसोई भी नहीं है सस्ती

महीने के खर्च में अगली बड़ी रकम राशन और घर की जरूरतों पर जाती है। कपल के मुताबिक, किराने और घरेलू सामान पर करीब 25 हजार रुपये खर्च हो जाते हैं। यानी घर चलाने का खर्च ही उनके बजट का बड़ा हिस्सा खा जाता है।

इंटरनेट से लेकर OTT तक, छोटे खर्च मिलकर बड़ा बिल

मोबाइल और वाई-फाई के बिल पर करीब 3,500 रुपये खर्च होते हैं। वहीं OTT और म्यूजिक सब्सक्रिप्शन के लिए लगभग 2 हजार रुपये अलग से जाते हैं। देखने में ये रकम छोटी लग सकती है, लेकिन महीने के अंत तक ऐसे कई छोटे खर्च बजट को काफी बढ़ा देते हैं।

कार नहीं फिर भी 5 हजार रुपये ट्रांसपोर्ट पर

कपल के पास अपनी कार नहीं है। इसके बावजूद दिल्ली-गुरुग्राम आने-जाने और दूसरे कामों के लिए बाइक के पेट्रोल और कैब पर करीब 5 हजार रुपये खर्च होते हैं। कार न होने से खर्च कुछ हद तक नियंत्रित रहता है, लेकिन रोजमर्रा की आवाजाही का बिल फिर भी जुड़ता रहता है।

View this post on Instagram

 

वीकेंड का खाना भी बजट में बड़ा हिस्सा

इस कपल के लिए वीकेंड का मतलब घर से बाहर कॉफी और खाना भी है। इसके लिए करीब 15 हजार रुपये महीने खर्च होते हैं। वहीं ऑनलाइन खाना मंगाने पर लगभग 3 हजार रुपये और चले जाते हैं।

असली सवाल रकम नहीं, लोगों की अपनी जिंदगी है

कपल ने अपना खर्च साझा करते हुए पूछा कि गुरुग्राम में दो लोगों के लिए 1.2 लाख रुपये का मासिक खर्च ज्यादा है या उचित? इसके बाद सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। किसी ने बजट को अच्छी तरह मैनेज किया हुआ बताया, तो कुछ लोग 3 BHK के 36 हजार रुपये किराए को लेकर हैरान दिखे।

मेड की 6 हजार रुपये की फीस भी चर्चा का विषय बनी। एक यूजर ने सवाल किया कि खाना बनाने, सफाई और किचन के काम के लिए इतनी कम रकम में घरेलू मदद कैसे मिल रही है। वहीं कुछ लोगों ने कपल से उनके रहने वाले सेक्टर के बारे में भी पूछा, क्योंकि उन्हें 3 BHK का किराया काफी कम लगा।

(डिस्क्लेमर: यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर यूज़र द्वारा शेयर किए गए कंटेंट पर आधारित है। मनीकंट्रोल इन दावों की न तो स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है और न ही इनका समर्थन करता है।)

'वो 34 की हैं, मैं सिर्फ 22 का'… Team Lead के व्यवहार ने Techie को किया कंफ्यूज, Reddit पर पूछी राय

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।