Bihar Election 2025: 'टिकट मिला तो ठीक, नहीं तो निर्दलीय लड़ूंगी'; पावर स्टार पवन सिंह की पत्नी ज्योति बिहार चुनाव में इस सीट से ठोकेंगी ताल

Bihar Vidhan Sabha Chunav 2025: भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। ज्योति का कहना है कि यदि उन्हें किसी बड़ी राजनीतिक पार्टी से टिकट नहीं मिलता है तो वो निर्दलीय ही चुनावी मैदान में उतरेंगी। इस साल आखिर में बिहार चुनाव होना है

अपडेटेड Jul 01, 2025 पर 2:24 PM
Bihar Vidhan Sabha Chunav 2025: बिहार में इस साल के आखिरी में विधानसभा चुनाव होने हैं

Bihar Vidhan Sabha Chunav 2025: बिहार में इस साल अक्टूबर-नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियों ने कमर कस ली है। अब सभी को आधिकारिक तौर पर चुनाव की तारीखों के ऐलान का इंतजार है। इस बीच, भोजपुरी के 'पावर स्टार' सिंगर और अभिनेता पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह के भी बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने की खबर है। खबरों की मानें तो भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह की पत्नी ज्योति चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर चुकी हैं। ज्योति का कहना है कि यदि उन्हें किसी बड़ी राजनीतिक पार्टी से टिकट नहीं मिलता है तो वो निर्दलीय ही चुनावी मैदान में उतरेंगी।

ज्योति सिंह लगातार काराकाट क्षेत्र में देखी जा रही हैं। खबरों की मानें तो उन्होंने आधिकारिक तौर पर ऐलान कर दिया है कि वह काराकाट क्षेत्र से ही चुनाव लड़ेंगी। रिपोर्ट के मुताबिक, डेहरी में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए ज्योति ने कहा कि इस बार वह काराकाट की किसी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी।

'प्रभात खबर' की रिपोर्ट के मुताबिक ज्योति सिंह ने कहा, "अगर उन्हें किसी बड़े पार्टी से विधानसभा चुनाव का टिकट नहीं मिली, तो वह निर्दलीय उम्मीदवार ही चुनाव लड़ेगी। उनका चुनाव लड़ना हर हाल में तय है। वह जनता के आशीर्वाद से बिहार विधानसभा चुनाव में अपनी किस्मत जरूर आजमाएगी।"


ज्योति ने राजनीति में आने का फैसला जल्दबाजी में नहीं लिया है। वह महीनों पहले से क्षेत्र के लोगों से मिल रही हैं। हालांकि, उन्होंने अभी तक किसी पार्टी से टिकट के लिए संपर्क नहीं किया है। ज्योति ने कहा कि अभी उनकी किसी भी राजनीतिक पार्टी से कोई बातचीत नहीं हुई है। इसीलिए अगर कोई पार्टी मुझे टिकट नहीं देती है तो वह जनता के समर्थन से निर्दलीय चुनाव लड़ेंगी।

ज्योति का मेगा वेलकम

ज्योति सिंह का महिलाओं में खासा क्रेज है। महिलाएं उनका स्वागत करने के बाद उनकी मांग में सिंदूर भरने के साथ-साथ उनके आंचल में खोइछा तक डालती हैं। उन्होंने कहा कि इलाके के लोगों का ये प्यार है, जो उन्हें खींचकर उनके करीब लाता है। सिंह ने कहा कि यही कारण है कि वह विधानसभा चुनाव में किस्मत आजमाना चाहती हैं।

साल 2024 के लोकसभा चुनाव में पवन सिंह काराकाट से निर्दलीय चुनावी मैदान में उतरे थे। हालांकि उन्हें CPI(ML)L के प्रत्याशी राजा राम सिंह कुशवाहा से हार का सामना करना पड़ा था। पवन सिंह को कुल 2,74,723 वोट मिले थे। वह दूसरे नंबर पर थे। जबकि राष्ट्रीय लोक मोर्चा के उपेंद्र कुशवाहा तीसरे स्थान पर थे।

ये भी पढ़ें- Delhi New Rules: दिल्ली में अब पुरानी कारों को नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल! आज से लागू हुए नए नियम, जानें डिटेल्स

ज्योति सिंह लगातार काराकाट, नबीनगर और डेहरी विधानसभा क्षेत्र में दौरा कर रही हैं। ऐसी खबरें हैं कि पवन सिंह ने भी बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने का प्लान बना रहे हैं। वह जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा कर देंगे। पति-पत्नी के विधानसभा चुनाव लड़ने की खबरों ने राजनीतिक तापमान को गर्म कर दिया है। काराकाट की जनता को अब आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।