Kanwar Yatra 2025: राजधानी दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के नंदग्राम इलाके में कांवड़ियों को जूस में पेशाब मिलाकर बेचने के आरोप में पुलिस ने रविवार (13 जुलाई) को दो विक्रेताओं को गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों ने बताया कि बजरंग दल के एक पदाधिकारी ने दिल्ली-मेरठ हाईवे पर सिहानी चुंगी में जूस बेचने वाले जीशान और महताब पर उस रूट से गुजरने वाले कांवड़ियों को जूस में पेशाब मिलाकर देने की शिकायत पुलिस से की थी। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
नंदग्राम की अपर पुलिस आयुक्त पूनम मिश्रा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग की एक टीम को मौके पर बुलाया गया। फिर जूस के सैंपल लेकर उन्हें टेस्ट के लिए लैब भेजा गया है। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट 15 दिन के भीतर मिलने की संभावना है। बता दें कि 11 जुलाई से सावन महीने की शुरुआत के साथ ही कांवड़ यात्रा भी शुरू हो गई है।
मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में गंदगी पाए जाने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने 'दिल्ली जूस कॉर्नर' नाम के दुकान को सील कर दिया है। जब ये खबर इलाके में फैली कि वहां कांवड़ियों को दिए जा रहे जूस में थूक और पेशाब मिलाया जा रहा है तो बवाल खड़ा हो गया। इलाके में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते हिंदू संगठन से जुड़े लोग भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने बाद में मामले को शांत कराया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत प्रदेश के कई प्रमुख नेताओं ने श्रावण मास के पहले सोमवार की शिवभक्तों और श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई और शुभकामना दी है। योगी आदित्यनाथ ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर एक पोस्ट में कहा, "सभी शिव भक्तों को श्रावण मास के प्रथम सोमवार की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।’’
उन्होंने अपने पोस्ट में कहा, "देवाधिदेव महादेव से प्रार्थना है कि वह सकल जगत का कल्याण करें, सभी के कष्ट हरें और धरा पर सुख, शांति और समृद्धि का संचार करें। हर हर महादेव।" उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने X पर अपने पोस्ट में कहा, "श्रावण मास के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर समस्त श्रद्धालुओं एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं।"
मौर्य ने कहा, "भगवान भोलेनाथ की कृपा से समस्त विश्व का कल्याण हो, यही प्रार्थना है। हर हर महादेव।" उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने X पर पोस्ट कर कहा, "श्रावण मास के प्रथम सोमवार के शुभ अवसर पर समस्त देश एवं प्रदेश एवं क्षेत्रवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।"
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने एक पोस्ट में कहा, "आप सभी प्रदेशवासियों एवं श्रद्धालुओं को देवाधिदेव भगवान महादेव जी की आस्था के पवित्र श्रावण मास के ‘प्रथम सोमवार’ की हार्दिक बधाई एवं असीम शुभकामनाएं।" चौधरी ने कहा, "यह पवित्र पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि लाये, भगवान शिव जी से यही कामना करता हूं। हर-हर महादेव।"