दुनिया के सबसे बड़े डिजिटल क्रिएटर्स में शामिल मिस्टर बीस्ट यानी जिमी डोनाल्डसन ने अपनी जिंदगी के नए अध्याय की शुरुआत कर दी है। उन्होंने अपनी लंबे समय से गर्लफ्रेंड रहीं थिया बोयसन के साथ शादी कर ली है। सोशल मीडिया पर शादी की पहली तस्वीरें साझा करते हुए मिस्टर बीस्ट ने अपनी खुशी जाहिर की और लिखा, “मुझे मिसेज बीस्ट मिल गईं।” उनकी इस खास घोषणा के बाद दुनियाभर में मौजूद उनके करोड़ों फैंस ने उन्हें बधाइयां दीं। यह शादी बेहद निजी लेकिन शानदार अंदाज में हुई, जिसमें परिवार और करीबी लोग शामिल हुए।
अपनी अनोखी वीडियो शैली और बड़े-बड़े चैरिटी प्रोजेक्ट्स के लिए मशहूर मिस्टर बीस्ट की निजी जिंदगी से जुड़ी यह खबर इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गई है। फैंस अब उनकी शादी की तस्वीरों और खास पलों को लेकर काफी उत्साहित हैं।
कैरेबियन के प्राइवेट द्वीप पर हुई सपनों जैसी शादी
मिस्टर बीस्ट और थिया बोयसन की शादी बेहद खास और निजी अंदाज में हुई। दोनों ने कैरेबियन सागर में स्थित नेकर आइलैंड पर शादी की, जो अरबपति रिचर्ड ब्रैनसन का निजी द्वीप है। इस भव्य समारोह में परिवार और करीबी दोस्तों समेत करीब 70 मेहमान शामिल हुए। शादी का जश्न सिर्फ एक दिन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पूरे एक हफ्ते तक अलग-अलग कार्यक्रमों के साथ चलता रहा।
शादी से पहले मेहमानों के साथ किए एडवेंचर
इस खास मौके को यादगार बनाने के लिए कपल ने शादी से पहले कई मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया। मेहमानों ने द्वीप पर स्नॉर्कलिंग, काइटसर्फिंग और कई अन्य एडवेंचर एक्टिविटीज का आनंद लिया। इसके बाद दोनों ने परिवार और दोस्तों की मौजूदगी में शादी की रस्में पूरी कीं।
2022 में शुरू हुई थी दोनों की प्रेम कहानी
मिस्टर बीस्ट और थिया बोयसन की मुलाकात साल 2022 में दक्षिण अफ्रीका में हुई थी। पहली मुलाकात के बाद दोनों के बीच रिश्ता शुरू हुआ। शुरुआत में दोनों ने दूर रहकर रिश्ते को निभाया, लेकिन बाद में साथ रहने लगे। 25 दिसंबर 2024 को जिमी डोनाल्डसन ने थिया को प्रपोज किया था। इसके बाद दोनों ने नए साल 2025 पर अपनी सगाई की जानकारी फैंस के साथ साझा की।
दुल्हन का गाउन और शादी का अंदाज रहा खास
शादी के दिन थिया बोयसन ने निकोल और फेलिशिया द्वारा डिजाइन किया गया खूबसूरत वेडिंग गाउन पहना, जबकि मिस्टर बीस्ट क्लासिक राल्फ लॉरेन टक्सीडो में नजर आए। रिसेप्शन में मेहमानों के लिए शानदार खाने का इंतजाम किया गया था। इसमें सुशी, वाग्यू बीफ और दुल्हन के लिए खास तौर पर बनाया गया कैरट केक शामिल था। कपल ने अपनी पहली डांस परफॉर्मेंस लेडी गागा और ब्रूनो मार्स के गाने पर दी।
थिया बोयसन दक्षिण अफ्रीका की मशहूर गेमर, ई-स्पोर्ट्स कमेंटेटर, यूट्यूबर और लेखिका हैं। उन्होंने कानून, मनोविज्ञान और न्यूरोसाइकोलॉजी की पढ़ाई की है। वह कई मौकों पर मिस्टर बीस्ट के साथ सोशल मीडिया और सार्वजनिक कार्यक्रमों में नजर आ चुकी हैं। मिस्टर बीस्ट की शादी ने उनके फैंस को उनके निजी जीवन की एक खास झलक दिखाई है और सोशल मीडिया पर यह शादी लंबे समय तक चर्चा का विषय बनी हुई है।