पाकिस्तानी हिंदू कपल का भारत में बसने का टूटा सपना! थार रेगिस्तान में प्यास से हुई मौत, भावुक कर देगी कहानी

Pakistani Hindu Couple Died: बताया जा रहा है कि पाकिस्तान से अवैध रूप से सीमा पार करने के बाद पाकिस्तानी कपल रेगिस्तान में भटक गया। अफसोस की बात यह रही कि इस दौरान तेज गर्मी और प्यास के कारण रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। कपल ने भारतीय वीजा के लिए अप्लाई किया था लेकिन मिल नहीं पाया

अपडेटेड Jul 01, 2025 पर 3:09 PM
Pakistani Hindu Couple Died: तेज गर्मी और शरीर में पानी की कमी के कारण पाकिस्तानी कपल की मौत हो गई

Pakistani Hindu Couple Died in India: भारत में नई जिंदगी शुरू करने के लिए उत्सुक पाकिस्तान के एक नाबालिग कपल को भारतीय वीजा हासिल करने में परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसके बाद वे पैदल ही थार रेगिस्तान से होकर जाने वाली सीमा पार करने के लिए निकल पड़े। लेकिन अफसोस की बात यह रही कि तेज गर्मी और प्यास के कारण रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान से अवैध रूप से सीमा पार करने के बाद पाकिस्तानी कपल रेगिस्तान में भटक गया। इस कारण प्यास और डिहाइड्रेशन के चलते उनकी मौत हो गई।

कठोर परिस्थितियों का सामना करते हुए नाबालिग कपल 17 वर्षीय लड़का और 15 वर्षीय लड़की जैसलमेर में एंट्री करने में तो सफल हो गए। लेकिन भीषण गर्मी उनके लिए जानलेवा साबित हुई। एक स्थानीय कार्यकर्ता के अनुसार तेज गर्मी और शरीर में पानी की कमी के कारण उनकी मौत हो गई। 28 जून को तनोट क्षेत्र में उनके क्षतविक्षत शव पाए गए।

जैसलमेर के पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि लड़के का शव एक पेड़ के नीचे मिला। उसने आसमानी नीले रंग का सलवार कुर्ता पहना हुआ था। शव के पास एक पीला स्कार्फ और एक मोबाइल फोन भी मिला है। साथ ही उसके चेहरे के पास एक खाली कैन भी मिली है, जिसमें संभवतः पहले पानी भरा रहा होगा।


उन्होंने बताया कि करीब 50 फुट दूर पुलिस को लड़की का शव मिला, जो पीले रंग का घाघरा-कुर्ता और लाल-सफेद चूड़ियां पहने हुए थी। दोनों शव मुंह के बल पड़े थे। इस हद तक क्षत विक्षत हो चुके थे कि उनकी पहचान संभव नहीं थी। शवों के पास से पाकिस्तानी पहचान पत्र बरामद किए गए।

पानी की वजह से हुई मौत!

चौधरी के अनुसार, भारतीय सीमा के अंदर मिले शव काफी सड़ चुके थे। वे काले पड़ गए थे और पहचान में नहीं आ रहे थे। 17 वर्षीय रवि कुमार नामक लड़के को आसमानी नीले रंग का सलवार कुर्ता पहने एक पेड़ के नीचे पाया गया। उसके पास पीले रंग का दुपट्टा और मोबाइल फोन था। उससे लगभग 50 फीट दूर 15 वर्षीय शांति बाई का शव पड़ा था, जो पीले रंग का घाघरा-कुर्ता और लाल-सफेद रंग की चूड़ियां पहने हुए थी। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, लड़के के चेहरे के पास एक खाली जेरी कैन मिला, जिसमें संभवतः पानी भरा हुआ था। इससे पता चलता है कि कपल प्यास से मर गए।

भारत का नहीं मिला वीजा

भारत में पाकिस्तानी अल्पसंख्यक प्रवासियों के अधिकारों की पैरोकारी करने वाले संगठन 'सीमांत लोक संगठन' के जिला समन्वयक दिलीप सिंह सोढ़ा के अनुसार, लड़का पाकिस्तान के सिंध प्रांत का रहने वाला था। उसने करीब डेढ़ साल पहले भारत के लिए तीर्थयात्रा वीजा के लिए आवेदन किया था।

सोढ़ा ने कहा कि जब लड़के को भारतीय वीजा मिलने की सारी उम्मीदें खत्म हो गईं तो उसने अपनी पत्नी के साथ सीमा पार जाने का फैसला किया। सोढ़ा ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से कहा, "वह भारत में रहना चाहता था। वह किसी तरह भारतीय क्षेत्र में एंट्री कर गया, लेकिन दुर्भाग्य से उसकी मौत हो गई।"

उन्होंने सोशल मीडिया पर पहचान पत्रों का डिटेल्स शेयर किया। फिर जैसलमेर में लड़के के रिश्तेदारों से संपर्क किया, जिन्होंने उसकी पहचान की पुष्टि की। दोनों की कठिन यात्रा का डिटेल्स शेयर करते हुए सोढ़ा ने कहा कि उनके रिश्तेदारों के अनुसार, लड़के की बाइक सीमा से लगभग 20 किमी दूर मिली। उनके शव भारत के अंदर सीमा से लगभग 12-13 किमी दूर पाए गए थे।

ये भी पढ़ें- Bihar Election 2025: 'टिकट मिला तो ठीक, नहीं तो निर्दलीय लड़ूंगी'; पावर स्टार पवन सिंह की पत्नी ज्योति बिहार चुनाव में इस सीट से ठोकेंगी ताल

जैसलमेर के क्षेत्राधिकारी रूप सिंह इंदा ने बताया कि पुलिस ने जैसलमेर स्थित स्थानीय विदेशी रजिस्ट्रेशन कार्यालय (FRO) से लड़के के वीजा आवेदन के बारे में जानकारी मांगी है। इंदा ने कहा, "हमें अभी तक इस बारे में विस्तृत जानकारी नहीं मिली है।" फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।