अच्छी नौकरी और ज्यादा सैलरी छोड़ना हर किसी के लिए आसान फैसला नहीं होता, खासकर तब जब जिंदगी मुंबई जैसे बड़े शहर में अच्छी तरह से चल रही हो। सोशल मीडिया पर एक शख्स की कहानी वायरल हो रही है, जिसने ₹1.5 लाख महीने की नौकरी छोड़कर अपने घर वापस जाने का फैसला किया। उसने मुंबई का करीब ₹3 करोड़ का फ्लैट बेच दिया। उसके इस फैसले को कई लोगों ने गलत बताया और कहा कि वह बड़ी गलती कर रहा है। लेकिन उसने दोबारा महंगा घर खरीदने के बजाय अपनी सोच के अनुसार नया रास्ता चुना।
उसने जमीन खरीदी, अपना घर बनाया और कारोबार में पैसा लगाया। नौकरी छोड़ने के बाद उसने बिजनेस और निवेश के जरिए कमाई का नया तरीका तैयार किया। उसकी कहानी अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
फ्लैट बेचकर जमीन खरीदी, बनाया अपना ठिकाना
शख्स ने फ्लैट बेचने से मिली रकम का इस्तेमाल अलग तरीके से किया। उसने करीब ₹20 लाख में जमीन खरीदी और लगभग ₹50 लाख खर्च कर अपना घर बनाया। इसके बाद बची रकम को उसने बिजनेस और निवेश में लगाया।
नौकरी छोड़ शुरू किया रेस्टोरेंट बिजनेस
मुंबई की कॉर्पोरेट नौकरी छोड़ने के बाद उसने करीब ₹50 लाख लगाकर दो रेस्टोरेंट शुरू किए। ये दोनों रेस्टोरेंट अब ऑनलाइन फूड प्लेटफॉर्म पर लिस्टेड हैं और कर्मचारियों द्वारा संचालित किए जाते हैं। पोस्ट के मुताबिक, इन रेस्टोरेंट से इतनी कमाई होती है कि वह हर महीने करीब ₹3 लाख तक बचा पाता है।
सिर्फ बिजनेस नहीं, निवेश से भी बनाई कमाई
शख्स ने करीब ₹1.5 करोड़ फिक्स्ड डिपॉजिट में भी निवेश किए, जिससे उसे लगभग ₹1 लाख प्रति महीने ब्याज मिलने का दावा किया गया है। इस तरह उसकी कुल मासिक आय करीब ₹4 लाख बताई जा रही है।
क्या हर किसी के लिए सही है यह रास्ता?
यह कहानी वायरल होने के बाद लोगों की अलग-अलग राय सामने आई। कुछ यूजर्स ने इसे आजादी और वित्तीय समझदारी का उदाहरण बताया, जबकि कई लोगों ने कहा कि ऐसा फैसला हर व्यक्ति के लिए आसान नहीं होता। कुछ लोगों का कहना था कि इस तरह का कदम उठाने के लिए शुरुआती पूंजी, बचत और जोखिम उठाने की क्षमता जरूरी होती है। वहीं कुछ यूजर्स ने रेस्टोरेंट बिजनेस की चुनौतियों जैसे लाइसेंस, कर्मचारियों और संचालन से जुड़े जोखिमों का भी जिक्र किया।
नौकरी से आगे भी हो सकती है वित्तीय आजादी
इस वायरल कहानी ने एक बार फिर यह चर्चा शुरू कर दी है कि अच्छी कमाई सिर्फ नौकरी से नहीं, बल्कि सही निवेश, बिजनेस सोच और लंबे समय की योजना से भी हासिल की जा सकती है। हालांकि, ऐसा फैसला लेने से पहले अपनी आर्थिक स्थिति और जोखिम को समझना बेहद जरूरी है।
डिस्क्लेमर: यह खबर एक X पोस्ट के आधार पर तैयार की गई है। Moneycontrol ने इसमें किए गए दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है।