अमेरिका में बसे PhD बेटे के लिए मां ने LinkedIn पर तलाशनी शुरू की दुल्हन, मैसेज हुआ वायरल

सोशल मीडिया पर एक मां का LinkedIn पर भेजा गया मैसेज खूब चर्चा में है। दरअसल, मां ने अमेरिका में बसे अपने PhD बेटे के लिए दुल्हन की तलाश में एक महिला से LinkedIn के जरिए संपर्क किया। मैसेज वायरल हुआ तो किसी ने इसे प्यारा बताया, तो किसी ने प्रोफेशनल प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल पर सवाल उठाए

अपडेटेड Sep 10, 2026 पर 2:31 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
बेटे की शादी के लिए मां ने LinkedIn को बनाया रिश्ते का जरिया

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा LinkedIn मैसेज चर्चा में है, जिसने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर रिश्ते तलाशने की सही जगह कौन-सी है। दरअसल, एक मां ने अपने अमेरिका में बसे PhD बेटे के लिए दुल्हन की तलाश करते हुए LinkedIn पर एक महिला को मैसेज भेज दिया। मैसेज सामने आते ही कुछ लोगों ने इसे प्यारा बताया, तो कुछ ने इसे प्रोफेशनल प्लेटफॉर्म की मर्यादा के खिलाफ करार दिया।

बताई मैसेज की वजह

इस पूरे मामले को X यूजर मुद्रिका कवड़िया ने शेयर किया। उन्होंने LinkedIn पर मिले मैसेज का स्क्रीनशॉट पोस्ट करते हुए हैरानी जताई कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि LinkedIn पर कोई मां अपने बेटे के लिए रिश्ता तलाशते हुए उनसे संपर्क करेगी। मैसेज की शुरुआत काफी अपनापन भरा था। महिला ने लिखा कि वह उम्र में मुद्रिका की मां के बराबर हैं, इसलिए उन्हें 'बेटा' कहकर संबोधित कर रही हैं। इसके बाद उन्होंने उनकी उपलब्धियों की तारीफ की और फिर सीधे अपने मैसेज की वजह बता दी।


अमेरिका में बसे PhD बेटे के लिए तलाश रही थीं जीवनसाथी

महिला ने बताया कि उनका बेटा 1997 में जन्मा है, Biomedical Sciences में PhD कर चुका है और अमेरिका में सेटल है। अब वह उसके लिए 24 से 29 साल की उम्र की उपयुक्त लड़की तलाश रही हैं। उन्होंने यह भी साफ किया कि परिवार को कोई जल्दबाजी नहीं है और वह खुद ही अपने बेटे के लिए रिश्ता तलाशने की कोशिश कर रही हैं। इसके बाद उन्होंने मुद्रिका से पूछा कि क्या वह सिंगल हैं और अगर दोनों तरफ से रुचि हो, तो परिवार आपस में जानकारी साझा कर सकते हैं। मैसेज के अंत में महिला ने आशीर्वाद देते हुए बेहद विनम्र अंदाज में अपनी बात खत्म की।

LinkedIn पर रिश्ता

मैसेज सोशल मीडिया पर आते ही बहस शुरू हो गई। कुछ लोगों को लगा कि LinkedIn करियर और प्रोफेशनल नेटवर्किंग के लिए बना है, इसलिए वहां शादी के लिए संपर्क करना उचित नहीं है। कुछ यूजर्स ने इसे 'अनप्रोफेशनल' बताते हुए चिंता जताई कि अगर ऐसे मामलों को सामान्य मान लिया गया, तो आने वाले समय में LinkedIn पर नौकरी और बिजनेस के बजाय रिश्तों के मैसेज ज्यादा दिखाई देने लगेंगे। एक यूजर ने तो इसे बेहद 'क्रिंज' बताया और मजाक में कहा कि ऐसी चीजों को बढ़ावा मिला तो LinkedIn पर 'रिश्ता लेकर आंटी' की भरमार हो सकती है।

कहीं एक ही मैसेज कई लड़कियों को तो नहीं भेजा?

बहस के बीच कुछ लोगों ने मैसेज के तरीके पर भी सवाल उठाए। यूजर्स ने अंदाजा लगाया कि हो सकता है महिला ने इसी तरह का मैसेज कई LinkedIn प्रोफाइल पर भेजा हो, ताकि बेटे के लिए ज्यादा से ज्यादा संभावित रिश्ते मिल सकें। हालांकि, यह सिर्फ सोशल मीडिया यूजर्स का अनुमान था। शेयर किए गए स्क्रीनशॉट से यह साबित नहीं होता कि ऐसा वास्तव में हुआ था।

trends (58)

लेकिन मुद्रिका ने कहा- 'इतना मत सोचिए, ये क्यूट है'

जहां कई लोग इस घटना को लेकर नाराज दिखे, वहीं खुद मुद्रिका ने मामले को काफी हल्के और सकारात्मक अंदाज में लिया। उन्होंने कहा कि महिला का इरादा गलत नहीं था। उनके मुताबिक, वह एक मां हैं जो LinkedIn को समझने और इस्तेमाल करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने महिला के विनम्र व्यवहार को देखते हुए लोगों से ज्यादा विश्लेषण न करने की अपील की और इस पूरे प्रयास को 'काफी क्यूट' बताया। मुद्रिका ने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि जिंदगी का एक सबक है अगर कोशिश ही नहीं करेंगे, तो सफलता मिलने का सवाल ही नहीं उठता।

कुछ लोगों को मां का अंदाज आया पसंद

सोशल मीडिया पर हर कोई इस मैसेज के खिलाफ नहीं था। कई यूजर्स ने कहा कि जब इरादा साफ हो और सामने वाले से सम्मानपूर्वक बात की जाए, तो इसमें इतनी बड़ी समस्या नहीं है। कुछ लोगों ने तो LinkedIn को इस काम के लिए एक दिलचस्प विकल्प भी बताया। उनका तर्क था कि किसी व्यक्ति की शिक्षा, नौकरी, करियर और उपलब्धियों की जानकारी LinkedIn प्रोफाइल पर आसानी से मिल जाती है। ऐसे में मां को अपने बेटे के लिए संभावित रिश्ता तलाशने के दौरान यह प्लेटफॉर्म उपयोगी लगा हो, तो इसे पूरी तरह गलत नहीं कहा जा सकता।

राजस्थान की सांभर झील से गुजरने वाली इस ऑरेंज वंदे भारत से दिखते हैं अद्भुत नजारे! इसका रूट, फेयर और स्टॉपेज जानिए

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।