भारत में हर महीने 7.5 लाख रुपये कमाना बहुत बड़ी बात मानी जाती है। लेकिन अमेरिका में इतनी कमाई होने के बाद भी आरामदायक जिंदगी जीना आसान नहीं है। वहां घर का किराया, खाने-पीने और दूसरी जरूरतों पर काफी पैसा खर्च होता है। हाल ही में अमेरिका में रहने वाली एक भारतीय महिला ने बताया कि वह सालाना करीब 1 करोड़ रुपये कमाती हैं, फिर भी खुद को मिडिल क्लास मानती हैं। उन्होंने अपने हर महीने के खर्चों की जानकारी भी दी है। उसके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। इसके बाद सोशल मीडिया पर भारत और अमेरिका में रहने के खर्च और सुविधाओं को लेकर बहस शुरू हो गई है।
सोशल मीडिया पर शेयर किया पोस्ट
हाल ही में अमेरिका में रहने वाले नितिन मल्होत्रा ने अपनी बहन महिमा राठी का एक वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया। इस वीडियो के साथ उन्होंने लिखा कि, "अमेरिका में सालाना 1 करोड़ रुपये कमाने के बाद भी उनकी बहन खुद को मिडिल क्लास मानती हैं।" इसके बाद यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आ गई। महिमा ने भी अपने भाई की बात से सहमति जताई और बताया कि हर महीने उनकी कमाई का बड़ा हिस्सा जरूरी खर्चों में चला जाता है। उन्होंने कहा कि, उनकी मासिक सैलरी 8,000 डॉलर यानी करीब 7.5 लाख रुपये है, लेकिन इसमें से काफी पैसा टैक्स, घर के किराए और अन्य घरेलू खर्चों पर खर्च हो जाता है।
शेयर किया अपने महीने का खर्च
महिमा ने अपने महीने के खर्चों का पूरा हिसाब भी शेयर किया। उन्होंने बताया कि हर महीने मिलने वाली 8,000 डॉलर (करीब 7.5 लाख रुपये) की सैलरी में से लगभग 1,500 डॉलर (लगभग 1.4 लाख रुपये) टैक्स में चले जाते हैं। वहीं, 2,500 डॉलर (करीब 2.34 लाख रुपये) घर की किस्त यानी होम मॉर्गेज में खर्च होते हैं। इसके अलावा खाने-पीने पर 1,000 डॉलर (94 हजार रुपये), मेडिकल इंश्योरेंस पर 500 डॉलर (47 हजार रुपये), कार के इंश्योरेंस और पेट्रोल पर 500 डॉलर खर्च होते हैं। फोन, इंटरनेट और दूसरे बिलों पर भी 500 डॉलर देने पड़ते हैं। वहीं, बच्चों की जरूरतों पर 300 डॉलर (करीब 28 हजार रुपये) और अन्य छोटे-मोटे खर्चों पर 200 डॉलर (करीब 18,700 रुपये) खर्च हो जाते हैं।
हर महीने होती है इतनी बचत
सभी जरूरी खर्चों को पूरा करने के बाद महिमा के पास हर महीने करीब 1,000 डॉलर (लगभग 94 हजार रुपये) ही बचते हैं। उन्होंने ये भी बताया कि इस हिसाब में उनके निजी खर्चों को शामिल नहीं किया गया है। यानी बाकी जरूरतों और खुद पर होने वाले खर्च के बाद उनकी बचत और भी कम हो सकती है। महिमा ने अमेरिका में अपनी मौजूदा आर्थिक स्थिति की तुलना भारत में बिताए पुराने दिनों से भी की। उन्होंने बताया कि भारत में रहते हुए उनकी सालाना कमाई 15 लाख रुपये थी, लेकिन इसके बावजूद वह अपनी सैलरी का बड़ा हिस्सा बचा लेती थीं। उनका कहना है कि ज्यादातर लोग अमेरिका बेहतर सुविधाओं और अच्छी जीवनशैली की उम्मीद में जाते हैं।
सोशल मीडिया पर लोगों ने किया कमेंट
महिमा का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। कुछ लोगों ने अमेरिका की बेहतर सुविधाओं को वहां रहने की वजह बताया, तो कुछ का कहना है कि भारत में कम कमाई के बावजूद ज्यादा बचत करना आसान है। एक अन्य यूजर ने मजाकिया अंदाज में कहा कि, "अगर महीने की सैलरी 6 से 6.5 लाख रुपये है और सभी खर्चों के बाद सिर्फ 1 से 1.25 लाख रुपये ही बचते हैं, तो उनके हिसाब से भारत में रहना ज्यादा बेहतर है। उन्होंने कहा कि भारत में 2 लाख रुपये महीने कमाने वाला व्यक्ति भी करीब 1 लाख रुपये बचा सकता है। हालांकि, लोग अमेरिका बेहतर जीवनशैली की उम्मीद में जाते हैं।"
एक यूजर ने कहा कि, "अमेरिका में आपके पास अपना घर और कार है। वहां साफ हवा-पानी, अच्छे पार्क और साफ फुटपाथ जैसी सुविधाएं मिलती हैं। बच्चों की देखभाल और मैटरनिटी बेनिफिट्स भी मिलते हैं। आप अपनी जरूरतों और शौक पर पैसे खर्च कर सकते हैं और कम कीमत में अच्छे ब्रांड के सामान खरीद सकते हैं। यूजर के अनुसार, अमेरिका में मिडिल क्लास जिंदगी का मतलब यही है।"
वहीं, एक दूसरे यूजर ने कहा कि, "सुरक्षा भी विदेश में रहने की एक बड़ी वजह है। अमेरिका में लोग ज्यादा सुरक्षित महसूस करते हैं और वहां महिलाओं को घूरने या उन पर बेवजह कमेंट करने जैसी परेशानियां कम हैं। इसके अलावा, वहां की साफ हवा और बेहतर जीवन स्तर भी विदेश में रहने को अच्छा विकल्प बनाते हैं। उन्होंने भारत में भ्रष्टाचार और नस्लवाद को भी एक बड़ी समस्या बताया।"
(डिस्क्लेमर: यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर यूज़र द्वारा शेयर किए गए कंटेंट पर आधारित है। मनीकंट्रोल इन दावों की न तो स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है और न ही इनका समर्थन करता है।)