उत्तराखंड के बागेश्वर जैसे खूबसूरत पहाड़ी इलाकों में जहां हरियाली और प्राकृतिक सुंदरता बिखरी हुई है, वहीं जंगली जानवरों और सांपों का खतरा भी बना रहता है। खासतौर पर गर्मी और बरसात के मौसम में सांप घरों के आस-पास ज्यादा दिखने लगते हैं, जिससे लोगों की चिंता बढ़ जाती है। इस समस्या से बचने के लिए स्थानीय लोग एक खास और पुराना तरीका अपनाते हैं, जो वर्षों से कारगर साबित हुआ है। वे पुराने टायर की रबर जलाते हैं। बागेश्वर के जानकार पूरन सिंह सुयाल लोकल 18 से बात करते हुए बताया कि रोजाना घर के आंगन या आसपास टायर की रबर जलाने से उस इलाके में सांप नहीं आते।
टायर जलने से निकलने वाली तेज गंध सांपों को बहुत परेशान करती है और वे दूर भाग जाते हैं। यह सरल लेकिन प्रभावी नुस्खा पहाड़ों में रहने वालों के लिए एक बड़ी राहत साबित हुआ है।
क्यों नापसंद करते हैं सांप टायर की गंध?
टायर जलने पर जो तेज और गंध निकलती है, वो सांपों के लिए बेहद असहनीय होती है। इसलिए वे उस इलाके से दूर भाग जाते हैं। इस नुस्खे को अपनाने के लिए पुरानी गाड़ी के टायर से रबर के छोटे टुकड़े काटकर हर शाम घर के बाहर, खासतौर पर मुख्य द्वार के आसपास जला देना चाहिए। ये तरीका सांपों के आने की आशंका को काफी हद तक कम कर देता है।
टायर जलाने में सावधानियां जरूरी
हालांकि ये उपाय प्रभावी माना जाता है, लेकिन टायर जलाते वक्त सावधानी बेहद जरूरी है। धुआं जहरीला हो सकता है इसलिए इसे खुले और हवादार स्थान पर ही जलाएं। बच्चों को दूर रखें और आग को पूरी तरह बुझाकर ही स्थान छोड़ें।
कुमाऊं क्षेत्र के कई ग्रामीण परिवार वर्षों से इस उपाय को अपनाते आ रहे हैं, खासकर जहां पशु पालन होता है या लकड़ी-घास जमा रहती है। ये नुस्खा न सिर्फ सांपों को दूर भगाता है बल्कि मानसिक सुरक्षा का भी एहसास कराता है। हालांकि वैज्ञानिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन अनुभवों से ये तरीका कारगर साबित हुआ है। पहाड़ी जीवन में स्थानीय ज्ञान और परंपराओं का महत्व इस बात का परिचायक है कि प्राकृतिक नुस्खे भी हमारे जीवन को सुरक्षित रखने में सहायक हो सकते हैं।
क्या आप भी आजमाएंगे यह घरेलू उपाय?
अगर आप भी किसी ऐसे इलाके में रहते हैं जहां सांपों का खतरा रहता है, तो इस पारंपरिक नुस्खे को अपनाकर देख सकते हैं। ये तरीका न केवल सांपों से सुरक्षा दे सकता है, बल्कि आपकी चिंता और भय को भी कम कर सकता है। प्राकृतिक और सरल उपायों से सुरक्षा संभव है, बस जरूरत है सही जानकारी और सावधानी की।