
IIM कलकत्ता से MBA करने वाली अवनि राठौड़ ने 30 लाख रुपये का एजुकेशन लोन सिर्फ 2 साल में चुका दिया। उन्होंने इसके लिए सिर्फ नौकरी की सैलरी पर भरोसा नहीं किया। पुरानी बचत, इंटर्नशिप की कमाई, पार्ट टाइम काम और फिर नौकरी की सैलरी, इन चारों से पैसा जुटाकर उन्होंने कर्ज खत्म किया। उनका कहना है, कर्ज से मुक्त होकर ही करियर में नई शुरुआत करनी थी।
Moneycontrol की रिपोर्ट के मुताबिक, अवनि ने अपनी पूरी कहानी सोशल मीडिया पर शेयर की है। उन्होंने बताया कि लोन चुकाने का फैसला उन्होंने नौकरी छोड़ने से पहले ही ले लिया था, ताकि नई शुरुआत पर कोई पुराना बोझ न रहे।
लोन लेना ही आखिरी रास्ता था
अच्छे कॉलेज से MBA करना हर किसी का सपना होता है, पर फीस भी लाखों में होती है। अवनि के साथ भी यही हुआ। पढ़ाई के लिए उन्हें 30 लाख रुपये का लोन लेना पड़ा। आमतौर पर लोग इस लोन को कई सालों तक किस्तों में चुकाते हैं। पर अवनि ने सोच लिया था, इसे जल्दी खत्म करना है। मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने अपनी पूरी कहानी सोशल मीडिया पर बताई है।
लोन चुकाने के लिए अवनि ने ऐसे जुटाए पैसे
अवनि ने बताया, लोन चुकाने में चार चीजों ने सबसे ज्यादा मदद की।
1. नौकरी से की हुई बचत काम आई
IIM में जाने से पहले अवनि ने करीब 2 साल नौकरी की थी। उस दौरान उन्होंने कुछ पैसा बचा कर रखा था। उसी बचत को उन्होंने पढ़ाई और लोन के बोझ को कम करने में लगाया। उन्होंने म्यूचुअल फंड और PPF को हाथ नहीं लगाया। जो पैसा हाथ में था, उसी से काम चलाया।
2. इंटर्नशिप से मिली मोटी रकम
MBA के दौरान अवनि ने BCG में समर इंटर्नशिप की थी। वहां से उन्हें अच्छी खासी रकम मिली। इसका एक हिस्सा उन्होंने सीधे लोन चुकाने के लिए अलग रख दिया। पढ़ाई के बीच मिली ये कमाई भी काफी काम आई।
3. पढ़ाई के साथ-साथ पार्ट टाइम काम
MBA के दूसरे साल में अवनि को पहले ही PPO मिल गया था। नौकरी पक्की थी, तो उन्होंने पढ़ाई के साथ पार्ट टाइम काम भी शुरू कर दिया। इससे जो एक्स्ट्रा कमाई हुई, वो भी लोन में ही लगा दी।
4. नौकरी की सैलरी से हुआ आखिरी हिस्सा
तीन जगह से पैसा जुटाने के बाद भी थोड़ा लोन बचा था। वो उन्होंने MBA के बाद मिली नौकरी की सैलरी से चुकाया। अवनि ने बताया, उन पर घर की कोई बड़ी जिम्मेदारी नहीं थी। कोई आश्रित नहीं था। इसलिए सैलरी का बड़ा हिस्सा लोन में लगा पाईं।
हर किसी के लिए यही तरीका सही नहीं
अवनि ने एक बात साफ कही है, लोन को जल्दी चुकाना हर किसी के लिए फायदे का सौदा नहीं होता। एजुकेशन लोन कई बार कम ब्याज पर और बिना गारंटी के मिल जाता है। ऐसे में कई लोग किस्तें चलाते हुए बाकी पैसे को निवेश में लगाना ज्यादा सही समझते हैं। पर अवनि की सोच अलग थी। उनको कर्ज का बोझ लेकर नहीं चलना था।
नौकरी छोड़कर कुछ नया करना है
अवनि अब नौकरी छोड़कर कुछ नया शुरू करना चाहती हैं। इसलिए वो नहीं चाहती थीं कि पुराना लोन सिर पर बना रहे। उनका मानना है, पहले कर्ज खत्म हो जाए, तो आगे रिस्क लेने में डर नहीं लगता। फैसले खुलकर लिए जा सकते हैं। उनकी पोस्ट पर लोगों ने भी खूब कमेंट किए। किसी ने मेहनत की तारीफ की, तो किसी ने कहा कम ब्याज वाला लोन जल्दी चुकाने के बजाय निवेश करना भी एक ऑप्शन था।
छोटी-छोटी बचत से उतर गया बड़ा बोझ
अवनि की कहानी यही बताती है, बड़े कर्ज के लिए बड़ी कमाई का इंतजार करना जरूरी नहीं। पुरानी बचत हो, इंटर्नशिप की कमाई हो या नौकरी की सैलरी, हर छोटी रकम को सही जगह लगाया जाए तो बड़ा बोझ भी उतर जाता है। हां, हर किसी की कमाई, खर्च और लोन का ब्याज अलग होता है। इसलिए जल्दी चुकाना है या निवेश करना है, ये फैसला अपनी जेब देखकर ही करना चाहिए।
अवनि के लिए ये 30 लाख चुकाना सिर्फ कर्ज खत्म करना नहीं था। ये अपने करियर की नई शुरुआत के लिए खुद को तैयार करना था।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।