Grok से भारत के नियम पूछ रहा था आयरिश शख्स, वायरल हुई बातचीत तो Elon Musk ने भी दे दिया जवाब
भारत घूमने आए एक आयरिश शख्स को कोलकाता इतना पसंद आया कि उसने यहीं बसने का मजाकिया ऐलान कर दिया। इसके बाद उसने AI चैटबॉट Grok से भारतीय नागरिकता, सरकारी मदद और प्रॉपर्टी खरीदने को लेकर सवाल किए। जवाबों की यह बातचीत सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और Elon Musk का ध्यान भी खींच लाई
पूरी बातचीत सामने आने के बाद X पर यूजर्स ने तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं।
आयरलैंड से भारत पहुंचे एक शख्स ने देश में बसने को लेकर AI चैटबॉट Grok से ऐसे सवाल पूछ दिए कि सोशल मीडिया पर पूरी चर्चा छिड़ गई। पार्टनर और दो बच्चों के साथ कोलकाता पहुंचे इस व्यक्ति ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उसे भारत इतना पसंद आया कि अब वह यहीं रहने का मन बना रहा है।
इसके बाद उसने Grok से भारतीय नागरिकता, सरकारी आर्थिक मदद और भारत में घर खरीदने जैसे सवाल पूछे। देखते ही देखते सवाल-जवाब का यह सिलसिला X पर वायरल हो गया।
‘मुझे भारत इतना पसंद आया कि यहीं रुक रहा हूं’
कोलकाता पहुंचने के बाद शख्स ने X पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए लिखा कि वह भारत आ चुका है और उसे यहां इतना अच्छा लग रहा है कि उसने यहीं रहने का फैसला कर लिया है। इसके बाद उसका अगला सवाल सीधा भारतीय नागरिकता को लेकर था। उसने Grok से पूछा कि आखिर उसे भारतीय नागरिक बनने में कितना समय लगेगा।
नागरिकता के लिए कितने साल रहना होगा?
Grok ने उसे बताया कि प्राकृतिककरण के जरिए भारतीय नागरिकता हासिल करने के लिए आम तौर पर लंबे समय तक भारत में कानूनी रूप से रहना जरूरी होता है। AI चैटबॉट के मुताबिक, आवेदन से पहले पिछले 14 वर्षों में 11 साल भारत में निवास और आवेदन से ठीक पहले लगातार एक साल भारत में रहना जैसी शर्तें लागू होती हैं। जवाब का एक और हिस्सा उसके लिए शायद ज्यादा चौंकाने वाला था भारत दोहरी नागरिकता की अनुमति नहीं देता। यानी भारतीय नागरिकता लेने की स्थिति में उसे अपनी आयरिश नागरिकता छोड़नी पड़ सकती है।
फिर आया सबसे दिलचस्प सवाल
नागरिकता के बाद शख्स ने Grok से पूछा कि जब तक वह और उसका परिवार नौकरी तलाश रहे होंगे, तब तक भारतीय सरकार उन्हें कितनी आर्थिक मदद देगी। Grok का जवाब था कि नए आने वाले विदेशी नागरिकों के लिए भारत में ऐसी कोई सामान्य नकद बेरोजगारी सहायता नहीं है, जिस पर वे सिर्फ देश में पहुंचने के आधार पर दावा कर सकें। यानी परिवार को अपनी आर्थिक जरूरतों का इंतजाम खुद करना होगा।
अब सवाल घर खरीदने का था
इसके बाद बातचीत और दिलचस्प हो गई। शख्स ने पूछा कि अगर उसके पास पैसे हों तो क्या वह भारत में घर खरीद सकता है। उसने एक काल्पनिक स्थिति भी रखी कि अगर उसने कैसीनो में 1 लाख यूरो जीते हों और उसके पास वह रकम हो, तो क्या उससे भारत में प्रॉपर्टी खरीदी जा सकती है।
Grok ने समझाया कि सिर्फ पैसे होना पर्याप्त नहीं है। भारत में विदेशी नागरिक के लिए प्रॉपर्टी खरीदने के नियम उसकी इमिग्रेशन और रेजिडेंसी स्थिति पर निर्भर करते हैं।
HI EVERYONE - I JUST LANDED IN CALCUTTA, INDIA
I love it here so much, I am going to stay. @grok please tell me - briefly. I want to get Indian Citizenship, how long will it take me? — Aidan Joyce (@AidanJoyce) September 10, 2026
सोशल मीडिया पर लोगों ने खूब लिए मजे
पूरी बातचीत सामने आने के बाद X पर यूजर्स ने तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं। किसी को यह सवाल-जवाब बेहद मजेदार लगा, तो कुछ लोगों ने भारतीय नियमों को लेकर अपनी राय साझा की। एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में कहा कि भारत में नागरिकता के लिए लंबा इंतजार करना होगा और यहां कल्याणकारी योजनाएं भी नए आने वालों के लिए आसानी से उपलब्ध नहीं हैं।
Hilarious thread of Irish guy asking about moving to India. It takes 12 years for citizenship, you must renounce previous passports, of course zero welfare -- they'll just deport you. — Peter St Onge, Ph.D. (@profstonge) September 11, 2026
Elon Musk भी खुद को रोक नहीं पाए
यह वायरल चर्चा तब और दिलचस्प हो गई जब इसे X यूजर Peter St Onge ने शेयर किया। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को मजेदार बताया। पोस्ट पर ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सिर्फ तीन शब्दों में लिखा—“India is realistic.” Musk की इस छोटी-सी प्रतिक्रिया के बाद पोस्ट को और ज्यादा लोगों का ध्यान मिला।
एक मजाकिया सवाल-जवाब ने छेड़ दी बड़ी चर्चा
दरअसल, यह पूरा मामला सिर्फ एक विदेशी परिवार के भारत में बसने की इच्छा तक सीमित नहीं रहा। नागरिकता, सरकारी सहायता और प्रॉपर्टी खरीदने जैसे सवालों ने सोशल मीडिया पर भारत के नियमों को लेकर भी चर्चा शुरू कर दी।
(डिस्क्लेमर: यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर यूज़र द्वारा शेयर किए गए कंटेंट पर आधारित है। मनीकंट्रोल इन दावों की न तो स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है और न ही इनका समर्थन करता है।)