Jagannath Rath Yatra 2026: भगवान जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथ यात्रा आज से ओडिशा के पुरी सहित देश और दुनिया के विभिन्न हिस्सों में शुरू हो रही है। पंचांग के अनुसार, इस बार रथ यात्रा का शुभारंभ रवियोग जैसे अत्यंत शुभ संयोग में हो रहा है। इसलिए, इसका धार्मिक महत्व और भी बढ़ गया है। भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु की रथ यात्रा हर साल आषाढ़ माह के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि से शुरू होती है। आज के दिन भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु अपने भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ अपनी मौसी के घर गुंडीचा मंदिर जाते हैं। इस बेहद खास यात्रा के लिए तीनों भाई और बहन के लिए सुंदर और दिव्य लकड़ी के रथ तैयार किए जाते हैं, जिन पर इनकी भव्य और अलौकिक रथ यात्रा निकाली जाती है। आज से शुरू हुई इस रथ यात्रा का समापन 24 जुलाई को मंदिर में भगवान की वापसी की यात्रा के साथ होगा।
