दुनियाभर में जहां रिश्ते बनाने के लिए लोग मेहनत करते हैं, वहीं जापान ने इस मामले में एक अलग और दिलचस्प तरीका अपनाया है। यहां “रेंटल गर्लफ्रेंड” का चलन तेजी से बढ़ रहा है, जिसे “रेन्टारु कानोजो” कहा जाता है। इस कॉन्सेप्ट के तहत लोग कुछ घंटों या दिनों के लिए एक लड़की को साथी के रूप में किराए पर ले सकते हैं, जो उनके साथ घूमती-फिरती है और समय बिताती है। खास बात ये है कि ये रिश्ता सिर्फ दोस्ती और साथ तक सीमित होता है।
व्यस्त लाइफस्टाइल, अकेलापन और डेटिंग में झिझक जैसे कारणों ने इस ट्रेंड को और बढ़ावा दिया है। आज ये सिर्फ एक सुविधा नहीं, बल्कि जापान में एक संगठित सर्विस इंडस्ट्री का रूप ले चुका है।
क्यों शुरू हुआ ये अनोखा चलन?
जापान में काम का दबाव और भागदौड़ भरी जिंदगी इतनी ज्यादा है कि लोगों के पास रिश्तों के लिए समय कम बचता है। कई लोग शर्मीले होते हैं या डेटिंग में सहज महसूस नहीं करते। ऐसे में ये सेवा उनके लिए एक आसान विकल्प बनकर उभरी है, जहां वे बिना किसी दबाव के किसी के साथ समय बिता सकते हैं।
बड़े शहरों में ज्यादा लोकप्रिय
टोक्यो, ओसाका, नागोया और फुकुओका जैसे बड़े शहरों में ये ट्रेंड खासा मशहूर है। Rent-Kano जैसी एजेंसियां इस सेवा को प्रोफेशनल तरीके से चलाती हैं और लाखों लोग इसका इस्तेमाल करते हैं।
कैसे बुक होती है ‘किराए की गर्लफ्रेंड’?
इस सेवा का लाभ उठाने के लिए ग्राहक एजेंसी की वेबसाइट पर जाकर प्रोफाइल देख सकता है। वहां लड़कियों की उम्र, पसंद-नापसंद और शौक जैसी जानकारी दी जाती है। इसके बाद अपनी पसंद के अनुसार समय और जगह तय कर बुकिंग की जाती है।
डेट पर कहां-कहां जा सकते हैं?
किराए पर ली गई गर्लफ्रेंड के साथ आप कैफे, पार्क, मॉल, कॉन्सर्ट या पर्यटन स्थलों पर घूम सकते हैं। कुछ खास जगहों पर जाने के लिए एजेंसी की अनुमति जरूरी होती है।
आमतौर पर एक घंटे का किराया 5,000 से 12,000 येन (करीब ₹2,800 से ₹6,700) तक होता है। अगर कोई खास डिमांड हो, तो इसके लिए अतिरिक्त शुल्क भी देना पड़ सकता है।
इस सेवा में कुछ सख्त नियम लागू होते हैं। ये रिश्ता केवल दोस्ती और साथ समय बिताने तक सीमित होता है। किसी भी तरह का शारीरिक या निजी सीमा पार करने की अनुमति नहीं होती। नियम तोड़ने पर बुकिंग रद्द हो सकती है।
“रेंटल गर्लफ्रेंड” का ये कॉन्सेप्ट दिखाता है कि बदलती लाइफस्टाइल के साथ रिश्तों की परिभाषा भी बदल रही है। ये उन लोगों के लिए एक विकल्प बन चुका है, जो बिना किसी भावनात्मक दबाव के किसी का साथ महसूस करना चाहते हैं।