कभी-कभी प्यार सिर्फ दो लोगों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि ये दो अलग-अलग देशों, संस्कृतियों और सोच की दुनिया को भी जोड़ देता है। ऐसी ही एक दिलचस्प कहानी पाकिस्तान के तुहा सुल्तान और केरल की माविन अल्फोंस की है, जिनकी मुलाकात UK में पढ़ाई के दौरान हुई थी। शुरुआत में यह सिर्फ एक साधारण दोस्ती थी, लेकिन समय के साथ यह रिश्ता गहराता चला गया और धीरे-धीरे एक खूबसूरत प्रेम कहानी में बदल गया। दोनों की परिवेश पूरी तरह अलग थी, धर्म, भाषा, खानपान और परंपराएं सब कुछ अलग होने के बावजूद उनके बीच समझ और भरोसा मजबूत होता गया।
यही वजह रही कि उनकी ये लव स्टोरी सिर्फ एक रिश्ते तक सीमित नहीं रही, बल्कि सीमाओं और सामाजिक सोच को चुनौती देने वाली एक मिसाल बन गई, जो आज भी लोगों के बीच चर्चा का विषय है।
ग्लोबल फेस्टिवल में हुई पहली टक्कर
2015 में UK की एक यूनिवर्सिटी के ‘ग्लोबल फेस्टिवल’ इवेंट में दोनों की पहली मुलाकात हुई। Tuaha डांस परफॉर्म कर रहे थे और वहीं उनकी मुलाकात माविन से हुई, जो “बॉलीवुड सोसायटी” से जुड़ी थीं। पहली बातचीत ही इतनी खास रही कि दोनों जल्दी अच्छे दोस्त बन गए।
समय के साथ यह दोस्ती और गहरी होती गई। साथ घूमना, इवेंट्स में हिस्सा लेना और लगातार बातचीत ने दोनों को करीब ला दिया। धीरे-धीरे यह रिश्ता प्यार में बदल गया और उन्होंने इसे एक नई दिशा देने का फैसला किया।
परिवार और समाज के सामने बड़ी चुनौती
उनके रिश्ते को असली परीक्षा तब मिली जब बात परिवारों तक पहुंची। अलग धर्म, अलग देश और अलग पहचान की वजह से कई लोगों ने विरोध किया। लेकिन कुछ परिवारों ने दिल से स्वीकार भी किया और दोनों को आगे बढ़ने की हिम्मत दी।
तीन रीति-रिवाज, एक शादी की कहानी
2018 में दोनों ने शादी कर ली और इसे खास बनाने के लिए तीन अलग-अलग तरीके अपनाए UK में चर्च वेडिंग, निकाह और पाकिस्तान में वालिमा। लेकिन इंटरफेथ शादी होने की वजह से उन्हें कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा, यहां तक कि कुछ लोगों ने सहयोग करने से भी मना कर दिया।
दो संस्कृतियों का खूबसूरत मेल
शादी के बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई। एक तरफ अलग भाषाएं, दूसरी तरफ अलग खानपान और परंपराएं। लेकिन दोनों ने इन अंतर को दूरी नहीं बनने दिया, बल्कि इसे अपनी ताकत बना लिया। अब उनके घर में ईद, क्रिसमस और ओणम सब एक साथ मनाए जाते हैं।
सोशल मीडिया पर प्यार भी, ट्रोलिंग भी
ये कपल “WhereWeBelongTM” नाम से इंस्टाग्राम पर अपनी जिंदगी शेयर करता है। जहां एक तरफ उन्हें दुनिया भर से प्यार और सपोर्ट मिलता है, वहीं दूसरी तरफ ट्रोलिंग और नफरत का भी सामना करना पड़ता है। फिर भी वे अपनी कहानी लोगों तक पहुंचाते रहते हैं।
भारत आने का सपना अभी अधूरा
माविन दो बार पाकिस्तान जा चुकी हैं और वहां उन्हें खूब प्यार मिला। लेकिन तुहा अभी तक भारत नहीं आ पाए हैं क्योंकि उनका वीजा अभी रुका हुआ है। वह 2026 में भारत यात्रा की उम्मीद कर रहे हैं, लेकिन इंतजार अब भी जारी है।