Murthal paratha price: अपने सड़क किनारे के ढाबों और लजीज पराठों के लिए मशहूर हरियाणा का मुरथल एक बार फिर चर्चा में है। लेकिन इस बार वजह इसके खाने का स्वाद नहीं, बल्कि एक पराठे की कीमत को लेकर सामने आया विवाद है। दिल्ली के एक ग्राहक ने रेशम ढाबा (Resham Dhaba) में एक पराठा खाने के बाद ₹1,184 का बिल सामने आने पर सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर की। यह पोस्ट वायरल हो गई और मुरथल के फूड हब में से एक रेशम ढाबा सवालों के घेरे में आ गया।
ग्राहक का दावा है कि उसने सिर्फ एक पराठा और एक पानी की बोतल ऑर्डर की थी, लेकिन जब बिल आया तो उसकी कीमत ₹1,184 थी। बिल की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए उसने इस पर सवाल उठाया। X (पूर्व में ट्विटर) पर कई यूजर्स ने इस कीमत को 'हद से ज्यादा' बताया।
एक यूजर ने तंज करते हुए लिखा, 'सिर्फ किसान की फसल सस्ती है, बाकी सब कुछ महंगा हो गया है।' एक यूजर ने लिखा, 'एक पराठे और पानी की बोतल का बिल 1184 रुपये! इतने में तो पूरे परिवार को पेट भर जाएगा।'
विवाद बढ़ने पर Resham Dhaba के मैनेजर मंगत मलिक ने स्थानीय मीडिया पर सफाई दी। उन्होंने दावा किया कि यह कोई सामान्य पराठा नहीं था। उनके मुताबिक, 'यह 21-इंच का एक स्पेशल पराठा था, जिसमें छह तरह की सब्जियों की स्टफिंग थी। इसे एक फुल मील के तौर पर परोसा गया था। इसमें रायता, सलाद, चार पापड़, खीर और गुलाब जामुन भी शामिल थे।'
मलिक का कहना है कि इस तरह के पराठे आम तौर पर 5 से 6 लोगों के बीच शेयर किए जाते हैं और इसे केवल पराठा कहना सही नहीं होगा।
ढाबा मैनेजमेंट ने आरोप लगाया कि ग्राहक ने खाने के बाद 20% की छूट मांगी थी। जब उन्होंने छूट देने से मना कर दिया, तो ग्राहक ने जानबूझकर मामले को सोशल मीडिया पर इस तरह पेश किया मानो बिल में कोई गड़बड़ी हो। ढाबे के मुताबिक, एक ही पराठा कई लोगों ने शेयर किया था और यह पूरे खाने जैसा था।
मुरथल: पराठों के शौकीनों की पहली मंजिल
हरियाणा के सोनीपत जिले में स्थित मुरथल स्वाद और पराठों का गढ़ माना जाता है। दिल्ली और चंडीगढ़ की ओर जाने वाली रोड ट्रिप्स का यह एक लोकप्रिय ठिकाना है। यहां लोग खासतौर पर भरवां और बड़े आकार के पराठों का लुत्फ उठाने रुकते हैं। मुरथल के हाईटेक ढाबों में रेशम ढाबा जैसे नाम खास पहचान रखते हैं, जो हर मौसम में खाने के शौकीनों की भीड़ से भरे रहते हैं।