हरतालिका तीज हिंदू महिलाओं के लिए आस्था और भक्ति का विशेष पर्व है, जिसे विवाहित और अविवाहित दोनों महिलाएं पूरे उत्साह से मनाती हैं। इस दिन महिलाएँ माता पार्वती और भगवान शिव की पूजा करती हैं और निर्जला व्रत रखकर अपने वैवाहिक जीवन की खुशहाली और पति की लंबी आयु की कामना करती हैं। अविवाहित कन्याएं भी इस व्रत को योग्य जीवनसाथी प्राप्ति के लिए करती हैं। धार्मिक मान्यता है कि श्रद्धा और समर्पण के साथ किया गया यह व्रत जीवन में सुख, समृद्धि और प्रेम का आशीर्वाद देता है। इस अवसर पर महिलाएं श्रृंगार करती हैं, घरों और मंदिरों को सजाती हैं और परिवार के साथ मिलकर पूजा-अर्चना करती हैं।
