Human Trafficking Case: पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। न्यू जलपाईगुड़ी-पटना कैपिटल एक्सप्रेस ट्रेन से 56 लड़कियों को कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में नौकरी दिलाने के नाम पर बिहार ले जाया जा रहा था। लेकिन रेलवे पुलिस के अधिकारियों ने सिलीगुड़ी के न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से सभी युवतियों को बचा लिया। इस मामले मे उनके साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि इन लड़कियों को सोमवार (21 जुलाई) देर रात न्यू जलपाईगुड़ी-पटना कैपिटल एक्सप्रेस से बचाया गया।
बचाई गई इन लड़कियों की उम्र 18 से 31 साल के बीच है। अधिकारियों ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि ये महिलाएं पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार जिलों की रहने वाली हैं। उन्हें बेंगलुरु की एक कंपनी में नौकरी दिलाने का कथित तौर पर झूठा वादा करके बहकाया गया था। उन्होंने बताया कि उन्हें ट्रेन से चुनावी राज्य बिहार भेजा जा रहा था।
अधिकारियों ने बताया कि किसी भी महिला के पास वैध टिकट नहीं था। उनके हाथों पर केवल कोच एवं बर्थ संख्या की मुहर लगी हुई थी। उन्होंने बताया कि रेलवे सुरक्षा बल (RPF) कर्मियों को ट्रेन की नियमित जांच के दौरान इतनी सारी युवतियों को एक साथ यात्रा करते देखकर शक हुआ। बाद में उनसे पूछताछ में गंभीर खुलासे हुए।
अधिकारियों ने बताया कि एक पुरुष और एक महिला को विरोधाभासी बयान देने पर मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी यह स्पष्ट नहीं कर पाए कि जब महिलाओं को बेंगलुरु में नौकरी दिलाने का वादा किया गया था तो उन्हें बिहार क्यों भेजा जा रहा था।
अधिकारियों ने बताया कि वे नौकरी की पेशकश या यात्रा के वैध कारणों की पुष्टि करने वाले कोई भी दस्तावेज पेश करने में विफल रहे। उन्होंने बताया कि गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (GRP) और राजकीय रेलवे पुलिस (RPF) खासकर मानव तस्करी के पहलू से मामले की संयुक्त रूप से जांच कर रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि लड़कियों को उनके परिवारों को सौंप दिया गया है। सोशल मीडिया पर इस मामले को बिहार चुनाव से भी जोड़कर देखा जा रहा है।