दिल्ली की मेकअप आर्टिस्ट मोमिना इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। वजह है उनकी एक हफ्ते की कमाई, जो करीब 4.5 लाख रुपये रही। मोमिना ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर बताया कि सात दिनों में उन्होंने पांच ब्राइडल और फैमिली मेकअप बुकिंग्स से यह रकम कमाई। हालांकि, मोमिना के लिए यह सिर्फ कमाई का आंकड़ा नहीं है। वह इसे उन वर्षों की मेहनत का नतीजा मानती हैं, जो उन्होंने अपने करियर को मजबूत बनाने में लगाए। खुद को ‘सॉफ्ट ग्लैम स्पेशलिस्ट’ बताने वाली मोमिना पिछले पांच साल से लग्जरी ब्राइडल मेकअप इंडस्ट्री में काम कर रही हैं।
पांच बुकिंग्स और 4.5 लाख रुपये
मोमिना का यह व्यस्त सप्ताह एक खास क्लाइंट के साथ शुरू हुआ। पूजा जैन नाम की क्लाइंट सिंगापुर से आई थीं। उनके लिए मोमिना ने तीन अलग-अलग मेकअप लुक तैयार किए और इसके बदले 63 हजार रुपये चार्ज किए। इसके बाद उनकी अगली बुकिंग सुरभि ग्रोवर की थी। खास बात यह रही कि मोमिना पहले भी सुरभि का एंगेजमेंट मेकअप कर चुकी थीं। शादी के मौके पर दोबारा उन पर भरोसा जताया गया और इस बुकिंग के लिए मोमिना ने 73 हजार रुपये लिए।
दिल्ली से कसौली तक पहुंचा काम
अगली बुकिंग के लिए मोमिना को दिल्ली से कसौली जाना पड़ा। वहां एक शादी के लिए उन्होंने ब्राइडल मेकअप किया, जिसकी फीस 55 हजार रुपये रही। लेकिन सप्ताह की सबसे बड़ी बुकिंग अभी बाकी थी। दिल्ली लौटने के बाद मोमिना ने सलोनी नाहर और उनके परिवार के लिए मेकअप किया। इसमें दुल्हन के तीन अलग-अलग लुक के साथ उनकी बहन और मां के लिए तीन पार्टी मेकअप लुक भी शामिल थे। इस पूरे असाइनमेंट के लिए उन्हें 2.2 लाख रुपये मिले। सप्ताह की आखिरी बुकिंग भी एक ब्राइडल मेकअप की थी, जिसके लिए उन्होंने 37,500 रुपये चार्ज किए। इस तरह पांच बुकिंग्स से उनकी कुल कमाई करीब 4.5 लाख रुपये पहुंच गई।
‘आज का मुकाम अचानक नहीं मिला’
मोमिना ने अपनी पोस्ट में इस कमाई के पीछे की कहानी भी बताई। उन्होंने कहा कि लोगों को सिर्फ बड़ी रकम और भरा हुआ कैलेंडर नजर आता है, लेकिन उसके पीछे के संघर्ष दिखाई नहीं देते। उन्होंने बताया कि अपने पोर्टफोलियो को मजबूत करने और अपनी काबिलियत साबित करने के लिए उन्होंने लंबे समय तक बिना फीस के भी कोलैबोरेशन किए। हर नए काम के साथ सीखने, अपनी तकनीक बेहतर करने और हर क्लाइंट को अपना 100 प्रतिशत देने पर उन्होंने लगातार ध्यान दिया। मोमिना के लिए 4.5 लाख रुपये का यह आंकड़ा इसलिए खास है क्योंकि यह सिर्फ एक सप्ताह की कमाई नहीं, बल्कि पांच साल के अनुभव, लगातार मेहनत और क्लाइंट्स के भरोसे से बनी पहचान की कहानी है।