24 May Weather Report, Heavy Rain Alert: देश में रविवार यानी 25 मई से नौतपा शुरू हो रहा है, जो 2 जून तक चलेगा। नौतपा के दौरान देश में भयंकर गर्मी पड़ती है। इस दौरान कई राज्यों में तापमान 45°C के पार जाने की संभावना है। वहीं नौतपा के दौरान मौसम विभाग के कई राज्यों में भ बारिश होने की संभावना भी जताई है। भारत में मानसून के आगमन के बाद ओडिशा में शनिवार को भारी बारिश हुई। आइए जानते हैं 25 मई को देशभर में कैसा रहेगा मौसम।
8 दिन पहले मानसून की हुई एंट्री
आईएमडी ने बताया कि इस साल मानसून ने केरल में अपनी सामान्य तिथि 1 जून से आठ दिन पहले, शनिवार को दस्तक दे दी है। यह पिछले 16 सालों में सबसे जल्दी पहुंचने वाला मानसून है। आईएमडी के मुताबिक, मानसून ने केरल के साथ-साथ कर्नाटक, पुडुचेरी, तमिलनाडु और मिजोरम के कुछ हिस्सों को भी कवर कर लिया है। यह काफी तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले 2-3 दिनों में महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु के बाकी हिस्सों, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ इलाकों में पहुंचने की उम्मीद है।
केरल में आमतौर पर मानसून 1 जून को आता है, लेकिन इस बार यह 8 दिन पहले ही पहुंच गया है। मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, मानसून के समय में हर साल थोड़ा बदलाव होता है। सबसे जल्दी मानसून 1918 में 11 मई को आया था, जबकि सबसे देर से 1972 में 18 जून को पहुंचा था। पिछले 25 वर्षों में, 2016 में मानसून सबसे ज्यादा देर से 9 जून को केरल पहुंचा था। हाल के वर्षों की बात करें तो पिछले साल 30 मई को, 2023 में 8 जून को मानसून केरल में पहुंचा था। इस बार मानसून के आने से पहले ही राज्य में इसके लिए सभी अनुकूल परिस्थितियाँ बन गई थीं। कम दबाव वाला क्षेत्र और मानसून की रफ्तार बढ़ने से केरल के कई इलाकों में भारी बारिश हुई, जिससे मानसून जल्दी पहुंच गया।
दक्षिण भारत में भारी बारिश की संभावना
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार को बताया कि केरल, कोंकण-गोवा और कर्नाटक के तटीय और दक्षिणी हिस्सों में कुछ जगहों पर बहुत तेज़ बारिश हो सकती है। 29 मई तक केरल और तटीय कर्नाटक में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है, साथ ही 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं भी चल सकती हैं। इसके अलावा, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी अगले पाँच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई गई है।
महाराष्ट्र में भी भारी बारिश का अलर्ट
दक्षिण कोंकण तट के पास, पूर्व-मध्य अरब सागर में एक दबाव क्षेत्र बना है, जो 24 मई की सुबह रत्नागिरी से करीब 40 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित था। यह प्रणाली पूर्व की ओर बढ़ रही है और इसके रत्नागिरी और दापोली के बीच तट से टकराने की उम्मीद है। इसको देखते हुए भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने महाराष्ट्र के तटीय जिलों में शुक्रवार दोपहर रेड अलर्ट जारी कर दिया है और भारी बारिश की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के अनुसार, मुंबई में गरज के साथ बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को दिल्ली-NCR के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज फिर से बिगड़ने वाला है। बारिश के साथ तेज आंधी, आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि का अनुमान जताया गया है। 25 मई को उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश में गरज-चमक और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
पूर्वी और मध्य भारत में बारिश का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया है कि अगले कुछ दिनों में झारखंड में गरज-चमक के साथ तेज़ हवाएं चल सकती हैं और अच्छी बारिश हो सकती है। तापमान भी सामान्य से थोड़ा कम यानी 31 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
25 से 26 मई के बीच पश्चिम बंगाल, सिक्किम, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा और बिहार में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज़ हवाएं (40-50 किमी प्रति घंटे) चलने की संभावना है। खासकर मध्य प्रदेश और बिहार में तेज़ आंधी (50-60 किमी प्रति घंटे) चल सकती है, जो कुछ जगहों पर 70 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है। इसके अलावा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह (24-26 मई), विदर्भ और छत्तीसगढ़, बिहार (25 मई), ओडिशा ( 27-29 मई) और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम (28-29 मई) में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।